NEET UG Re Exam का एडमिट कार्ड कब आएगा? 21 जून को है परीक्षा, कहीं आपका भी तो नहीं बदल गया सेंटर?
NEET UG 2026 दोबारा परीक्षा की तैयारी अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। पेपर रद्द होने के बाद देशभर के लाखों मेडिकल अभ्यर्थियों की नजरें 21 जून को होने वाली री-एग्जाम (NEET Re Exam) पर टिकी हैं। इस बीच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) और शिक्षा मंत्रालय ने परीक्षा व्यवस्था को लेकर कई अहम फैसले लिए हैं। इस बार कोशिश की जा रही है कि उम्मीदवारों को परीक्षा देने के लिए दूसरे राज्यों या दूर के शहरों में न जाना पड़े।
बड़ी संख्या में छात्रों ने एग्जाम सिटी बदलने की मांग की थी, जिसके बाद केंद्रों की व्यवस्था में बदलाव किया गया है। साथ ही परीक्षा से जुड़ी सभी जरूरी जानकारियां तय समय पर जारी करने का कार्यक्रम भी बना लिया गया है। दूसरी ओर, CUET UG 2026 के बचे हुए उम्मीदवारों के लिए भी नया शेड्यूल और एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं।

3.5 लाख छात्रों ने बदली परीक्षा सिटी
NTA के पास करीब 3.5 लाख उम्मीदवारों ने परीक्षा शहर बदलने के लिए आवेदन किया था। इन्हीं अनुरोधों को ध्यान में रखते हुए कई राज्यों में परीक्षा केंद्रों की संख्या और लोकेशन में बदलाव किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि छात्रों को उनकी पसंद के शहर में परीक्षा केंद्र देने की पूरी कोशिश की जाएगी। अगर किसी शहर में सीटों की संख्या कम पड़ती है तो उसके नजदीकी शहर में केंद्र आवंटित किया जाएगा, ताकि उम्मीदवारों को ज्यादा परेशानी न हो।
ये भी पढ़ें: CBSE डेटा लीक हुआ या नहीं? दिल्ली पुलिस की साइबर यूनिट में FIR के बाद बोर्ड ने किया सब साफ
होम टाउन के पास सेंटर देने पर जोर
इस बार एजेंसी का मुख्य फोकस उम्मीदवारों को उनके घर के आसपास परीक्षा केंद्र उपलब्ध कराना है। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान लगातार समीक्षा बैठकों के जरिए तैयारियों पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, परीक्षा केंद्र तय करते समय छात्रों की सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है। कोशिश यही है कि लंबी दूरी की यात्रा की जरूरत कम से कम पड़े और अभ्यर्थी तनावमुक्त होकर परीक्षा दे सकें।
14 जून तक सिटी स्लिप, 16 जून तक एडमिट कार्ड
NEET UG री-एग्जाम में शामिल होने वाले 22.79 लाख उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण तारीखें भी तय कर दी गई हैं।
- 14 जून से पहले एग्जाम सिटी स्लिप जारी की जाएगी।
- 16 जून तक एडमिट कार्ड उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
- 21 जून को री-एग्जाम आयोजित होगा।
सिटी स्लिप जारी होने के बाद छात्रों को पहले ही पता चल जाएगा कि उन्हें किस शहर में परीक्षा देनी है। इससे वे यात्रा और अन्य तैयारियां समय रहते पूरी कर सकेंगे।
यूपी में सबसे ज्यादा परीक्षा केंद्र
देशभर में सबसे अधिक NEET उम्मीदवार उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान से हैं। इसी वजह से उत्तर प्रदेश में इस बार सबसे ज्यादा परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। NTA का मानना है कि अधिक उम्मीदवारों वाले राज्यों में अतिरिक्त केंद्र बनाकर भीड़ को नियंत्रित किया जा सकता है और परीक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकता है।
अफवाहों पर NTA की कड़ी निगरानी
री-एग्जाम को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार कई तरह की खबरें और दावे सामने आ रहे हैं। NTA ने साफ किया है कि ऐसे सभी कंटेंट पर नजर रखी जा रही है। एजेंसी के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, इंटरनेट पर फैल रही हर सूचना की जांच की जा रही है। इसके अलावा छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों से मिले सुझावों के आधार पर सुरक्षा और पारदर्शिता के अतिरिक्त इंतजाम किए जा रहे हैं।
परीक्षा को फुलप्रूफ बनाने की तैयारी
पिछले विवादों को देखते हुए इस बार परीक्षा प्रक्रिया को ज्यादा सुरक्षित बनाने पर जोर दिया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा केंद्रों की निगरानी, दस्तावेज सत्यापन और अन्य व्यवस्थाओं को पहले से अधिक मजबूत किया गया है ताकि किसी तरह की गड़बड़ी की संभावना न रहे।
CUET UG के 60 हजार छात्रों को राहत
NEET के साथ-साथ NTA ने CUET UG 2026 को लेकर भी बड़ा अपडेट दिया है। जिन करीब 60 हजार उम्मीदवारों की परीक्षा बाकी थी, उनके लिए शेड्यूल में बदलाव किया गया है। कई छात्रों ने बताया था कि 7 जून को उनके अन्य एग्जाम भी निर्धारित हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए परीक्षा की तारीख और शिफ्ट में बदलाव किया गया है।
नई शिफ्ट का पूरा शेड्यूल
NTA द्वारा जारी नए कार्यक्रम के अनुसार:
- 6 जून की परीक्षा सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक होगी।
- 7 जून की परीक्षा दोपहर 3:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक आयोजित की जाएगी।
CUET एडमिट कार्ड हुए जारी
बचे हुए उम्मीदवारों के लिए एडमिट कार्ड आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी अपने आवेदन विवरण की मदद से लॉगिन कर एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा केंद्र, रिपोर्टिंग समय और अन्य जरूरी निर्देश एडमिट कार्ड में उपलब्ध हैं।
ये भी पढ़ें: NEET Re-Exam 2026: क्या सच में लीक हुआ क्वेश्चन पेपर? NTA ने तोड़ी चुप्पी, अफवाह फैलाने वालों पर होगी FIR












Click it and Unblock the Notifications