CUET UG 2024: सीयूईटी यूजी के लिए दोबारा होगी परीक्षा, NTA ने जारी की शेड्यूल
CUET-UG: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने केंद्रीय विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (CUET-UG) के प्रभावित उम्मीदवारों के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित कराने का फैसला किया है। एजेंसी ने रविवार को घोषणा की कि वह केंद्रीय विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (CUET-UG) के प्रभावित उम्मीदवारों के लिए 19 जुलाई को कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में दोबारा परीक्षा आयोजित करेगी।
NTA ने CUET (UG)-2024 परीक्षा 15, 16, 17, 18, 21 22, 24 और 29 मई, 2024 को हाइब्रिड मोड (CBT और पेन एवं पेपर) में विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की थी। ये केंद्र 379 शहरों में स्थित थे, जिनमें भारत के बाहर के 26 शहर भी शामिल हैं। इस परीक्षा में लगभग 13.48 लाख उम्मीदवारों ने भाग लिया था।

7 जुलाई, 2024 की सार्वजनिक सूचना में बताया गया था कि चुनौतियों को 7 जुलाई से 9 जुलाई, 2024 तक आमंत्रित किया गया था। ऑनलाइन प्राप्त सभी चुनौतियों को संबंधित विषय विशेषज्ञों को दिखाया गया। विषय विशेषज्ञों की प्रतिक्रिया के आधार पर अंतिम आंसर की तैयार की जा रही है और इसे जल्द ही CUET (UG)-2024 की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा।
NTA के वरिष्ठ निदेशक ने रविवार को जारी एक बयान में कहा, "CUET (UG) - 2024 परीक्षा के संबंध में उम्मीदवारों से 30 जून, 2024 तक प्राप्त शिकायतें, साथ ही 7 जुलाई से 9 जुलाई, 2024 (शाम 5:00 बजे से पहले) के बीच [email protected] पर भेजी गई शिकायतों की समीक्षा की गई है। इन शिकायतों के आधार पर प्रभावित उम्मीदवारों के लिए पुनः परीक्षा आयोजित की जाएगी जो कि 19 जुलाई, 2024, शुक्रवार को कंप्यूटर-आधारित टेस्ट (CBT) मोड में होगी।"
NTA ने कहा कि सभी प्रभावित उम्मीदवारों को उनके विषय कोड का उल्लेख करते हुए ई-मेल के माध्यम से जानकारी भेज दी गई है।
अधिसूचना में आगे कहा गया, "सभी प्रभावित उम्मीदवारों के लिए प्रवेश पत्र जल्द ही जारी किए जाएंगे। संबंधित उम्मीदवारों से अनुरोध है कि वे अपने आवेदन संख्या और जन्म तिथि का उपयोग करके CUET (UG)-2024 का प्रवेश पत्र वेबसाइट https://exams.nta.ac.in/CUET-UG/ से डाउनलोड करें और उसमें दिए गए निर्देशों के साथ-साथ सूचना बुलेटिन में दिए गए निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें।"
NTA की सार्वजनिक सूचना में कहा गया कि उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे प्रश्न पत्र में उल्लिखित विषय-विशिष्ट निर्देशों और अन्य निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और उनका पालन करें।
यदि किसी उम्मीदवार को CUET (UG) - 2024 का प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में कोई परेशानी होती है, तो वह 011-40759000/011-69227700 पर संपर्क कर सकता है या [email protected] पर ई-मेल कर सकता है। परीक्षा से जुड़ी ताजा जानकारी पाने के लिए NTA की वेबसाइट www.nta.ac.in और https://exams.nta.ac.in/CUET-UG/ जाने की सलाह भी दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications