Akanksha Dubey मौत केस में नया मोड़, समर सिंह-संजय सिंह को जारी हुआ नोटिस, क्लब के बाद होटल में कैसे मिली लाश?
Akanksha Dubey Case: भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की पॉपुलर एक्ट्रेस अकांक्षा दुबे की संदिग्ध मौत का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। इस केस में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अहम सुनवाई करते हुए कथित आरोपियों, समरजीत सिंह उर्फ समर सिंह और संजय सिंह को नोटिस जारी किया है। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई आगामी 22 मई 2026 की तय की है, जिससे इस बहुचर्चित केस में नई हलचल तेज हो गई है।
कोर्ट ने पुलिस जांच पर जताई सख्ती
जस्टिस सिद्धार्थ और जस्टिस विनय कुमार द्विवेदी की खंडपीठ ने सुनवाई के दौरान वाराणसी के सारनाथ थाना प्रभारी को जवाबी हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने साफ कहा है कि अगर अगली तारीख तक हलफनामा दाखिल नहीं किया गया, तो थाना प्रभारी को व्यक्तिगत रूप से अदालत में उपस्थित होना पड़ेगा। अदालत के इस रुख को मामले में बढ़ती गंभीरता के तौर पर देखा जा रहा है।

क्या आकांक्षा दुबे की हत्या हुई थी?
इलाहाबाद हाईकोर्ट में दाखिल याचिका में दावा किया गया है कि आकांक्षा दुबे की मौत आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या थी। याचिकाकर्ता ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से कराने की मांग की है। याचिका में कहा गया है कि शुरुआती जांच में कई जरूरी पहलुओं को नजरअंदाज किया गया था।
फैसला सुरक्षित रखने के बाद फिर शुरू हुई सुनवाई
इस मामले में 4 मई 2026 को कोर्ट ने सुनवाई पूरी कर फैसला सुरक्षित रख लिया था। वहीं गत 8 मई 2026 (शुक्रवार) को फैसले की उम्मीद की जा रही थी लेकिन अदालत ने कुछ नए बिंदुओं पर दोबारा सुनवाई की जरूरत बताते हुए आगामी 22 मई 2026 की नई तारीख तय कर दी है। कोर्ट के इस फैसले ने केस को और ज्यादा चर्चाओं में ला दिया है।
मां ने लगाए थे हत्या के गंभीर आरोप
-जानकारी के अनुसार मार्च 2023 में वाराणसी के सारनाथ स्थित एक होटल के कमरे में भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे का शव मिला था। इस घटना के बाद उनकी मां मधु दुबे ने समर सिंह और उनके करीबी संजय सिंह पर बेटी की हत्या का गंभीर आरोप लगाया था। हालांकि पुलिस की शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या का मामला बताया गया था।
-मधु दुबे का आरोप था कि उनकी बेटी मानसिक दबाव में थी और उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। इसी आधार पर सारनाथ थाने में आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया था।
मौत से पहले क्लब गई थीं आकांक्षा दुबे
-पुलिस जांच के मुताबिक 25 मार्च 2023 की रात आकांक्षा दुबे बर्थडे पार्टी में जाने की बात कहकर कैब से महमूरगंज स्थित एक क्लब पहुंची थीं। देर रात करीब 1:55 बजे एक युवक उन्हें होटल के कमरे तक छोड़ने गया था। बताया जाता है कि युवक लगभग 17 मिनट बाद होटल के कमरे से बाहर निकल था, जिसके बाद दरवाजा नहीं खुला।
-अगली सुबह जब होटल स्टाफ ने दूसरी चाबी से दरवाजा खोला, तब रूम के अंदर आकांक्षा दुबे मृत अवस्था में मिली थीं। इस घटना ने भोजपुरी इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया था और तब से ये मामला लगातार विवादों और सवालों के घेरे में बना हुआ है।
अब सबकी नजर 22 मई 2026 की सुनवाई पर
हाईकोर्ट की सख्ती और सीबीआई जांच की मांग के बीच अब पूरे मामले पर सबकी नजर 22 मई 2026 की अगली सुनवाई पर टिकी हुई है। ये देखना दिलचस्प होगा कि अदालत इस केस में आगे क्या रुख अपनाती है और क्या आकांक्षा दुबे की मौत का रहस्य आखिरकार सुलझ पाएगा।













Click it and Unblock the Notifications