SSC का सख्त आदेश, सोशल मीडिया पर डाला क्वेश्चन पेपर तो जाना पड़ेगा जेल, लगेगा 1 करोड़ का जुर्माना!
SSC: प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने अब बड़ा कदम उठाया है। अक्सर देखा गया है कि जैसे ही कोई परीक्षा आयोजित होती है, उसके सवाल और विश्लेषण सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल होने लगते हैं। कोचिंग संस्थान और यूट्यूब चैनल इन पेपर्स पर चर्चा कर लाखों स्टूडेंट्स तक पहुंचाते हैं।
इससे न केवल परीक्षा की गोपनीयता भंग होती है, बल्कि ईमानदारी से पढ़ाई करने वाले अभ्यर्थियों का भी नुकसान होता है। इसी समस्या को रोकने के लिए आयोग ने अब सख्त आदेश जारी करते हुए साफ कर दिया है कि पेपर डिस्कशन और एनालिसिस करना अपराध माना जाएगा और दोषियों को जेल और भारी जुर्माने का सामना करना पड़ेगा।

नोटिस में क्या कहा गया?
SSC ने नोटिस जारी कर बताया कि कई लोग और कोचिंग संस्थान चल रही परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों पर चर्चा और एनालिसिस कर रहे हैं। यह गतिविधियां अब पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। पब्लिक एग्जामिनेशन (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 (PEA Act 2024) के तहत इस तरह की हरकतें अपराध मानी जाएंगी।
ये भी पढ़ें: Rajasthan: SI भर्ती रद्द करने के आदेश पर डिवीजन बेंच ने लगाई रोक, क्या मिलेगी ज्वाइनिंग?
कितनी होगी सजा?
- दोषी पाए जाने पर 3 से 5 साल तक की जेल और 10 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
- किसी संस्था पर कार्रवाई होने पर उसे 1 करोड़ रुपये तक का जुर्माना और ब्लैकलिस्ट करने की सजा मिल सकती है।
- अगर मामला संगठित अपराध से जुड़ा हो तो सजा और भी कड़ी होगी - 5 से 10 साल तक की जेल और कम से कम 1 करोड़ रुपये का जुर्माना।
क्यों जरूरी है यह फैसला?
हाल के दिनों में SSC परीक्षाओं के प्रश्नपत्र और एनालिसिस बड़ी संख्या में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर शेयर हो रहे थे। इससे परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे थे। कई उम्मीदवारों ने शिकायत भी की थी कि इससे मेहनत करने वाले छात्रों को नुकसान होता है। आयोग ने इसी कारण अब सख्ती बरतते हुए पेपर डिस्कशन पर पूरी तरह रोक लगा दी है।
उम्मीदवारों को क्या सावधानी रखनी चाहिए?
- परीक्षा खत्म होने के बाद भी पेपर या उसके सवाल ऑनलाइन शेयर न करें।
- किसी भी कोचिंग क्लास या यूट्यूब चैनल पर पेपर एनालिसिस से दूर रहें।
ये भी पढ़ें: RPSC SI Recruitment 2025: 1015 पदों पर भर्ती के लिए आज आखिरी मौका, तुरंत करें अप्लाई












Click it and Unblock the Notifications