Tap to Read ➤

IPL 2022: 5 हिंदी कॉमेंटेटर जिन्हें सुनने का मजा कुछ और ही होगा

आईपीएल 2022 का आगाज 26 मार्च से हो चुका है। यह लीग पूरी दुनिया में बड़ा ब्रांड बन चुकी है। पूरे देश में आईपीएल की पकड़ है जिसके चलते कई भाषाओं में इसकी कमेंट्री भी होती है जिनमें हिंदी ने सबसे तेजी से अपना फैन बेस मजबूत किया है।
अब वह दिन लद चुके हैं जब गुणवत्ता वाली कमेंट्री केवल अंग्रेजी में ही सुनने को मिलती थी क्योंकि कई पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों ने हिंदी कमेंट्री के क्षेत्र में अपनी आवाज दी है जिससे खेल की बारीक समझ दर्शकों के पास उनकी अपनी भाषा में पहुंच रही है।
इस बार जिस आवाज का सबको इंतजार है वह भारत के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री। शास्त्री लंबे समय से कोच के काम के चलते कहीं भी कमेंट्री नहीं कर पा रहे थे। अंग्रेजी के महान कॉमेंटेटर रवि शास्त्री ने इस बार हिंदी में अपनी आवाज फैंस तक पहुंचाने के लिए ट्रेनिंग भी ली है।
आकाश चोपड़ा हिंदी पर अपनी पकड़ के चलते बहुत लोकप्रिय कॉमेंटेटर हैं। वे परिस्थितियों से मुहावरें, कहावत और तुकबंदी निकालने के लिए मशहूर हो चुके हैं। उनका सेंस ऑफ ह्यूमर भी शानदार है और भाषा की तरलता बहुत अच्छी है। आकाश चोपड़ा अनुभवी हैं और इस बार भी वे कानों में अपनी वाणी की गूंज सुनाने जा रहे हैं।
जतिन सप्रू एक मल्टीमीडिया हस्ती हैं जो अपने आपको वीडियो, आडियो के जरिए प्रेजेंट करने में महारत रखते हैं। वे स्टार स्पोर्ट नेटवर्क के लिए काम करते हैं। उन्होंने इंजीनियरिंग छोड़कर जर्नलिज्म के क्षेत्र में कदम रखा और कई क्रिकेटरों के साथ प्रोग्राम किए। आज वे खेल के शानदार विश्लेषक बन चुके हैं।
इरफान पठान भी आकाश चोपड़ा की तरह हिंदी भाषा में शानदार आवाज के साथ तरलता रखते हैं। उनके पास खेल की बारीक समझ है और बहुत ही शांत दिमाग से कमेंट्री करते हैं। पठान बहुत दोस्ताना किस्म की पर्सनलिटी भी हैं जिसके चलते फैंस उनको सुनना और भी अधिक पसंद करते हैं।
सुरेश रैना नए नाम हैं क्योंकि ये पहला आईपीएल होगा जब रैना बतौर खिलाड़ी हिस्सा नहीं ले रहे होंगे। लेकिन मिस्टर आईपीएल अपनी आवाज के जरिए इस बार भी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। रैना हिंदी भाषी क्षेत्र से आते हैं, इसलिए भाषा कोई समस्या नहीं होगी। फैंस बतौर कॉमेंटेटर रैना के विचार सुनने में बहुत उत्सुक होंगे।
अगली स्टोरी

 Antriksh Singh

Credits
Suresh Raina Instagram