Indigo Flight में यात्री ने चुराया लाइफ जैकेट, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, लोग बोले-'पब्लिक शेमिंग जरूरी है'
Viral Video Indigo flight: सोशल मीडिया की दुनिया में हर दिन कुछ न कुछ वायरल होता है, लेकिन इस बार जो वीडियो सामने आया है, उसने न सिर्फ लोगों को चौंका दिया है, बल्कि हवाई यात्रा की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता भी पैदा कर दी है। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक यात्री को इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान के दौरान कथित रूप से लाइफ जैकेट चुराते हुए पकड़ा गया।
यह घटना न केवल चौंकाने वाली है, बल्कि यह भी दिखाती है कि कुछ यात्री उड़ान के सुरक्षा नियमों को कितनी लापरवाही से लेते हैं वीडियो की शुरुआत में एक व्यक्ति, जो कैमरे के पीछे है, सामने बैठे यात्री से विनम्रता से कहता है, "भैया, जरा बैग खोलिए।"

जैसे ही वह यात्री हिचकिचाते हुए बैग खोलता है, कैमरे के सामने से एक पीली लाइफ जैकेट निकलती है। यह वही जैकेट है जो हर फ्लाइट में यात्रियों की सीट के नीचे अनिवार्य रूप से रखी जाती है-आपात स्थिति में जान बचाने के लिए।
आरोप लगते ही घबरा गया यात्री
इस वायरल वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया गया, जिसमें कैप्शन था, "A Passenger got Caught Allegedly Stealing Life Jacket on Flight."
वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही जैकेट बाहर निकलती है, आरोपी यात्री बुरी तरह से घबरा जाता है। जब उससे पूछा जाता है कि वह जैकेट क्यों अपने बैग में रख रहा था, तो वह कोई स्पष्ट उत्तर नहीं दे पाता। रिकॉर्डिंग कर रहा व्यक्ति उसे समझाते हुए कहता है, "भैया, ये चीज सही नहीं है।" साथ ही यह भी जोड़ता है कि "आप बैग में डाल रहे हो, ये अगली उड़ान के यात्री के लिए खतरा बन सकता है।"
लाइफ जैकेट फ्लाइट में यात्रियों की सुरक्षा के लिए अनिवार्य उपकरण होता है। इसे सीट के नीचे इसीलिए रखा जाता है ताकि आपातकालीन स्थिति में तुरंत इस्तेमाल किया जा सके। इसे हटाना विमानन सुरक्षा नियमों का उल्लंघन माना जाता है और ऐसा करने पर गंभीर कार्रवाई हो सकती है।
सोशल मीडिया पर पर जमकर छिड़ी बहस
वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। कई यूज़र्स ने घटना को शर्मनाक और खतरनाक बताया। एक व्यक्ति ने लिखा, "एयरप्लेन से ट्रैवल करने से क्लास नहीं आ जाती।" दूसरे यूज़र ने इसे एक आपराधिक कृत्य बताते हुए कहा, "ऐसा करने वाले को सज़ा मिलनी चाहिए, ये अगली उड़ानों के यात्रियों की जान खतरे में डाल सकता है।"
A Passenger got Caught Allegedly Stealing life jacked on Flight:
— Ghar Ke Kalesh (@gharkekalesh) June 25, 2025
pic.twitter.com/TM02zd1jGW
एक तीसरी प्रतिक्रिया में लिखा गया, "पब्लिक शेमिंग जरूरी है, तभी ऐसे बेवकूफों की समझ में कुछ आएगा।" वहीं एक अन्य यूजर ने कटाक्ष करते हुए पूछा, "अगर वाकई जैकेट चुरा लेता तो उसका क्या करता? पूल पार्टी में पहनता क्या? हालांकि अभी तक इसको लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। एयरलाइंस की ओर से जैसे ही कोई आधिकारिक बयान आएगा, रिपोर्ट को अपडेट किया जाएगा।
फ्लाइट सुरक्षा पर उठते सवाल
यह घटना न सिर्फ एक व्यक्ति की गैर-जिम्मेदाराना हरकत को उजागर करती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि उड़ान सुरक्षा को कितनी आसानी से खतरे में डाला जा सकता है। एयरलाइंस को चाहिए कि वे यात्रियों को सुरक्षा उपकरणों के महत्व के बारे में और अधिक जागरूक करें और सुरक्षा जांच को और मजबूत बनाएं।
यह मामला इस बात की भी गवाही देता है कि यात्रियों में जिम्मेदारी और नैतिकता की कमी अब भी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। सोशल मीडिया की मदद से ऐसे मामलों को सामने लाकर लोगों में जागरूकता और जिम्मेदारी का भाव जगाया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications