UPSC Prelims Result 2026 Out: यूपीएससी परीक्षा का परिणाम जारी, 13,343 उम्मीदवार मेन्स परीक्षा के लिए चयनित

UPSC CSE Prelims Result 2026: देश की सबसे प्रतिष्ठित और चुनौतीपूर्ण परीक्षाओं में गिनी जाने वाली UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2026 का पहला बड़ा चरण पूरा हो गया है। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (Prelims) का परिणाम जारी कर दिया है। लाखों अभ्यर्थियों का इंतजार अब खत्म हो चुका है और सफल उम्मीदवार अगले चरण यानी मुख्य परीक्षा (Mains) की तैयारी में जुट गए हैं।

इस साल करीब 5 लाख उम्मीदवारों ने परीक्षा में भाग लिया था, जबकि कुल 1,016 पदों पर भर्ती की जानी है। ऐसे में प्रतिस्पर्धा का स्तर कितना कठिन रहा, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक सीट के लिए सैकड़ों उम्मीदवार मैदान में थे। अब चयनित अभ्यर्थियों के सामने मुख्य परीक्षा की नई चुनौती खड़ी है, जो अगस्त से शुरू होगी।

UPSC

UPSC CSE 2026: 13,343 उम्मीदवारों को मिला मेन्स परीक्षा में जगह

UPSC द्वारा जारी परिणाम के मुताबिक इस बार 13,343 उम्मीदवारों ने प्रारंभिक परीक्षा पास कर मुख्य परीक्षा के लिए क्वालिफाई किया है। आयोग ने इस वर्ष 1,016 रिक्तियों के लिए अधिसूचना जारी की थी। इस हिसाब से अब एक पद के लिए लगभग 13 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा। पिछले वर्ष 1,087 पदों के मुकाबले 14,161 उम्मीदवार मुख्य परीक्षा के लिए चुने गए थे। इस बार रिक्तियां भी कम हैं और चयनित अभ्यर्थियों की संख्या भी थोड़ी घटी है।

ये भी पढ़ें: SSC GD कांस्टेबल परीक्षा की प्रोविजनल आंसर-की यहां करें चेक, क्या है आपत्ति दर्ज करने का तरीका?

आयोग ने साफ किया है कि प्रीलिम्स में सफल घोषित किए गए सभी उम्मीदवारों की उम्मीदवारी फिलहाल अस्थायी है। अंतिम रूप से वही अभ्यर्थी आगे बढ़ पाएंगे जो UPSC की सभी पात्रता शर्तों को पूरा करेंगे और जरूरी दस्तावेजों की जांच में सही पाए जाएंगे।

24 मई को हुई थी UPSC सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा, अब घोषित हुआ रिजल्ट

सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 का आयोजन 24 मई को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर किया गया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद उम्मीदवार परिणाम का इंतजार कर रहे थे। करीब तीन सप्ताह बाद 15 जून 2026 को आयोग ने रिजल्ट जारी कर दिया। इसके साथ ही अब मुख्य परीक्षा की प्रक्रिया भी शुरू होने जा रही है।

मेन्स परीक्षा में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को पूरी करनी होगी ऑनलाइन प्रक्रिया

प्रीलिम्स पास करने के बाद उम्मीदवारों को सीधे मुख्य परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं मिलेगी। इसके लिए कुछ जरूरी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। UPSC के अनुसार 19 जून से 28 जून 2026 के बीच अभ्यर्थियों को आयोग के पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसी दौरान मुख्य परीक्षा का फॉर्म भरना होगा और आवेदन को अंतिम रूप देना होगा।

आवेदन के दौरान क्या-क्या करना होगा?

मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन करते समय उम्मीदवारों को कई जरूरी जानकारियां भरनी होंगी।

  • मुख्य परीक्षा का आवेदन पत्र जमा करना
  • 200 रुपये परीक्षा शुल्क का भुगतान करना
  • व्यक्तिगत जानकारी की पुष्टि या संशोधन करना
  • जरूरत होने पर स्क्राइब या सहायक सुविधाओं से जुड़ी जानकारी देना
  • बड़े अक्षरों वाले प्रश्नपत्र की आवश्यकता बताना
  • कैडर प्रेफरेंस भरना
  • आवेदन का अंतिम सबमिशन करना

हालांकि अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), दिव्यांग (PwBD) और महिला उम्मीदवारों को परीक्षा शुल्क से छूट दी गई है। आयोग ने चेतावनी दी है कि तय समय सीमा के भीतर यह प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले उम्मीदवारों को मेन्स परीक्षा का ई-एडमिट कार्ड जारी नहीं किया जाएगा।

UPSC CSE 2026 का पूरा कार्यक्रम

आयोग द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार परीक्षा की प्रमुख तिथियां इस प्रकार हैं:

  • प्रीलिम्स परीक्षा: 24 मई 2026
  • प्रीलिम्स परिणाम: 15 जून 2026
  • मेन्स आवेदन प्रक्रिया शुरू: 19 जून 2026
  • मेन्स आवेदन की अंतिम तिथि: 28 जून 2026
  • सिविल सेवा मुख्य परीक्षा शुरू: 21 अगस्त 2026

मुख्य परीक्षा शुरू होने तक उम्मीदवारों के पास लगभग दो महीने का समय रहेगा।

मेन्स परीक्षा क्यों मानी जाती है सबसे अहम?

मुख्य परीक्षा चयन प्रक्रिया का दूसरा चरण होने के साथ-साथ सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव भी है। यह प्रीलिम्स की तरह वस्तुनिष्ठ (Objective) नहीं होती, बल्कि इसमें विस्तार से उत्तर लिखने होते हैं। मुख्य परीक्षा में कुल 9 प्रश्नपत्र शामिल रहते हैं। इनमें निबंध, सामान्य अध्ययन, वैकल्पिक विषय और भाषा से जुड़े पेपर शामिल होते हैं। इस चरण में उम्मीदवार की सोच, विश्लेषण क्षमता, उत्तर लिखने का तरीका और प्रशासनिक समझ का आकलन किया जाता है।

मेन्स के बाद होगा इंटरव्यू

मुख्य परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवारों को पर्सनैलिटी टेस्ट यानी इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। इस चरण में उम्मीदवार के व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता, प्रशासनिक समझ और समसामयिक विषयों पर दृष्टिकोण को परखा जाता है।

मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू में प्राप्त अंकों के आधार पर अंतिम मेरिट सूची तैयार की जाती है। इसी सूची के अनुसार उम्मीदवारों को IAS, IPS, IFS, IRS और अन्य केंद्रीय सेवाएं आवंटित की जाती हैं।

कटऑफ और आंसर-की का इंतजार

रिजल्ट जारी होने के बाद अब अभ्यर्थियों की नजर कटऑफ और आंसर-की पर है। हालांकि UPSC की पुरानी प्रक्रिया के अनुसार यह जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की जाएगी। आयोग ने बताया है कि सिविल सेवा परीक्षा 2026 और भारतीय वन सेवा (IFS) परीक्षा 2026 की पूरी चयन प्रक्रिया खत्म होने के बाद ही कटऑफ, उम्मीदवारों के अंक और आधिकारिक आंसर-की जारी की जाएगी।

प्रीलिम्स पास करने वाले 13,343 उम्मीदवारों के लिए अब तैयारी का तरीका पूरी तरह बदल जाएगा। आने वाले हफ्तों में उनका ध्यान उत्तर लेखन, निबंध अभ्यास, सामान्य अध्ययन और वैकल्पिक विषय की गहराई से तैयारी पर रहेगा।

हर साल लाखों युवा प्रशासनिक सेवाओं में जाने का सपना लेकर UPSC परीक्षा में शामिल होते हैं। लेकिन अंतिम सूची में जगह बनाने वाले उम्मीदवारों की संख्या सीमित होती है। ऐसे में प्रीलिम्स पास करने के बाद अब चयनित अभ्यर्थियों के सामने सबसे कठिन और निर्णायक चरण शुरू होने जा रहा है।

ये भी पढ़ें: कौन हैं IAS संजीव हंस? रिशु श्री मामले में SVU को भेजी 4 पन्नों की सफाई, किस विवाद में गए थे जेल?

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+