UP बोर्ड रिजल्ट से पहले छात्रों को गलती सुधारने का मौका! परिणाम से पहले चेक कर लें ये जरूरी नोटिस
UP Board Result: उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा 2025 देने वाले लाखों छात्रों के लिए एक अहम खबर है। जैसे-जैसे नतीजों का इंतज़ार बढ़ता जा रहा है, ठीक उसी बीच उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने छात्रों को उनके दस्तावेज़ों में सुधार का एक आखिरी मौका दिया है।
कई बार बोर्ड परीक्षा के फॉर्म भरते समय या स्कूल स्तर पर जानकारी दर्ज करते हुए नाम, जन्मतिथि, माता-पिता का नाम या अन्य जरूरी विवरणों में छोटी-मोटी गलतियां हो जाती हैं। बाद में ये छोटी गलतियां बड़ी परेशानी का कारण बनती हैं - खासकर जब प्रमाणपत्रों की ज़रूरत कॉलेज एडमिशन या सरकारी नौकरियों में पड़ती है। अब बोर्ड ने ऐसे छात्रों को राहत देते हुए उनके विवरण में सुधार के लिए अंतिम मौका देने का फैसला लिया है।

इन जानकारियों में कर सकते हैं सुधार
बोर्ड ने साफ कहा है कि अगर किसी छात्र के नाम, माता या पिता के नाम, जन्मतिथि, जेंडर, फोटो, जाति या विषय से जुड़ी जानकारी में कोई गलती है, तो इसे अब ठीक कराया जा सकता है। यह काम 7 अप्रैल से 9 अप्रैल 2025 तक किया जा सकता है।
स्कूल के जरिए करनी होगी सुधार प्रक्रिया
छात्र सीधे सुधार नहीं कर सकते। इसके लिए स्कूल के प्रधानाचार्य को बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगइन करके सारी प्रक्रिया पूरी करनी होगी। यह काम तय मैनुअल और प्रारूप के अनुसार ही किया जाएगा।
दस्तावेज़ों का सत्यापन जरूरी
स्कूल के प्राचार्य को छात्रों के सुधार से जुड़ी जानकारी और दस्तावेज जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) से सत्यापित कराना होगा। इसके बाद सभी जरूरी प्रमाणपत्र वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे। बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने स्पष्ट किया है कि बिना प्रमाण वाले सुधार को मंजूरी नहीं दी जाएगी।
परीक्षा में 54 लाख से अधिक छात्र हुए थे शामिल
आपको बता दें कि यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं इस साल 24 फरवरी से 12 मार्च के बीच आयोजित की गई थीं। इन परीक्षाओं में पूरे प्रदेश से 54 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। अब सभी को नतीजों का बेसब्री से इंतजार है।












Click it and Unblock the Notifications