बुध का मीन में गोचर, क्या करेगा आपके हाल
नई दिल्ली। ज्ञान, बुद्धि, विवेक, संयम और निर्णय क्षमता का प्रतिनिधि ग्रह बुध 25 फरवरी सोमवार को प्रातः 8.55 बजे मीन राशि में प्रवेश करने जा रहा है। बुध का कुंभ से मीन में गोचर होना सभी प्रकार से शुभ फलदायक साबित होने वाला है। मीन राशि का स्वामी बृहस्पति होने के कारण इसमें बुध का प्रवेश होना समस्त राशि वालों को शुभ फल प्रदान करेगा।

ऐसे होगा बुध का गोचर
25 फरवरी को बुध मीन राशि में प्रातः 8.55 से
5 मार्च से बुध वक्री मीन में रात्रि 11.53 से
15 मार्च से बुध वक्री कुंभ में प्रातः 8.58 से
28 मार्च को बुध मार्गी कुंभ में सायं 7.31 से
11 अप्रैल को बुध मीन में रात्रि 4.22 पर

मार्गी और वक्री डालेगा असर
बुध 25 फरवरी को मीन राशि में प्रवेश करने वाला है। 9 दिन के बाद 5 मार्च से मीन राशि में ही वक्री हो जाएगा और वक्री रहते हुए 15 मार्च को पिछली राशि कुंभ में प्रवेश करेगा। इस राशि में 13 दिन बार यानी 28 मार्च को पुनः मार्गी होगा और 11 अप्रैल से पुनः मीन राशि में गोचर करेगा। 25 फरवरी से 11 अप्रैल तक का पूरा समय राशियों के लिए अस्थिरता वाला रहेगा। जब-जब बुध शनि की राशि कुंभ में जाएगा या वक्री होगा अपना विपरीत असर दिखाएगा और जब-जब बुध मीन में जाएगा या मार्गी होगा अपना शुभ प्रभाव दिखाना प्रारंभ करेगा।

क्या होगा प्रभाव
- बुध का मीन राशि में गोचर और मार्गी होना समस्त राशि वालों के रूके कार्यों में तरक्की लाने वाला होगा। आपके निर्णय को सराहा जाएगा। निर्णय लेने की क्षमता में वृद्धि होगी।
- आर्थिक मामलों के लिहाज से देखा जाए तो बुध का मीन में गोचर और मार्गी होना आर्थिक तरक्की प्रदान करने वाला साबित होगा। धन आगमन के एक से अधिक रास्ते खुलेंगे। पुराना रूका पैसा प्राप्त होगा।
- मिथुन, कन्या और धनु, मीन राशि वालों के लिए विशेष शुभ साबित होगा। इनके भूमि, भवन, संपत्ति संबंधी मामलों का निपटारा होगा। पैतृक संपत्ति प्राप्त होगी।
- कुंभ, मकर और मेष वृश्चिक के लिए बुध का गोचर मिश्रित फलदायी रहेगा। इनके रूके कार्यों में तो तरक्की आएगी, लेकिन आर्थिक रूप से स्थिति सम बनी रहेगी। यानी ना नफा ना नुकसान।
- अन्य राशि वालों के लिए बुध का गोचर मध्यम साबित होगा।

क्या करें गोचर के दौरान
बुध की प्रसन्नता के लिए सभी राशि वाले बुधवार के दिन यह प्रयोग करें। किसी प्राचीन और सिद्ध गणेश मंदिर में गाय के शुद्ध घी के साथ सिंदूर का चोला गणेशजी को चढ़ाएं। गणेश जी का खूबसूरत श्रृंगार करें और पीली मिठाई, मोदक आदि का भोग लगाए। यथाशक्ति गरीबों को भोजन करवाएं और संभव हो तो बुधवार का व्रत रखें।












Click it and Unblock the Notifications