किसे मिलेगी पंजाब की कुर्सी, जानिए क्या कह रहे हैं ज्योतिष के आंकड़े?
ज्योतिष के हिसाब से इस बार पंजाब का चुनावी दंगल काफी दिलचस्प होने वाला है, कैप्टन अमरिंदर सिंह और बादल में रोचक जंग होगी।
लखनऊ। इस बार पंजाब विधान सभा चुनाव का सियासी दंगल काफी दिलचस्प होने जा रहा है क्योंकि पहले भाजपा-अकाली दल का गठबंधन व कांगेस का सीधा मुकाबला होता था। लेकिन अबकी बार दिल्ली में फतेह हासिल कर चुकी आम आदमी पार्टी भी पंजाब चुनाव में अपनी किस्मत आजमाने को चुनावी मैदान में उतरी है और दूसरी ओर कांग्रेस से नवजोत सिंह सिद्धू चुनाव लड़ रहें है। चलिए देखते है ग्रह-नक्षत्रों के अनुसार पंजाब चुनाव में किस पार्टी को हुकूमत करने का सौभाग्य प्राप्त होता है।

भाजपा-अकाली दल गठबंधन
पंजाब के वर्तमान मुख्यमन्त्री प्रकाश सिंह बादल का जन्म 8 दिसम्बर सन् 1927 को मध्यान्ह 12 बजे हुआ था। आपका जन्म कुम्भ लग्न में हुआ है। कुम्भ राशि का स्वरूप घड़े जैसे होता है, जिस कारण बादल के स्वभाव को समझना मुश्किल है। बादल कब, कॅहा और किस पर बरस जाये। ये अनुमान लगा पाना कठिन है। आपकी पत्री में वर्तमान में केतु की महादशा में बुध का अन्तर व राहु का प्रत्यन्तर चल रहा है। केतु राज्य के कारक भाव दशम में चार ग्रहों के साथ बैठा एंव बुध पंचमेश व अष्टमेश होकर दशम भाव में चार ग्रहों के साथ बैठा है। आपकी कुण्डली में केतु और बुध का आपस में सम्बन्ध बहुत अच्छा है। बादल के लिए यह एक शुभ संकेत है। बादल की कुण्डली में लगाता 12 वर्षो तक मुख्यमन्त्री बने रहने का योग है।
जीवन में अंक 07 का अहम योगदान रहा
अंक ज्योतिष के अनुसार प्रकाश सिंह बादल के जीवन में अंक 07 का अहम योगदान रहा है। जैसे-27 मार्च 1970 को पहली बार पंजाब के मुख्यमन्त्री बने। दूसरी बार आप 1977 में मुख्यमन्त्री बनें। सन् 1997 में तीसरी बार बनें और फिर चौथी बार 2007 में बादल पंजाब के मुख्यमन्त्री बने जो अभी तक पद पर कार्यरत है। इन सभी वर्षो के अंको का अन्तिम अंक 07 रहा है। वर्ष 2017 का अन्तिम अंक भी 07 ही है। यह एक खास संयोग है, जो प्रकृति का शुभ संकेत है। इसी आधार पर कहा जा सकता है भाजपा-अकाली दल गठबन्धन को पंजाब चुनाव में 60-65 सीटें मिलने की सम्भावना है और बादल तीसरी बार हैट्रिक लगाकर पंजाब के अगले मुख्यमन्त्री हो सकते है।
कांग्रेस
पंजाब में कांग्रेस के खेवनहार और मुख्यमन्त्री पद के दावेदार कैप्टन अमरिंदर सिंह का जन्म 11 मार्च 1942 को अपरान्ह 3 बजकर 45 मि0 पर पटियाला में हुआ था। आपका जन्म धनु लग्न में हुआ है। धनु का स्वामी व लग्नेश गुरू छठें भाव में शनि और मंगल के साथ स्थित है। आपके स्वभाव में प्रगति की अत्यधिक भवना है। प्रगति की तीन दशायें रहेंगी। भौतिक, बौद्धिक व अध्यात्मिक।
कैप्टन अमरिंदर सिंह की दशायें अनुकूल
आपकी कुण्डली में वर्तमान में गुरू की महादशा में चन्द्र का अन्तर व बुध का प्रत्यन्तर चल रहा है। वैसे तो गुरू व चन्द्र की दशायें शुभफल कारक होती है लेकिन इस कुण्डली में गुरू लग्नेश व चतुर्थेश होकर छठें भाव में बैठा है। छठा भाव में शुभ ग्रह का बैठना बहुत अच्छा नहीं माना जाता है। चन्द्रमा अष्टमेश होकर गुरू की राशि धनु में होकर लग्न में स्थित है। अष्टमेश चन्द्रमा शुभ व अशुभ दोनों फल देता है। चन्द्रमा गुरू की राशि में बैठा है और कुण्डली में गुरू व चन्द्र की दशायें चल रही है। अतः कैप्टन अमरिंदर सिंह की दशायें अनुकूल ही कही जायेंगी और आपके नेतृत्व में पंजाब में कांग्रेस को 40-47 सीटें मिल सकती है।
आम आदमी पार्टी
दिल्ली के मुख्यमन्त्री और आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविन्द केजरीवाल का जन्म 16 अगस्त सन् 1968 को रात्रि 11 बजकर 46 मि0 पर हरियाणा में हुआ था। आपका जन्म वृष लग्न में हुआ था। वर्तमान में आपकी कुण्डली में गुरू की महादशा में चन्द्र का अन्तर एंव शुक्र का प्रत्यन्तर शुरू होने वाला है, जो 24 मार्च तक चलेगा। गुरू अष्टमेश व लाभेश होकर तीन ग्रहों के साथ चौथे स्थान में बैठा है। चन्द्रमा पराक्रमेश होकर लग्न में उच्च का बैठा है। गुरू और चन्द्र की यह स्थिति केजरीवाल के लिए लाभकारी प्रतीत हो रही है।
आम आदमी पार्टी की सरकार बनना मुश्किल
पंजाब की नाम राशि कन्या है, जो केजरीवाल की कुण्डली में पंचम स्थान में पड़ी है। पंचम स्थान का मालिक बुध चौथे भाव में है, जिसकी सप्तम दृष्टि राज्य के संकेतक दशम भाव पर पड़ रही है। इस समय केजरीवाल के ग्रहों की स्थिति अनुकूल है, जिस कारण पंजाब चुनाव में आम आदमी पार्टी 10-15 सीटें प्राप्त कर अच्छा प्रदर्शन करेगी। आम आदमी पार्टी को सरकार बना पाना मुश्किल है किन्तु सरकार में रहने की आज नही तो कल उम्मीद दिख रही है।












Click it and Unblock the Notifications