School Holiday: सावन के पहले सोमवार पर यूपी-एमपी सहित किन राज्यों में बंद हैं स्कूल? चेक करें लिस्ट
Sawan First Somwar 2026 School Holiday: सावन के पहले सोमवार को लेकर कई राज्यों में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। कांवड़ यात्रा के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु सड़कों पर निकलेंगे, जबकि प्रमुख शिव मंदिरों में भी भारी भीड़ रहने की उम्मीद है। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को संभालने के लिए कई जिलों में 3 अगस्त 2026 को स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है।
उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड के कई संवेदनशील इलाकों में सरकारी और निजी स्कूलों में छुट्टी रहेगी। वहीं कुछ जगहों पर ऑनलाइन क्लास कराने का फैसला भी लिया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें और स्कूल भेजने से पहले अपने बच्चे के स्कूल से छुट्टी की पुष्टि जरूर कर लें।

यूपी के कई जिलों में छुट्टी
उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा के मुख्य मार्गों पर भीड़ को देखते हुए मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली, बागपत, गाजियाबाद और हापुड़ के कांवड़ रूट पर आने वाले सरकारी और निजी स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा वाराणसी और अयोध्या में भी श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए कई स्कूलों में छुट्टी या ऑनलाइन कक्षाओं का विकल्प दिया गया है।
ये भी पढ़ें: NEET UG Counselling 2026: काउंसलिंग शेड्यूल जारी, कब से कर सकते हैं ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन?
मध्य प्रदेश में महाकाल की सवारी के चलते अवकाश
मध्य प्रदेश के उज्जैन में भगवान महाकाल की शाही सवारी के कारण शहर और आसपास के कई इलाकों के स्कूल बंद रहेंगे। इसके अलावा मंदसौर के पशुपतिनाथ मंदिर क्षेत्र और रीवा व जबलपुर के प्रमुख शिव मंदिरों के आसपास स्थित कुछ स्कूलों में भी छुट्टी घोषित की गई है।
हरिद्वार-ऋषिकेश में भी स्कूल रहेंगे बंद
उत्तराखंड के हरिद्वार और ऋषिकेश में कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए हरिद्वार में कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूलों और शिक्षण संस्थानों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। वहीं दिल्ली-एनसीआर के नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद के कुछ निजी स्कूलों ने भी एहतियात के तौर पर छुट्टी या ऑनलाइन क्लास का फैसला लिया है।
पेरेंट्स इन बातों का रखें ध्यान
प्रशासन ने साफ किया है कि सभी जिलों में छुट्टी नहीं है। जिन इलाकों में आदेश जारी नहीं हुआ है, वहां स्कूल सामान्य समय पर खुल सकते हैं। इसलिए अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों के बजाय अपने बच्चे के स्कूल के ऑफिशियल WhatsApp ग्रुप, नोटिस बोर्ड या जिला प्रशासन की सूचना देखकर ही बच्चों को स्कूल भेजें।
ये भी पढ़ें: जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने वालों राहत! दिल्ली सरकार ने FIR वापस लेने का किया फैसला, पुलिस को दिए निर्देश


Click it and Unblock the Notifications
