UPPSC RO-ARO Exam: नकल किया या कराई तो हो सकती है उम्रकैद! 2382 केन्द्रों पर एक ही दिन में होगी परीक्षा
UPPSC RO-ARO Prelims: करीब डेढ़ साल की लंबे इंतजार के बाद आखिरकार उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की समीक्षा अधिकारी (RO) और सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO) की प्रारंभिक परीक्षा की नई तारीख घोषित कर दी है। यह वही परीक्षा है जो फरवरी 2024 में पेपर लीक के चलते रद्द कर दी गई थी। अब 27 जुलाई 2025 को एक ही दिन, एक ही सत्र में पूरे राज्य के 75 जिलों में यह परीक्षा आयोजित की जाएगी।
खास बात यह है कि इस बार परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए बेहद सख्त नियम बनाए गए हैं। नकल या पेपर लीक जैसी गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर एक करोड़ रुपये तक का जुर्माना और आजीवन कारावास तक की सजा का प्रावधान किया गया है। इस परीक्षा में 10 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी भाग लेंगे और उनके लिए यह परीक्षा सिर्फ एक सरकारी नौकरी पाने का मौका नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी बन गई है।

पूरे UP में एक दिन में परीक्षा
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की RO और ARO की प्रारंभिक परीक्षा 2023 अब 27 जुलाई 2025, रविवार को सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक एक ही सत्र में कराई जाएगी। परीक्षा के लिए प्रदेश के सभी 75 जिलों में सेंटर बनाए गए हैं।
ये भी पढ़ें: UP TGT Exam 2025: upsessb.pariksha.nic.in पर जल्द जारी होगा एडमिट कार्ड, चेक करें परीक्षा की तारीख और पैटर्न
एडमिट कार्ड वेबसाइट से डाउनलोड करें
परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड आयोग की आधिकारिक वेबसाइट uppsc.up.nic.in से डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए OTR नंबर की जरूरत होगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे एडमिट कार्ड पर छपी सभी जानकारियां ध्यान से जांच लें। परीक्षा के दिन दो पासपोर्ट साइज फोटो, एक आईडी प्रूफ की मूल और उसकी फोटोकॉपी साथ लाना अनिवार्य है।
सख्त नियम, नकल पर होगी कड़ी सजा
इस बार UPPSC ने परीक्षा में अनुचित साधनों के इस्तेमाल पर बेहद सख्त नियम बनाए हैं। परीक्षा केंद्र में अभ्यर्थियों को एग्जाम शुरू होने से 1 घंटे 30 मिनट पहले यानी सुबह 8 बजे से एंट्री दी जाएगी। जबकि परीक्षा शुरू होने के 45 मिनट पहले यानी 8:45 बजे गेट बंद कर दिया जाएगा।
अगर कोई नकल करते पकड़ा गया या नकल कराने की कोशिश करता है, तो उस पर एक करोड़ रुपये तक का जुर्माना और आजीवन कारावास तक की सजा हो सकती है। पेपर लीक, प्रश्नपत्र की फोटो कॉपी करने या सोशल मीडिया पर वायरल करने को भी बड़ा अपराध माना जाएगा।
फरवरी में हुआ था पेपर लीक, अब दोबारा परीक्षा
यह वही परीक्षा है, जो पहले 11 फरवरी 2024 को होनी थी। लेकिन पेपर लीक होने के कारण परीक्षा रद्द कर दी गई थी। इसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने "सार्वजनिक परीक्षा अनुचित साधनों का निवारण अध्यादेश 2024" लागू किया। अब परीक्षा से जुड़ी गड़बड़ियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
नॉर्मलाइजेशन का विरोध, एक ही दिन में परीक्षा
सरकार ने पहले भारी संख्या में अभ्यर्थियों को देखते हुए परीक्षा को एक से ज्यादा दिन में कराने की योजना बनाई थी। लेकिन नॉर्मलाइजेशन को लेकर छात्रों के विरोध के बाद PCS 2024 और RO/ARO 2023 की परीक्षा एक ही दिन में कराने का फैसला हुआ। अब करीब 1.5 साल बाद यह परीक्षा फिर से कराई जा रही है।
10 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी होंगे शामिल
इस साल आरओ/एआरओ परीक्षा में कुल 10 लाख 76 हजार 004 उम्मीदवार शामिल होंगे। यह परीक्षा उन लाखों छात्रों के लिए अहम है, जो लंबे समय से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं।
जरूरी डिटेल्स
- परीक्षा तारीख: 27 जुलाई 2025 (रविवार)
- समय: सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक
- प्रवेश: सुबह 8 बजे से 8:45 बजे तक
- एडमिट कार्ड: uppsc.up.nic.in से डाउनलोड करें
- जरूरी दस्तावेज: 2 फोटो + आईडी प्रूफ की कॉपी और मूल प्रति
- नकल पर सजा: 1 करोड़ तक जुर्माना + आजीवन कारावास
ये भी पढ़ें: स्टूडेंट्स के लिए स्पेशल स्कीम, 5 KM से दूर हुआ स्कूल तो मिलेगा ट्रेवल अलाउंस, क्या है रजिस्ट्रेशन प्रोसस?












Click it and Unblock the Notifications