DU Admissions: दिल्ली यूनिवर्सिटी में चाहिए एडमिशन? चेक कर लें CUET स्कोर से लेकर सीधे दाखिले तक की डिटेल
DU Admission Policy 2026-27: दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) में दाखिले का सपना देख रहे छात्रों के लिए बड़ी खबर है। विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अपनी आधिकारिक एडमिशन पॉलिसी और विस्तृत इंफॉर्मेशन ब्रोशर जारी कर दिया है। इस बार भी यूजी कोर्सेज में दाखिला CUET UG 2026 के स्कोर के आधार पर ही होगा। अच्छी बात यह है कि एडमिशन नियमों में कोई क्रांतिकारी बदलाव नहीं किया गया है, जिससे छात्रों को तैयारी में आसानी होगी।
हालांकि, विषय चयन को लेकर डीयू ने सख्त हिदायत दी है। अगर आप नॉर्थ या साउथ कैंपस के प्रतिष्ठित कॉलेजों में सीट पक्की करना चाहते हैं, तो आपको admission.uod.ac.in पर उपलब्ध ब्रोशर को ध्यान से पढ़ना चाहिए। आवेदन प्रक्रिया से लेकर विषय पात्रता तक, यहां हर वह जानकारी दी गई है जो एक आवेदक के लिए अनिवार्य है।

विषय चयन पर सख्त नियम, 12वीं वाले सब्जेक्ट ही मान्य
दिल्ली यूनिवर्सिटी ने स्पष्ट किया है कि भले ही यूजीसी (UGC) ने छात्रों को नए विषय चुनने की छूट दी हो, लेकिन DU में दाखिले के लिए छात्र को CUET में वही विषय चुनने होंगे जो उसने 12वीं कक्षा में पढ़े हैं। यदि कोई छात्र 12वीं के विषयों से अलग हटकर परीक्षा देता है, तो उसकी पात्रता रद्द की जा सकती है। यूनिवर्सिटी का तर्क है कि इससे स्कूली शिक्षा और उच्च शिक्षा के बीच बेहतर सामंजस्य बना रहता है।
ये भी पढ़ें: DU Jobs: दिल्ली यूनिवर्सिटी में नौकरी पाने का जबरदस्त मौका, 2 लाख से ज्यादा है सैलरी, कौन कर सकता है अप्लाई?
एडमिशन की प्रक्रिया, दो चरणों में होगा रजिस्ट्रेशन
नियमित (Regular) कॉलेजों और सुपरन्यूमेरेरी कोटा वाले छात्रों के लिए एडमिशन प्रक्रिया दो मुख्य चरणों में बंटी है:
- CUET UG 2026 पंजीकरण: सबसे पहले cuet.nta.nic.in पर जाकर प्रवेश परीक्षा के लिए रजिस्टर करना होगा।
- CSAS (UG) पोर्टल: परीक्षा पास करने के बाद छात्रों को डीयू के कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (admission.uod.ac.in) पर दोबारा पंजीकरण करना होगा।
SOL और NCWEB, बिना CUET के सीधा दाखिला
उन छात्रों के लिए राहत की खबर है जो ओपन लर्निंग या नॉन-कॉलेजिएट माध्यम से पढ़ना चाहते हैं:
- स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (SOL): यहां दाखिले के लिए CUET स्कोर की जरूरत नहीं है। छात्र 12वीं के अंकों के आधार पर sol.du.ac.in के जरिए आवेदन कर सकते हैं।
- NCWEB (केवल छात्राओं के लिए): बीए (BA) और बीकॉम (BCom) कोर्सेज में 12वीं की मेरिट के आधार पर ncwebadmission.uod.ac.in पर एडमिशन होगा।
विदेशी छात्रों के लिए विशेष व्यवस्था
विदेशी नागरिकों के लिए हर कोर्स में 10% सुपरन्यूमेरेरी सीटें आरक्षित हैं। उनके लिए डीयू ने एक समर्पित पोर्टल fsr.du.ac.in संचालित किया है, जहां से वे सीधे आवेदन कर सकते हैं।
सब्जेक्ट लिस्ट
CUET UG 2026 की सब्जेक्ट लिस्ट में कोई बदलाव नहीं हुआ है:
- लिस्ट A: इसमें 14 भाषाएं (जैसे हिंदी, इंग्लिश, संस्कृत, बंगाली, तमिल आदि) शामिल हैं।
- लिस्ट B: इसमें 22 मुख्य विषय (जैसे फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथ्स, अकाउंटेंसी, हिस्ट्री, पॉलिटिकल साइंस आदि) शामिल हैं।
छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे अपने 12वीं के विषयों के आधार पर ही इन लिस्टों में से सही कॉम्बिनेशन का चुनाव करें ताकि काउंसलिंग के समय कोई तकनीकी समस्या न आए।
ये भी पढ़ें: शेफाली वर्मा की शादी पक्की? सरकारी नौकरी और करोड़ों की जमीन वाला दूल्हा, सरेआम किया प्रपोज












Click it and Unblock the Notifications