Bharat Tiwari Encounter: राष्ट्रपति भवन तक गूंजा भरत तिवारी एनकाउंटर मामला, सम्राट सरकार को कड़ा निर्देश
Bharat Tiwari Encounter: भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। यह मामला राष्ट्रपति भवन तक पहुंच गया है। सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता संजीव कुमार सिंह की ईमेल याचिका पर राष्ट्रपति सचिवालय ने संज्ञान लेते हुए बिहार के मुख्य सचिव को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
वहीं राष्ट्रपति भवन ने इस मामले में की गई कार्रवाई की जानकारी याचिकाकर्ता को भी देने को कहा गया है। दूसरी ओर भरत तिवारी की तेरहवीं में हजारों लोगों के जुटने की तैयारी है। इस बीच दोषी बताए जा रहे पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी की मांग भी तेज हो गई है।

Bhojpur Encounter Case में राष्ट्रपति सचिवालय ने लिया संज्ञान
भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से कार्रवाई का निर्देश दिए जाने के बाद यह मामला और गंभीर हो गया है। अधिवक्ता संजीव कुमार सिंह ने 24 जून को राष्ट्रपति को ईमेल के जरिए याचिका भेजी थी। इस पर संज्ञान लेते हुए सचिवालय ने बिहार के मुख्य सचिव को मामले में जरूरी कदम उठाने और की गई कार्रवाई की जानकारी याचिकाकर्ता को देने का निर्देश दिया है। इससे पीड़ित पक्ष को निष्पक्ष जांच की उम्मीद बढ़ी है।
ये भी पढे़ं: Bihar: सिपाही परीक्षा में नकल कराने के लिए खुद ही बन गया अफसर, लेकिन कांड से पहले ही 'मोये-मोये'
पुलिस अधिकारियों की गिरफ्तारी की मांग
याचिकाकर्ता संजीव कुमार सिंह ने कहा है कि भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में दर्ज एफआईआर के आधार पर नामजद सभी पुलिस अधिकारियों की गिरफ्तारी होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित एसडीपीओ, थानाध्यक्ष और एसटीएफ के जवानों पर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो वह आरा व्यवहार न्यायालय में गैर-जमानती वारंट जारी करने के लिए आवेदन देंगे और मुख्य सचिव से मिलकर भी कार्रवाई की मांग करेंगे।
1400 करोड़ के कथित घोटाले का दावा
अधिवक्ता संजीव कुमार सिंह ने दावा किया कि मई 2026 में उनकी भरत तिवारी से मुलाकात हुई थी। उस दौरान भरत ने जवइनिया गांव के विकास के लिए आए करीब 1400 करोड़ रुपये के फंड में बड़े घोटाले का आरोप लगाया था। भरत का कहना था कि इस मामले में कई बड़े प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और मामले की स्वतंत्र जांच होना बाकी है।
ये भी पढे़ं: Bihar Weather Update: बिहार में वज्रपात का कहर, 4 की मौत, पटना समेत 27 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
शिकायत करने पर धमकी मिलने का आरोप
संजीव कुमार सिंह के अनुसार भरत तिवारी ने बताया था कि जब भी वह कथित घोटाले की शिकायत लेकर अधिकारियों के पास जाते थे, तो उन्हें धमकाया जाता था और उनकी शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं होती थी। अधिवक्ता ने कहा कि उन्होंने भरत को इस मामले में हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर करने की सलाह दी थी। लेकिन इससे पहले ही एनकाउंटर की घटना हो गई, जिसके बाद पूरा मामला विवादों में आ गया।
तेरहवीं में जुटेंगे हजारों लोग, आंदोलन की चेतावनी
भरत तिवारी की तेरहवीं को लेकर बिलौटी गांव में बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं। आयोजकों का दावा है कि बिहार समेत कई राज्यों से हजारों लोग श्रद्धांजलि सभा में शामिल होंगे। लोगों के लिए भोजन, बैठने और आराम की विशेष व्यवस्था की गई है। वहीं समर्थकों ने चेतावनी दी है कि यदि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो विधानसभा का घेराव किया जाएगा। इसे देखते हुए प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखे हुए है।












Click it and Unblock the Notifications