Mars Transit in Cancer 2023: मंगल के नीच राशि कर्क में जाते ही बनेगा शनि से षडाष्टक योग
मंगल-शनि के षडाष्टक योग में सभी राशि के जातक अपने इष्ट देव, अपने गुरु के मंत्रों का जाप करें।

Mars Transit in Cancer 2023: षडाष्टक योग को ज्योतिष में द्वंद्व पैदा करने वाला कहा जाता है। शनि और मंगल का एक-दूसरे से छठे और आठवें भाव में होने षडाष्टक योग बनता है। जब-जब यह योग बनता है तब प्राकृतिक आपदाएं, विवादित स्थितियां, घटना-दुर्घटनाएं, आगजनी, भूस्खलन, भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाएं सामने आती हैं। षडाष्टक का असर सभी राशियों पर भी होता है।
मंगल के सिंह राशि में जाने पर समाप्त होगा
मंगल 10 मई 2023 को दोपहर 1 बजकर 47 मिनट पर अपनी नीच राशि कर्क में प्रवेश कर रहा है। कर्क में जाते ही कुंभ राशि में चल रहे शनि से इसका षडाष्टक योग बन जाएगा। 1 जुलाई को यह योग मंगल के सिंह राशि में जाने पर समाप्त होगा। तब तक सभी राशि के जातकों को विशेष सावधानी रखनी होगी।
राशियों पर असर
- मेष : चतुर्थ और एकादश से षडाष्टक बनेगा। ये दोनों ही स्थान सुख से संबंधित हैं। धन का आगमन बाधित होगा। पारिवारिक सुखों में कमी आएगी। शारीरिक स्वास्थ्य गड़बड़ा सकता है। धन हानि भी हो सकती है अत: सतर्क रहें।
- वृषभ : तृतीय और दशम से मिलकर षडाष्टक बनेगा। भाई-बंधुओं से टकराव और कार्यस्थल पर विवादित स्थिति बन सकती है। जॉब छोड़ना पड़ सकता है। मानसिक रूप से अत्यंत दबाव अनुभव करेंगे। स्वास्थ्य खराब हो सकता है। धन हानि संभव है।
- मिथुन : द्वितीय और नवम में षडाष्टक होगा। धन की तंगी महसूस होगी। पैसा फंस सकता है। इस कारण विवादित स्थित बन सकती है। स्वजन से मतभेद होगा। स्वास्थ्य में सुधार आएगा किंतु ध्यान रखना होगा। वाहन का उपयोग करते समय सावधानी रखनी होगी।
- कर्क : लग्न और अष्टम में होने जा रहा षडाष्टक भयंकर शारीरिक कष्ट दे सकता है। मानसिक और शारीरिक रूप से कमजोर अनुभव करेंगे। परिवार का साथ नहीं मिलेगा। मन दुखी रहेगा। धन आएगा लेकिन उसका अपव्यय अधिक होगा।
- सिंह : द्वादश और सप्तम में होने जा रहा षडाष्टक जीवनसाथी और साझेदारी के कार्यों में विवादित स्थिति बना सकता है। मानसिक भ्रम की स्थिति में रहेंगे। धन को लेकर सतर्क रहना होगा। आय कम खर्च अधिक होगा। स्वयं के स्वास्थ्य का ध्यान रखें।
- कन्या : एकादश और छठे भाव में षडाष्टक रोग वृद्धि करेगा। शत्रु परेशान करेंगे। दैनिक जरूरतों के लिए कर्ज लेना पड़ सकता है। हालांकि जीवनसाथी का सहयोग मिलने से थोड़ी राहत रहेगी। पारिवारिक यात्राएं होंगी। नए लोगों से मेलजोल बढ़ेगा।
- तुला : दशम में मंगल और पंचम में शनि रहने से प्रेम संबंध मजबूत होंगे। विवाहेत्तर संबंध बन सकते हैं। धन का अभाव होगा किंतु नए कार्य भी मिलेंगे। यात्राएं होंगी। कार्यस्थल पर चुनौतियां उत्पन्न होंगी। अवसर चूकने ने सफलताएं हाथ से फिसल सकती हैं।
- वृश्चिक : नवम-चतुर्थ से बन रहा षडाष्टक सुखों को प्रभावित करेगा। पैसों की कमी महसूस होगी। उधार दिया हुआ पैसा अटक सकता है। कुछ नए अवसर सामने आएंगे किंतु उनके पूरा हो पाने में संदेह रहेगा। माता के स्वास्थ्य की चिंता रहेगी।
- धनु : अष्टम-तृतीय से बन रहा षडाष्टक भाई-बंधुओं से टकराव पैदा करेगा। रोगों में वृद्धि होगी। पुराने रोग दोबारा सामने आ सकते हैं और उनके उपचार पर धन खर्च होगा। प्रेम संबंध टूट सकते हैं। परिवार में विवादित स्थिति बन सकती है।
- मकर : सप्तम-द्वितीय के कारण पारिवारिक विवाद, जीवनसाथी से टकराव उत्पन्न होगा। द्वितीय स्थान का शनि क्रोध उत्पन्न करेगा और आपकी वाणी खराब होगी। साझेदारी के कार्यों में विवाद होगा। धन की तंगी होगी। स्वास्थ्य खराब हो सकता है।
- कुंभ : छठा मंगल और लग्न में शनि रोग और शत्रु बढ़ाने वाला है। किसी काम को लेकर भयंकर मानसिक दबाव में रहेंगे। नाते-रिश्तेदारों से सहयोग नहीं मिलेगा। कर्ज लेने की नौबत आ सकती है। कार्यस्थल पर वरिष्ठजनों से मनमुटाव होगा।
- मीन : पंचम मंगल और द्वादश शनि की युति प्रेम संबंध में गर्माहट लाएगी। द्वादश शनि लग्जरी लाइफ पर खर्च करवाएगा। आय के नए साधन मिलेंगे किंतु व्यर्थ का व्यय अधिक होगा। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। शिक्षा के क्षेत्र में रूकावट आ सकती है।
उपाय : शिवजी का पूजन सभी राशि के जातकों को करना चाहिए। हनुमानजी और शनिदेव के नित्य दर्शन पूजन करें।












Click it and Unblock the Notifications