राम मंदिर में चढ़ावा गिनने वालों की भर्ती कैसे होती है? जानें क्या है चयन प्रक्रिया और जरूरी योग्यता
Ayodhya Ram Mandir Jobs: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी का मामला इन दिनों लगातार चर्चा में है। इस घटना के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ वहां काम करने वाले कर्मचारियों की नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर भी लोगों के मन में कई सवाल उठ रहे हैं। खासकर यह जानने की उत्सुकता बढ़ गई है कि आखिर मंदिर में चढ़ावे की गिनती करने वाले कर्मचारियों का चयन कैसे किया जाता है और क्या इसके लिए अलग से भर्ती निकाली जाती है।
बहुत से लोग यह भी जानना चाहते हैं कि आवेदन कहां करना होता है, चयन किन चरणों में होता है और किन योग्यताओं वाले उम्मीदवारों को मौका मिलता है। अगर आपके मन में भी ऐसे सवाल हैं, तो यहां पूरी प्रक्रिया आसान भाषा में समझिए।

क्या अलग से निकलती है काउंटिंग स्टाफ की भर्ती?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट हर बार केवल "काउंटिंग कर्मचारी" के नाम से अलग भर्ती नहीं निकालता। जरूरत के हिसाब से प्रशासनिक पदों, अकाउंटेंट, कार्यालय सहायक, सपोर्ट स्टाफ या दूसरे संबंधित पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाती है। यदि चढ़ावे की गिनती के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की जरूरत होती है, तो उनकी नियुक्ति भी संबंधित विभाग के माध्यम से की जाती है।
ये भी पढ़ें: 10वीं-12वीं पास के लिए सरकारी नौकरी का मौका, स्टेनोग्राफर और टाइपिस्ट समेत 110 पदों के लिए नोटिफिकेशन जारी
चढ़ावे की गिनती कैसे होती है?
राम मंदिर में श्रद्धालुओं की ओर से दिए गए नकद दान की गिनती बेहद जिम्मेदारी वाला काम माना जाता है। इस दौरान तय नियमों का पालन किया जाता है। कर्मचारी दान राशि की गिनती करते हैं, उसका पूरा रिकॉर्ड तैयार करते हैं और पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाता है। सुरक्षा और गोपनीयता बनाए रखने के लिए गिनती का काम निगरानी में होता है और अलग-अलग स्तर पर इसकी जांच भी की जाती है।
चयन प्रक्रिया में किन चरणों से गुजरना पड़ता है?
भर्ती के लिए आवेदन आने के बाद सबसे पहले उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग की जाती है। इसके बाद पद की जरूरत के अनुसार लिखित परीक्षा, स्किल टेस्ट या इंटरव्यू आयोजित किया जा सकता है। अंतिम चयन से पहले सभी जरूरी दस्तावेजों की जांच होती है। साथ ही पुलिस चरित्र सत्यापन भी कराया जाता है। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही नियुक्ति दी जाती है।
भर्ती की जानकारी कहां मिलती है?
जब भी श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को किसी पद पर कर्मचारियों की जरूरत होती है, तो भर्ती से जुड़ी सूचना ट्रस्ट की आधिकारिक वेबसाइट और उसके आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी की जाती है। ऐसे में उम्मीदवारों को किसी अनजान वेबसाइट, एजेंट या सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दावों के बजाय केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करना चाहिए।
कौन कर सकता है आवेदन?
हर पद के लिए योग्यता अलग-अलग तय की जाती है। यदि काम अकाउंटिंग, रिकॉर्ड या वित्तीय कार्यों से जुड़ा है, तो कॉमर्स, अकाउंट्स या संबंधित विषय में ग्रेजुएशन करने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता मिल सकती है। इसके अलावा कंप्यूटर की सामान्य जानकारी, रिकॉर्ड संभालने की क्षमता और ईमानदारी जैसे गुण भी जरूरी माने जाते हैं। कुछ पदों पर पहले से अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को भी प्राथमिकता दी जा सकती है।
ये भी पढ़ें: NCERT Preamble Controversy:क्या सच में NCERT ने किताबों से हटा दी संविधान की प्रस्तावना? परिषद ने दी क्या सफाई












Click it and Unblock the Notifications