Saturn Retrograde: 139 दिन के लिए शनि हो रहा है वक्री, बुध भी बदल रहा है राशि, जानिए राशियों पर असर
Saturn retrograde: कर्म का शुभाशुभ फल देने वाला ग्रह शनि 29-30 जून की मध्यरात्रि में 12 बजकर 40 मिनट से वक्री हो रहा है। शनि 15 नवंबर 2024 को सायं 7 बजकर 51 मिनट पर मार्गी होगा।
इस प्रकार शनि कुल 139 दिनों के लिए वक्री होने जा रहा है। 29 जून से ही बुध भी कर्क राशि में प्रवेश कर रहा है।

शनि के वक्री होने से राशियों पर शुभ और अशुभ दोनों ही फल मिलते हैं। शनि किसी जातक की कुंडली में किस प्रकार का है यह उस पर परिणाम निर्भर करते हैं।
वर्तमान में शनि की साढ़ेसाती मकर, कुंभ और मीन राशि पर चल रही है और कर्क और वृश्चिक राशि पर लघु ढैया चल रहा है। शनि के वक्री होने से इन राशियों को थोड़ी राहत रहेगी। परिश्रम पूर्वक काम करने से प्रत्येक क्षेत्र में अच्छे परिणाम भी मिलने वाले हैं।
क्या करें सभी राशि वाले जातक
शनि के वक्री होने के दौरान सभी राशि के जातकों को अपनी कुंडली के अनुसार शुभाशुभ परिणाम मिलेंगे। इस दौरान सभी राशि के जातक हनुमानजी का नित्य दर्शन, पूजन, ध्यान, उनके मंत्रों का जाप करें। हनुमान चालीसा, सुंदरकांड का पाठ करें। जिन लोगों को ज्यादा रोग आ रहे हों, आर्थिक संकट हो वे बजरंगबाण का पाठ करें।
साढ़ेसाती वाले क्या करें
मकर, कुंभ और मीन राशि जातक शनि की शांति के लिए लोहे का छल्ला अपनी मध्यमा अंगुली में धारण करें। शनि शांति यंत्र की स्थापना करके उसका पूजन करें। शनि स्तोत्र का नियमित रूप से पाठ करें। इससे शनि की पीड़ा से मुक्ति मिलेगी।
बुध कर्क राशि में
बुद्धि, शिक्षा और व्यापार-व्यवसाय ग्रह बुध 29 जून को ही दोपहर में 12:26 से कर्क राशि में प्रवेश कर रहा है। बुध के चंद्र की राशि में जाने से सभी राशि के जातकों को व्यापार के क्षेत्र में विशेष सफलता मिलने वाली है, विशेषकर जिनके व्यापार विदेश से संबंधित हैं उन्हें इस दौरान विशेष शुभ फल मिलने वाले हैं।












Click it and Unblock the Notifications