VIDEO: जंगल में आजादी का अनोखा जश्न, मोर को मिली बाघ की SPG सुरक्षा! वीडियो देख लोग हुए दंग
पूरे देश ने 15 अगस्त 2025 को जोश और गर्व के साथ अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया। आजादी के जश्न के मौके पर प्रकृति ने भी मानो भारत की असली पहचान का अनोखा दृश्य दिखा दिया। सोचिए, जंगल की पगडंडी पर आगे-आगे चलता हुआ मोर और उसके पीछे शान से चलता हुआ बाघ। ये नजारा किसी फिल्मी सीन से कम नहीं, बल्कि भारत की आत्मा का प्रतीक लग रहा था।
79वें स्वतंत्रता दिवस पर उत्तराखंड के चीफ़ कंजरवेटर ऑफ फॉरेस्ट्स डॉ. पीएम धाकटे ने एक ऐसा वीडियो शेयर किया जिसने सोशल मीडिया पर धूम मचा दी। राकेश भट्ट द्वारा शूट किए गए इस वीडियो में जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क के अंदर बाघ को मोर के पीछे-पीछे टहलते हुए देखा जा सकता है। वीडियो देखकर हर कोई हैरान रह गया, क्योंकि आमतौर पर इन दोनों राष्ट्रीय प्रतीकों को एक साथ, इतने शांत और शानदार अंदाज में देखना बेहद दुर्लभ होता है।

वीडियो शेयर करते हुए डॉ. धाकटे ने लिखा, 'क्या अद्भुत दृश्य है, हमारा राष्ट्रीय पशु और राष्ट्रीय पक्षी, एक ही फ्रेम में! ये भारत की जीवंत आत्मा का परफेक्ट प्रतीक है।' इस खास मौके पर बाघ और मोर की यह जोड़ी न सिर्फ जंगल की खूबसूरती को बयां करती है, बल्कि स्वतंत्रता दिवस के जश्न को और भी यादगार बना देती है।
79वां स्वतंत्रता दिवस क्यों रहा यादगार?
पूरे देश ने 15 अगस्त 2025 को जोश और गर्व के साथ अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया। यह दिन दो वजहों से इतिहास में दर्ज हो गया-एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से अब तक का सबसे लंबा और अहम भाषण देकर कई बड़ी घोषणाएं कीं, तो दूसरी तरफ जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क से आया एक अद्भुत वीडियो सोशल मीडिया पर छा गया।
लाल किले की प्राचीर से अपने 12वें लगातार संबोधन में पीएम मोदी ने 104 मिनट तक बोलते हुए जीएसटी सुधार, युवाओं के लिए ₹1 लाख करोड़ की रोजगार योजना, स्वदेशी सेमीकंडक्टर उत्पादन और मिशन सुदर्शन चक्र जैसी ऐतिहासिक पहलें घोषित कीं। यह भाषण न सिर्फ़ रिकॉर्ड लंबा रहा, बल्कि भारत के भविष्य की झलक भी दिखाता नजर आया। इस तरह 15 अगस्त का दिन सिर्फ राजनीतिक और नीतिगत ऐलान की वजह से नहीं, बल्कि प्रकृति के इस अद्भुत तोहफे की वजह से भी हमेशा यादगार रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications