कौन है नदी-नाला साफ करने वाला सुरेंद्र सिंह चौधरी? 21 साल के बिट्टू तबाही की कहानी की क्यों हो रही चर्चा

Surendra Singh Chaudhary (Bittu Tabahi): मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा की अजनार नदी इन दिनों सिर्फ गंदगी की वजह से चर्चा में नहीं है। इस नदी की कहानी बदलने की कोशिश करने वाला एक 21 साल का लड़का भी सुर्खियों में है। नाम है सुरेंद्र सिंह चौधरी। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें 'बिट्टू तबाही' के नाम से जानते हैं।

BSC की पढ़ाई कर रहे सुरेंद्र ने 26 जनवरी 2026 को नदी की सफाई का काम शुरू किया। न उनके पास कोई बड़ी टीम थी, न भारी बजट और न ही जरूरी मशीनें। उन्होंने फावड़ा उठाया और नदी में जमा कचरा निकालने लगे। धीरे-धीरे उनके काम की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर पहुंचीं। फिर मामला ब्यावरा से निकलकर पूरे देश तक पहुंच गया। आज उनकी मुहिम की चर्चा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से लेकर नीदरलैंड की संस्था द ओशन क्लीनअप तक हो रही है।

Surendra Singh Chaudhary

मंदिर जाते-जाते नदी की हालत देखी, यहीं से शुरू हुई कहानी

सुरेंद्र अक्सर अजनार नदी के किनारे बने एक मंदिर में जाते थे। इसी दौरान उन्होंने नदी की हालत देखी। पानी के आसपास कचरा जमा था। बदबू इतनी थी कि लोग वहां से गुजरते वक्त दूर हट जाते थे। यहीं से सुरेंद्र ने तय किया कि कुछ करना चाहिए।

शुरुआत में उनके दिमाग में नदी से कचरा निकालने वाली मशीन बनाने का विचार आया। लेकिन इसके लिए पैसे नहीं थे। फिर उन्होंने सोचा कि मशीन का इंतजार करने से बेहतर है कि जो संभव है, वही किया जाए। उन्होंने खुद नदी में उतरकर सफाई शुरू कर दी।

सांपों का सामना हुआ, हाथ-पैर में संक्रमण भी हुआ

यह काम सिर्फ मुश्किल नहीं था, बल्कि जोखिम भरा भी था। सुरेंद्र बिना किसी बड़े संसाधन के नदी में जमा प्लास्टिक, पॉलीथिन, काई और मलबा निकालते रहे। सफाई के दौरान उन्हें सांप भी मिले। काम करते हुए उनके हाथ-पैर में संक्रमण जैसी दिक्कत भी हुई। इसके बावजूद उन्होंने मुहिम नहीं छोड़ी। उनके कई वीडियो में उन्हें अकेले नदी की सफाई करते देखा जा सकता है। डिजिटल कंटेंट क्रिएटर केआर टॉक्स के मुताबिक, सुरेंद्र अब तक इस काम पर करीब 30 हजार रुपये खर्च कर चुके हैं।

Surendra Singh Chaudhary

'पहले और बाद' की तस्वीरों पर सवाल उठे, फिर नगर पालिका ने क्या कहा?

सुरेंद्र ने सोशल मीडिया पर नदी की सफाई से पहले और बाद की तस्वीरें शेयर कीं। तस्वीरें तेजी से वायरल हुईं। कुछ लोगों ने इन तस्वीरों की सच्चाई पर सवाल भी उठाए। लेकिन ब्यावरा नगर पालिका के अधिकारियों ने तस्वीरों को वास्तविक बताया है। नगर पालिका के सब-इंजीनियर रूपेश कुमार नेताम ने कहा कि सुरेंद्र अजनार नदी की सफाई के लिए लगातार काम करते हैं और नगर पालिका भी उनकी मदद कर रही है।

उन्होंने बताया कि नदी में जमा पुराना कचरा, पॉलीथिन और मलबा हटाने के लिए पोकलेन मशीन लगाई गई। स्थानीय लोग भी सफाई के काम में जुड़े। रूपेश कुमार नेताम ने यह भी बताया कि नगर पालिका हर साल मानसून से पहले नदी और नालों की सफाई करती है। बारिश के दौरान पानी का तेज बहाव भी कुछ जमा मलबे को बहा ले जाता है। उनके मुताबिक, सोशल मीडिया पर दिखाए गए 'पहले और बाद' के फोटो इसी वास्तविक बदलाव को दिखाते हैं।

प्रशासन के मुताबिक नदी में शहर के 5 बड़े गंदे नाले गिरते हैं। इस समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए नगर पालिका ने करीब 14.77 करोड़ रुपये की लागत से सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है।

आनंद महिंद्रा से लेकर सीएम मोहन यादव तक ने बांधे तारीफों के पुल

सुरेंद्र के इस काम ने उद्योगपति आनंद महिंद्रा का ध्यान भी खींचा। आनंद महिंद्रा ने सोशल मीडिया पर उनकी सराहना करते हुए लिखा, "यदि 'लाइक्स' पाने की चाहत समाज में अच्छे बदलाव की वजह बन सकती है, तो मुझे इससे कोई परहेज नहीं है। ब्यावरा के बिट्टू तबाही मेरे मंडे मोटिवेशन हैं।"

इसके बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी सुरेंद्र को भोपाल स्थित अपने आवास पर बुलाकर सम्मानित किया। सीएम मोहन यादव ने कहा, "सुरेंद्र सिंह चौधरी ने अपने दृढ़ संकल्प से न केवल अजनार नदी को नया जीवन दिया, बल्कि यह संदेश भी दिया कि बड़े बदलाव के लिए भीड़ की जरूरत नहीं होती। पूरा प्रदेश आप पर गर्व करता है।"

अब विदेश से भी आया नौकरी का ऑफर, कौन हैं बॉयन स्लैट?

सुरेंद्र की कहानी की पहुंच अब भारत से बाहर भी हो गई है। नीदरलैंड की गैर-लाभकारी संस्था द ओशन क्लीनअप के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी बॉयन स्लैट ने भी उनकी पहल पर प्रतिक्रिया दी। एक्स पर अजनार नदी की 'पहले और बाद' की तस्वीरें शेयर करते हुए एक यूजर ने लिखा कि 20 साल के सुरेंद्र सिंह चौधरी महीनों से प्रदूषित नदी की सफाई अकेले कर रहे हैं।

इस पोस्ट पर बॉयन स्लैट ने सीधा जवाब दिया- "हमारे साथ काम करने आओ।" यानी एक छोटे शहर के 21 साल के बीएससी छात्र की शुरुआत अब एक बड़े सवाल में बदल चुकी है। क्या नदी साफ करने के लिए हमेशा सरकारी मशीनरी, बड़ा बजट और बड़ी टीम का इंतजार करना जरूरी है?

सुरेंद्र की कहानी का जवाब यही है कि शुरुआत एक व्यक्ति भी कर सकता है। लेकिन अजनार नदी को लंबे समय तक साफ रखने के लिए अब सिर्फ सुरेंद्र की मेहनत काफी नहीं होगी। नालों का गंदा पानी रोकना, सीवेज का इलाज करना और स्थानीय लोगों की भागीदारी जरूरी होगी। फावड़े से शुरू हुई 'बिट्टू तबाही' की मुहिम ने कम से कम इतना जरूर दिखा दिया है कि एक अकेला इंसान भी किसी बड़े बदलाव की शुरुआत कर सकता है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+