भविष्यवाणी: यूपी में भाजपा होगी नंबर 1 पार्टी, नहीं देगा कोई हाथ का साथ
उत्तर प्रदेश की गली-2 में शोर है, चुनाव आयोग के हंटर में जोर है। विश्व के सबसे बड़े लोकतन्त्र में चुनावी महाकुम्भ रूपी मेले में यूपी का अहम रोल है, क्योंकि यहां के 80 शरणार्थियों के तम्बू मेले की शोभा व गरिमा में चार-चांद लगा देते है।
कहते है कि दिल्ली की गद्दी का रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर जाता है, इसलिए यूपी की राजनीति में लगभग सभी पार्टियां अपना परचम लहराने को आतुर रहती है। 80 लोकसभा क्षेत्र वाले यूपी में जातिवाद, धर्मवाद व क्षेत्रवाद की ही राजनीति होती है, लेकिन इस बार नजारा कुछ अलग ही दिख रहा है। सपा, बसपा, कांग्रेस और भाजपा ये चारों पार्टियां अपने-आपको नम्बर एक पर रहने का दावा कर रही है। पर ये तो 16 मई को ही पता चलेगा किस में कितना है दम।
जिस हिसाब से अब तक यूपी में हुए लोकसभा चुनावों में यूपी की जनता ने जोश दिखाया है उससे तो लगता है कि इस बार के चुनावी नतीजे अच्छे-अच्छों की बैंड बजा सकते हैं और चुनावी तस्वीर का एक नया प्रारूप पेश कर सकते हैं।
आईये देखते है कि यूपी के चुनाव में कौन सी पार्टी किस नम्बर पर रहेगी ?

चौथे स्थान पर सपा
प्रधानमन्त्री बनने का सपना संजोये बैठे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव का जन्म 21 नवम्बर सन् 1939 को रात्रि 9:50 मिनट पर इटावा में हुआ था। मुलायम की कुण्डली में इस समय चन्द्र की दशा में केतु का अन्तर एंव गुरू का प्रत्यन्तर चल रहा है। चन्द्रमा लगनेश है एंव भाग्य भाव में अपनी शत्रु राशि में बैठा है। केतु दशम भाव में नीच के शनि के साथ स्थित है। गुरू षष्ठेश एंव भाग्येश होकर भाग्य भाव में बैठा है किन्तु षडबल में काफी कमजोर है। इन सभी कारणों की वजह से समाजवादी पार्टी का यूपी में जनाधार काफी कम होगा और 5-8 सीटों में सिमटकर चौथे स्थान पर आने की सम्भावना है।

कांग्रेस तीसरे नंबर पर
कांग्रेस की कमान अपने हाथों में लेकर पूरे देश में पार्टी की तारीफों के पुल बांधने वाले राहुल गांधी का जन्म 18 जून सन् 1970 को रात्रि 9: 52 मिनट पर दिल्ली में हुआ था। मकर लग्न वाले जातक अत्यधिक महत्वाकांक्षी होते है और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए अपने आस-पास के व्यक्तियों का इस्तेमाल करने में नहीं चूकते है। यह प्रवृत्ति इन्हे स्वार्थी बना देती है। परिस्थितियों के अनुरूप अपने-आपको बदलने में कठिनाई होगी।

नहीं चलेगा राहुल का जादू
इस समय राहुल गांधी की जन्मपत्री में चन्द्र की दशा में मंगल का अन्तर चल रहा है। चन्द्रमा मारकेश व नीच का होकर लाभ भाव में बैठा है। इसकी सातवीं दृष्टि पाचवें भाव पर बड़ रही है। पाचवां भाव मस्तिष्क व जनता का कारक होता है। नीच चन्द्र की दृष्टि पड़ने के कारण राहुल अक्सर बहकी-2 एंव बिना सिर पैर की बाते करते-रहते है, जिसे जनता सुनने में कोई दिलस्पी नहीं लेती है। मंगल चौथे व 11वें भाव का मालिक है और छठें भाव में सूर्य के साथ बैठा है। मंगल व सूर्य का एक साथ छठें भाव में बैठने से स्वयं का व्यक्तित्व प्रभावशाली होता है।
16 मई को परिणाम घोषित होंगे उस दिन पृथ्वी पर ज्येष्ठा नक्षत्र का प्रभाव रहेगा। राहुल का जन्म नक्षत्र भी ज्येष्ठा है। तारा चक्र के अनुसार दोनों का ज्येष्ठा नक्षत्र है। जो अच्छा संकेत नहीं कहा जा सकता है। अतः राहुल के नेतृत्व में कांग्रेस को यूपी में 10-12 सीटें पाकर तीसरे स्थान पर रहकर ही संतोष करना पड़ेगा।

बसपा-दूसरे नंबर पर रहेगी
मयावती का जन्म 15 जनवरी सन् 1956 को सांय 7:50 मिनट पर बादलपुर में हुआ था। आपका जन्म कर्क लग्न में हुआ था। आप नारियल की तरह उपर से कठोर किन्तु अन्दर से बेहद कोमल होगी। वर्तमान में आपकी कुण्डली में बुध की दशा में बुध का ही अन्तर और सूर्य का प्रत्यन्तर चल रहा है। बुध लाभेश एंव द्वादशेश होकर सप्तम भाव में सूर्य व चन्द्र के साथ संग्रस्थ है। बुध वाणी एंव बुद्धि का प्रतिनिधित्व करता है, जो मयावती की जन्मकुडली में ठीक-ठाक स्थिति में दिख रहा है। सूर्य द्वितीयेश होकर सप्तम भाव में बैठा है।
दूसरा स्थान पार्टी का संकेतक होता है। सूर्य व बुध की जोड़ी मायावती के जनाधार को स्थिर रखने में मद्द करेगी एंव बसपा 15-20 सीटें पाकर दूसरे नंबर पर रहेगी।

भाजपा को होगा लाभ
सभ्य, शालीन व वाणी के धनी भाजपा के यूपी अध्यक्ष लक्ष्मीकान्त बाजपेयी जी का जन्म 29 अक्टूबर सन् 1949 को मेरठ में हुआ था। आपके जन्म समय में क्षितिज पर तुला लग्न उदित हो रही थी। तुला लग्न न्याय का प्रतीक है, इसलिए आप न्याय का पक्ष मजबूती से रखने में तनिक भी हिचकिचायेंगे नहीं। आप सन्तुलित मस्तिष्क के होंगे तथा आप किसी के गुण व अवगुण को तौल कर ही विचार रखेंगे। आपमें हर बात को तर्क की कसौटी पर कसने की प्रबल भावना होगी। आप-अपनी बात बिना किसी भूमिका के संक्षिप्त व सारगर्भित रूप में कहने में कुशल होगें।

भाजपा के लिए शुभ समय
वर्तमान समय में आपकी कुण्डली में शनि की महादशा में गुरू का अन्तर एंव शुक्र का प्रत्यन्तर चल रहा है। शनि चतुर्थे एंव पंचमेश होकर लाभ भाव पर कब्जा किये हुये है। गुरू पराक्रमेश व षष्ठेश होकर चतुर्थ भाव में चन्द्र के साथ बैठकर गजकेसरी योग तथा नीचभंग राजयोग का निर्माण कर रहा है। शुक्र लग्नेश एंव अष्टमेश होकर द्वितीय भाव में अपनी मित्र राशि में बैठा है। यानि आपकी लगन व कठिन मेहनत का भाजपा को पूरा लाभ मिलेगा। ग्रहों की ये दशायें अत्यन्त शुभ संकेत दे रही है।

बीजेपी नंबर वन पर
16 मई को लोकसभा चुनाव के परिणाम घोषित होंगे। उस दिन ज्येष्ठा नक्षत्र गोचर करेगा। बाजपेयी जी का नक्षत्र श्रवण है, तारा चक्र के अनुसार श्रवण नक्षत्र से गिनने पर ज्येष्ठा नक्षत्र 24 वें नम्बर पर आता है, जो साधक नक्षत्रों के श्रेणी में आता है। अतः ये सभी शुभ संकेत इस ओर इशारा कर रहे कि बाजपेयी जी की अध्यक्षता में भारतीय जनता पार्टी उ0प्र0 में 40-45 सीटें प्राप्त कर ऐतिहासिक जीत का जश्न मनायेगी एंव लक्ष्मीकान्त बाजपेयी जी को यूपी की अध्यक्षता के दूसरे कार्यकाल की पारी भी खेलने को मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications