Vadodara Student Dance Video: 'मैंने सिंपल साड़ी पहनी थी', डांस पर ट्रोल हुई छात्रा ने रोते-रोते बताई पूरी बात
गुजरात के वडोदरा स्थित महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी (MSU) में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान डांस करने वाली छात्रा अब विवादों के केंद्र में है। सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग और अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के सस्पेंशन के बाद छात्रा ने रोते हुए अपना पक्ष रखा है। उसने सीधे तौर पर कांग्रेस और उसके छात्र संगठन NSUI पर उसे निशाना बनाने का आरोप लगाया है। आइए जानतें हैं इस पूरे विवाद की जड़ क्या है?
पूरा मामला यूनिवर्सिटी में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम से शुरू हुआ। यह कार्यक्रम ABVP (अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद) द्वारा आयोजित किया गया था। छात्रा ने बॉलीवुड फिल्म 'बेटा' के मशहूर गाने 'धक-धक करने लगा' पर स्टेज परफॉर्मेंस दी थी। डांस का वीडियो वायरल होते ही NSUI सदस्यों ने इसे शैक्षणिक संस्थान में 'अभद्र' (अशोभनीय) करार दिया।

रागिनी नायक ने की आलोचना
कांग्रेस नेता और NSUI की पूर्व राष्ट्रीय महासचिव रागिनी नायक ने 11 अप्रैल को यह वीडियो साझा करते हुए तीखी आलोचना की। उन्होंने भगवा कपड़ों में छात्रा के डांस और हाव-भाव पर सवाल उठाए। रागिनी नायक ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'कोई और करे तो 'हाहाकार' संघी करे तो 'जय जयकार' ABVP के कार्यक्रम में ये भगवा वस्त्र धारण किए कन्या कैसा नृत्य कर रही हैं। कैसी भाव-भंगिमाएँ हैं। आप भी देखिए !!!
छात्रा का आरोप: 'आवाज दबाने के लिए अकाउंट कराया सस्पेंड'
सोशल मीडिया पर ट्रोल होने के बाद जब छात्रा ने अपना पक्ष रखने के लिए एक वीडियो पोस्ट किया, तो उसका इंस्टाग्राम अकाउंट ब्लॉक हो गया। छात्रा ने इसके लिए कांग्रेस की साजिश को जिम्मेदार ठहराया है।
पीड़ित छात्रा ने कहा कि, 'एक तरफ ये NSUI सदस्य महिला सशक्तिकरण की बात करते हैं, लेकिन जब एक लड़की अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत साबित करने के लिए वीडियो डालती है, तो वे घबरा जाते हैं। उन्होंने अपनी पूरी ताकत लगाकर मेरा अकाउंट सस्पेंड करा दिया। अगर आप सही हैं, तो मेरी आवाज दबाने की कोशिश क्यों कर रहे हैं?'
'यह सिर्फ एक सिंपल साड़ी थी'
छात्रा ने रोते हुए सफाई दी कि उसकी परफॉर्मेंस और पहनावे को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। उसका कहना है कि उसने सिर्फ एक साधारण साड़ी पहनी थी और वह एक सांस्कृतिक प्रस्तुति थी, लेकिन इसे राजनीतिक रंग देकर उसकी छवि खराब की जा रही है। उसने आरोप लगाया कि लोग अपनी विचारधारा (Propaganda) थोपने के लिए एक लड़की की आवाज को चुप करा रहे हैं।
क्या है NSUI?
भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का छात्र विंग है, जिसकी स्थापना 9 अप्रैल 1971 को इंदिरा गांधी द्वारा की गई थी। इसका मुख्य कार्य विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में छात्रों के अधिकारों की रक्षा करना, उनकी समस्याओं को उठाना और शिक्षण संस्थानों में लोकतांत्रिक माहौल बनाए रखना है। NSUI छात्र राजनीति के माध्यम से युवाओं को नेतृत्व के लिए तैयार करता है और शिक्षा नीति, छात्रवृत्ति, और कैंपस सुरक्षा जैसे मुद्दों पर विरोध प्रदर्शन व संवाद के जरिए बदलाव लाने का प्रयास करता है।












Click it and Unblock the Notifications