कौन हैं NTA के मौजूदा चेयरमैन? जानिए कहां तक की है पढ़ाई, कब और कहां से हुई करियर की शुरुआत
NTA Chairman Prof Pradeep Joshi: भारत में इस वक्त नीट परीक्षा को लेकर बवाल मचा हुआ है। कुछ छात्रों को ग्रेस मार्क्स देने को लेकर शुरू हुए इस विवाद में एनटीए द्वारा आयोजित इस परीक्षा में धांधली के आरोप लगे। इसी बीच एनटीए ने ग्रेस मार्क्स को रद्द कर दिया। नीट परीक्षा में शामिल होने वाले 1563 बच्चों को ग्रेस मार्क्स (क्षतिपूर्ति)अंक दिए गए थे।
इन सब के बीच एनटीए चेयरमैन भी सुर्खियों में हैं। एनटीए के अध्यक्ष पर भी कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। साथ ही साथ उनके शिक्षा से लेकर कार्यशैली पर भी लोगों ने प्रश्न चिन्ह लगाए। आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि एनटीए के अध्यक्ष कौन हैं। साथ ही साथ उनकी शिक्षा और करियर से जुड़ी तमाम जानकारी हम आपके लिए लेकर आए हैं।

कौन हैं NTA के चेयरमैन?
प्रो. प्रदीप जोशी हैं नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए के चेयरमैन हैं। उन्होंने बतौर एनटीए अध्यक्ष अगस्त 2023 में कार्यभार संभाला था। प्रो. प्रदीप जोशी को शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की ओर से अगस्त 2023 में एनटीए का चेयरमैन नियुक्त किया गया था। बता दें, एनटीए के चेयरमैन का कार्यकाल 3 साल का होता है। इस हिसाब से प्रो. जोशी अगस्त 2026 तक इस पद पर रहेंगे।
प्रो. जोशी रह चुके हैं यूपीएससी के भी अध्यक्ष
एनटीए के अध्यक्ष का पदभार संभालने से पहले प्रदीप जोशी संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। इसके अलावा वो छत्तीसगढ़ लोकसेवा आयोग और मध्य प्रदेश लोकसेवा आयोग के भी अध्यक्ष रह चुके हैं। उनके करियर ग्राफ को देखें तो प्रो. जोशी काफी प्रशासनिक अनुभव वाले व्यक्ति हैं।
प्रो. प्रदीप जोशी उत्तराखंड के मूल निवासी हैं
प्रोफेसर प्रदीप जोशी मूल रूप से उत्तराखंड के अल्मोड़ा के निवासी हैं। हालांकि, उनकी पढ़ाई-लिखाई उत्तर प्रदेश के कानपुर से हुई है। प्रो. जोशी के पिता बैंक में कार्यरत थे। जोशी ने साल 1977 में कानपुर विश्वविद्यालय से एसोसिएटेड डीएवी कालेज से कॉमर्स में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। साल 1981 में उन्होंने इसी कॉलेज से पीएचडी भी किया है।
शिक्षक के रूप में की थी करियर की शुरुआत
प्रोफेसर जोशी ने बतौर शिक्षक अपने करियर की शुरूआत की थी। लंबे वक्त तक वो बरेली कॉलेज के वाणिज्य विभाग में कार्यरत रहे। साल 1997 के दौरान वो रुहेलखंड यूनिवर्सिटी में मैनेजमेंट विभाग के डीन भी रह चुके हैं।
साल 2000 से 2006 के दौरान उन्होंने रानी दुर्गावती यूनिवर्सिटी जबलपुर बिजनेस एडमिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट के चेयरमैन का पद संभाला। इसके बाद उन्होंने छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष के पद पर भी कार्य किया।
साल 2015 से 2020 तक प्रो. जोशी संघ लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष रहे। साल 2023 के अगस्त में उन्हें नेशनल टेस्टिंग एजेंसी का चेयरमैन नियुक्त किया गया। एनटीए देश भर में होने वाली सभी प्रमुख परीक्षाओं का आयोजन कराती है। देश की तमाम शिक्षण संस्थाओं व फेलोशिप में दाखिले के लिए जांच परीक्षा आयोजित करने की जिम्मेदारी इस एजेंसी के जिम्मे है।












Click it and Unblock the Notifications