Holi 2022: अपने लकी रंग से खेलेंगे होली तो ग्रह भी रहेंगे प्रसन्न
नई दिल्ली, 18 मार्च। होली रंगों का, खुशियों का, उल्लास का और अपनेपन का त्योहार है। इस त्योहार पर सभी लोग अपनेपन के रंग से हर किसी को रंगते हैं। रंग हमें खुश रहना, मुस्कुराते रहना और हमेशा खिले-खिले रहने की प्रेरणा भी देते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं किअपने लकी रंग से होली खेलने से आप त्योहार की खुशियां दोगुनी कर सकते हैं। कैसे? वो ऐसे किप्रत्येक राशि के जातक का अपना एक लकी कलर होता है, यदि वह उस रंग को अपने आसपास के परिवेश में रखता है और उसका उपयोग करता है तो उस रंग से संबंधित ग्रहों की अनुकूलता प्राप्त होती है। तो इस होली पर आइए जानते हैं आपका लकी कलर कौन सा है और उससे होली खेलने से आप पर क्या प्रभाव पड़ेगा।

ज्योतिष के अनुसार प्रत्येक ग्रह से किरणों, ऊर्जा, रोशनी का उत्सर्जन निरंतर होता रहता है। उससे निकलने वाली वे ऊर्जा किरणें उस ग्रह से संबंधित राशि के जातकों तक अपने पूर्ण प्रभाव में पहुंचती है। उनसे उस जातक को उस ग्रह की विशेष अनुकूलता प्राप्त होती है।
राशियां और उनके लकी कलर
मेष : मेष राशि का स्वामी मंगल है और इसका रंग है लाल और ताम्र। यदि इस होली पर आप मंगल को अपने अनुकूल करना चाहते हैं तो लाल रंग से होली खेलें। लाल के अलावा, तांबे जैसा दिखने वाला रंग और लाल के अनेक शेड्स का उपयोग भी कर सकते हैं।
वृषभ : वृषभ राशि का स्वामी है शुक्र। इस राशि के जातक सिल्वर, बैंगनी, जामुनी रंग से होली खेल सकते हैं। इससे शुक्र भी प्रसन्न होगा और आपका मन भी प्रसन्न रहेगा। साथ ही जिसे आप रंग रंगाएंगे वह भी आपके अनुकूल रहेगा।
मिथुन : इस राशि का स्वामी है बुध। बुध का प्रिय रंग है हरा। इस प्रकार मिथुन राशि के जातकों का प्रिय रंग हुआ हरा। हरा रंग खुशहाली, प्रसन्नता का प्रतीक है। हरे रंग से होली खेलने से ग्रह अनुकूल रहेंगे।
कर्क : कर्क राशि का स्वामी है चंद्र और रंग है सफेद। इस राशि के जातक सिल्वर, गोल्डन या हल्के हरे रंग से होली खेल सकते हैं। आपके लिए हरा और लाल रंग भी अनुकूल रहेगा।
सिंह : सिंह राशि का स्वामी है सूर्य और रंग है पिंक, लाल। आप सिल्वर, गोल्डन और पीले रंग से भी होली खेल सकते हैं। ये सभी रंग आपके लिए लकी हैं।
कन्या : कन्या राशि का स्वामी बुध है और इसका प्रिय रंग है हरा। इसके अलावा आप सिल्वर, गोल्डन, ग्रे, भूरा और कत्थई रंग से भी होली खेल सकते हैं।
तुला : राशि स्वामी शुक्र है और प्रिय रंग है सिल्वर और सफेद। इसके अलावा आप हरा, नीला, काला और जामुनी रंग से भी होली खेल सकते हैं। इससे ग्रह आपके अनुकूल रहेंगे।
वृश्चिक : राशि स्वामी मंगल है और प्रिय रंग है लाल। आप सिल्वर, गोल्डन, पीला, केसरिया रंग से भी होली खेल सकते हैं। इनसे मंगल के साथ सूर्य, चंद्र और बृहस्पति भी अनुकूल होंगे।
धनु : धनु राशि के स्वामी बृहस्पति होने से इस राशि के लिए लकी कलर पीला, केसरिया और गोल्डन है। आप सिल्वर और लाल रंग से भी होली खेल सकते हैं।
मकर : राशि स्वामी शनि है। इस राशि के जातकों का लकी कलर है नीला। आप इस होली पर नीला, काला, जामुनी, हरा और सिल्वर रंग का प्रयोग भी कर सकते हैं।
कुंभ : इस राशि का स्वामी शनि है और लकी कलर है काला। इसके अलावा कुंभ राशि के जातक नीला, जामुनी, बैंगनी और लाल रंग भी होली खेलने में प्रयोग कर सकते हैं।
मीन : मीन राशि के स्वामी बृहस्पति है और लकी रंग है पीला, गोल्डन। होली खेलने के लिए आप सिल्वर, गोल्डन, लाल के सभी शेड्स का प्रयोग भी कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications