Agnipath Scheme: किन्हें मिलेगी 6 साल की सेवा और कौन होंगे परमानेंट? जानें अग्निवीरों के चयन का पूरा फॉर्मूला
Agniveer Extension Rules: अग्निपथ योजना (Agnipath Scheme) के तहत सेना में भर्ती हुए अग्निवीरों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब चार साल की शुरुआती सेवा पूरी करने के बाद नियमित सेना में जगह नहीं पाने वाले 75 प्रतिशत अग्निवीरों को दो साल और सेवा करने का विकल्प मिलेगा। यानी वे कुल छह साल तक सशस्त्र बलों में काम कर सकेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी। इस दौरान केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद थे। सरकार के इस फैसले से उन करीब 18,300 अग्निवीरों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिनका चार साल का कार्यकाल नवंबर और दिसंबर 2026 में पूरा होने वाला है।

अग्निवीरों के लिए बदले नियम
अग्निपथ योजना के पुराने नियमों के तहत चार साल की सेवा के बाद मेरिट के आधार पर 25 प्रतिशत अग्निवीरों को नियमित सेना में शामिल किया जाना था। बाकी 75 प्रतिशत को सेवा से बाहर होना पड़ता था। अब इन्हें दो साल की अतिरिक्त सेवा का विकल्प दिया जाएगा। हालांकि, यह पूरी तरह अग्निवीरों की इच्छा पर निर्भर करेगा।
अतिरिक्त सेवा में मिलेगा बढ़ा हुआ वेतन
दो साल का सेवा विस्तार चुनने वाले अग्निवीरों को इस दौरान पहले से अधिक वेतन और दूसरे भत्तों का लाभ मिलेगा। किसी भी जवान पर अतिरिक्त समय तक सेवा करने का दबाव नहीं होगा।
छह साल बाद भी मिलेगा नियमित सैनिक बनने का मौका
दो साल की अतिरिक्त सेवा पूरी करने के बाद अग्निवीरों को नियमित सशस्त्र बलों में शामिल होने का एक और अवसर मिलेगा। इसके लिए उनकी इच्छा और तय चयन मानदंडों को पूरा करना जरूरी होगा। यानी छह साल की सेवा पूरी करने के बाद नियमित नौकरी अपने आप नहीं मिलेगी।
कब शुरू हुई थी अग्निपथ योजना?
अग्निपथ योजना 14 जून 2022 को शुरू हुई थी। पहले बैच में करीब 24,400 अग्निवीर भर्ती हुए थे। इनमें लगभग 19,000 थल सेना, 2,850 वायुसेना और 2,550 नौसेना में शामिल हुए थे। नौसेना का पहला बैच 21 नवंबर, वायुसेना का 21 दिसंबर और थल सेना का 31 दिसंबर 2026 को चार साल की सेवा पूरी करने वाला है।


Click it and Unblock the Notifications
