अग्निपथ योजना का नया नियम, सिर्फ मौजूदा अग्निवीरों को मिलेगी राहत, आगे की भर्तियों में होंगे और बड़े बदलाव!
Agnipath Scheme Reform: अग्निपथ योजना के तहत सेना में भर्ती हुए अग्निवीरों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने चार साल की सेवा पूरी करने के बाद बाहर होने वाले 75 प्रतिशत अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार देने का ऐलान किया है। इसके बाद उन्हें नियमित सैनिक बनने का मौका भी मिलेगा।
हालांकि, इस नए नियम का लाभ अभी सेना में काम कर रहे अग्निवीरों को ही मिलेगा। यानी भविष्य में भर्ती होने वाले नए अग्निवीरों पर ये बदलाव अपने आप लागू नहीं होंगे। सरकार उनके लिए योजना के नियमों की अलग से समीक्षा करेगी। ऐसे में मौजूदा अग्निवीरों के लिए सेना में लंबे समय तक करियर बनाने का रास्ता खुल गया है।

मौजूदा 3.18 लाख अग्निवीरों को ही मिलेगा लाभ
अग्निपथ योजना में किए गए बदलाव फिलहाल तीनों सेनाओं में पहले से सेवा दे रहे करीब 3.18 लाख अग्निवीरों पर लागू होंगे। वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, 31 दिसंबर के बाद आर्मी, एयरफोर्स और नेवी में भर्ती होने वाले नए उम्मीदवारों के लिए नियमों में आगे बदलाव हो सकता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार से मंजूरी मिलने के बाद बुधवार को चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने संशोधित योजना की जानकारी दी थी। अधिकारियों का कहना है कि मौजूदा अग्निवीरों के अनुभव और प्रदर्शन को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। भविष्य में भर्ती होने वाले बैचों के लिए इसके नियमों की समीक्षा की जाएगी। नए बैच के अग्निवीरों की ट्रेनिंग अगले साल से शुरू होगी। वे 2031 में अपनी चार साल की सेवा पूरी करेंगे।
75% अग्निवीरों को मिलेगा दो साल का अतिरिक्त मौका
अग्निपथ योजना के पुराने नियमों के मुताबिक, चार साल की सेवा पूरी करने के बाद केवल 25 प्रतिशत अग्निवीरों को ही मेरिट के आधार पर नियमित सैनिक के रूप में सेना में बने रहने का मौका मिलता था। बाकी 75 प्रतिशत अग्निवीरों को सेवा से बाहर होना पड़ता था।
अब सरकार ने इस व्यवस्था में बदलाव किया है। नई व्यवस्था के तहत बाकी 75 प्रतिशत अग्निवीरों को भी दो साल की अतिरिक्त सेवा का अवसर मिलेगा। इस तरह उनकी कुल सेवा अवधि छह साल हो जाएगी। दो साल का अतिरिक्त समय पूरा करने के बाद इन अग्निवीरों को भी नियमित सैनिक बनने का मौका मिलेगा। हालांकि, सभी को स्थायी नौकरी मिलना तय नहीं है। इसके लिए उन्हें तय भर्ती नियमों, योग्यता और प्रदर्शन के मानकों पर खरा उतरना होगा।
दिसंबर में पहले बैच के 18,300 अग्निवीर होंगे सेवामुक्त
अग्निपथ योजना के पहले बैच में करीब 24,400 अग्निवीरों की भर्ती हुई थी। इनमें से लगभग 75 प्रतिशत यानी 18,300 अग्निवीरों का चार साल का कार्यकाल 31 दिसंबर तक पूरा होने वाला है। पहले के नियमों के हिसाब से इन अग्निवीरों को सेवा से बाहर होना था। लेकिन नए फैसले के बाद अब उन्हें दो साल और सेना में काम करने का अवसर मिलेगा। इसके बाद नियमित सैनिक बनने के लिए उनके प्रदर्शन और मेरिट का आकलन किया जाएगा।
यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है, जब तीनों सेनाएं अपने पहले बैच के अग्निवीरों को चार साल की सेवा पूरी होने के बाद कार्यमुक्त करने की तैयारी कर रही थीं।
वरिष्ठता को लेकर भी सरकार ने किया स्पष्ट
नई व्यवस्था के बाद अग्निवीरों के सामने वरिष्ठता को लेकर सवाल उठ रहे थे। दरअसल, पहले 25 प्रतिशत अग्निवीर चार साल पूरे होने पर ही नियमित सैनिक बन जाएंगे, जबकि बाकी 75 प्रतिशत को दो साल बाद नियमित होने का अवसर मिलेगा।
ऐसे में सवाल था कि क्या दो साल बाद नियमित होने वाले अग्निवीर अपने ही बैच के साथियों से जूनियर माने जाएंगे?
अधिकारियों ने इस बारे में स्थिति साफ कर दी है। उनके मुताबिक, अतिरिक्त दो साल की सेवा करने वाले अग्निवीरों की वरिष्ठता सुरक्षित रहेगी। नियमित कैडर में शामिल होने पर उन्हें अपने बैच के उन 25 प्रतिशत अग्निवीरों के ठीक बाद जगह मिलेगी, जो चार साल पूरे होने पर नियमित हुए थे।
इसका मतलब है कि वे अपने ही बैच के पहले से नियमित हुए साथियों से जूनियर रहेंगे, लेकिन उनके बाद भर्ती होने वाले नए बैचों के अग्निवीरों से सीनियर होंगे।
प्रदर्शन के आधार पर होगा स्थायी सैनिक के लिए चयन
CDS जनरल एनएस राजा सुब्रमणि के मुताबिक, अग्निवीरों की चार साल की सेवा के दौरान उनके कामकाज का आकलन किया गया है। इसमें कई बातों को आधार बनाया गया, जैसे:
- अग्निवीरों के काम से जुड़ा कौशल।
- काम करने की इच्छा और प्रेरणा।
- शारीरिक फिटनेस।
- तकनीकी क्षमताएं।
- सेवा के दौरान उनका कुल प्रदर्शन।
इन्हीं पहलुओं को देखते हुए सरकार ने अग्निवीरों की सेवा शर्तों में बदलाव का फैसला किया है। स्थायी सैनिक बनने के लिए अग्निवीर की अपनी इच्छा भी जरूरी होगी। इसके अलावा उसे निर्धारित योग्यता और भर्ती के नियम पूरे करने होंगे।
जरूरत के हिसाब से बदलते रहेंगे नियम
अधिकारियों के मुताबिक, अग्निपथ योजना की समय-समय पर समीक्षा की जाएगी। सेना की जरूरतों और कामकाज के अनुभव के आधार पर इसमें आगे भी सुधार किए जा सकते हैं। फिलहाल मौजूदा व्यवस्था को इस चरण के लिए उपयुक्त माना गया है।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने जून 2022 में अग्निपथ योजना शुरू की थी। इसके तहत सेना, वायुसेना और नौसेना में चार साल के लिए अग्निवीरों की भर्ती की जाती है। इसमें छह महीने का प्रशिक्षण भी शामिल होता है। योजना की घोषणा के बाद देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हुए थे। अब सेवा अवधि बढ़ाने के फैसले को योजना में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
किस सेना में कितने अग्निवीर दे रहे सेवा?
उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, तीनों सेनाओं में अग्निवीरों की संख्या इस प्रकार है:
| सेना | अग्निवीरों की संख्या |
|---|---|
| थल सेना | 2,70,000 |
| वायुसेना | 27,000 |
| नौसेना | 21,000 |
| कुल | 3,18,000 |


Click it and Unblock the Notifications
