डॉक्टर ने पहले ही दिन प्राइवेट अस्पताल से दिया इस्तीफा, कमाई के लिए मरीजों के शोषण की खोल दी पोल, Video वायरल
Young Doctor Video Viral: सोशल मीडिया पर हाल ही में एक वायरल वीडियो ने हड़कंप मचा दिया है, जिसमें एक यंग डॉक्टर ने अपने पहले ही दिन एक प्रतिष्ठित प्राइवेट अस्पताल से इस्तीफा दे दिया। इस घटना ने मरीजों की सुरक्षा और चिकित्सा नैतिकता को लेकर एक तीखी बहस छेड़ दी है।
इस यंग डॉक्टर ने आरोप लगाया कि मैंने प्रतितिष्टित अस्पताल में अपनी जॉब के पहले ही दिन देखा कि मरीजों के हित की बजाय अस्पताल का ध्यान पैसे कमाने पर ज्यादा है। डॉक्टर ने अपने वायरल वीडियो में दावा किया कि उन्हें बिना चिकित्सकीय जरूरत के मरीजों को भर्ती करने और इंटेंसिव केयर यूनिट (आईसीयू) में जरूरत से ज्यादा समय तक रखने के लिए कहा गया, ताकि अस्पताल का बिल बढ़ाया जा सके।

डॉक्टर ने स्पष्ट किया कि अस्पताल में भर्ती और ट्रीटमेंट के सभी महत्वपूर्ण फैसले एक वरिष्ठ चिकित्सक के हाथ में थे, जिनमें ऐसे मरीज भी शामिल थे जिन्हें वास्तव में भर्ती होने की जरूरत नहीं थी।
डॉक्टर बोली- कोई भी पद मरीज की सुरक्षा से बड़ा नहीं
इन अनैतिक प्रथाओं से परेशान होकर डॉक्टर ने तुरंत इस्तीफा दे दिया और कहा, "कोई भी वेतन या पद मरीज की सुरक्षा और चिकित्सा नैतिकता से बढ़करनहीं है।" उनके इस कदम ने हिप्पोक्रेटिक शपथ के प्रति उनकी अटूट श्रृद्धा को सबके सामने रखा।
सोशल मीडिया पर इस वीडियो ने मचाया तहलका
सोशल मीडिया पर यह पोस्ट तेजी से फैली और इसने आम नागरिकों व स्वास्थ्य पेशेवरों दोनों की गहरी चिंता को जगाया। एक उपयोगकर्ता ने डॉक्टर की इस साहस और ईमानदारी की खूब प्रशंसा की, लिखते हुए कहा, "आपने शपथ के वास्तविक अर्थ को साबित कर दिया - बीमारों की रक्षा करना, न कि उन लोगों की जिनकी नीयत खराब है।"
वीडियो देख यूजर्स का भड़का गुस्सा
कई अन्य लोगों ने स्वास्थ्य प्रणाली में व्याप्त भ्रष्टाचार पर आक्रोश व्यक्त किया। एक टिप्पणी में सीधे कहा गया, "सब चोर हैं, करप्टेड हैं, फार्मा कंपनी से पैसा खाते हैं।" इस बीच, कुछ लोगों ने तत्काल नियामक कार्रवाई की मांग की। एक टिप्पणी में @MoHFW_INDIA को टैग करते हुए कहा गया, "अस्पतालों में अनैतिक प्रथाएं बढ़ रही हैं और इसके लिए तत्काल राष्ट्रीय सलाह की आवश्यकता है।"
इस बहस में कुछ यूजर्स ने नैतिक और मानवीय अस्पतालों की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने टिप्पणी की, "एक ऐसे नैतिक अस्पताल के लिए निश्चित रूप से जगह है, जो शायद इन मुनाफखोरों से कहीं बेहतर व्यवसाय कर सकता है।"
एक अन्य यूजर ने स्वास्थ्य सेवा को "सबसे बड़ा आधुनिक घोटाला" बताते हुए गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा, "हिप्पोक्रेसी ओथ एक पाखंड है! अधिकांश निजी अस्पताल किसी भी कीमत पर भारी मुनाफा कमाने के पीछे भागते हैं, हर डॉक्टर के लक्ष्य होते हैं। वे मरीजों की भावनाओं से भी खेलते हैं, उन्हें अधिक खर्च न करने के लिए दोषी महसूस कराते हैं।" मरीजों के शोषण की रणनीतियों की भी कड़ी निंदा की गई।












Click it and Unblock the Notifications