आसमान में आफत! विमान में अचानक टूटा केबिन पैनल, यात्रियों पर गिरा, 'या अली-या अली' की मची चीख-पुकार
Iranian Sepehran Airlines Video: ईरान में मंगलवार (15 सितंबर) को Sepehran Airlines की एक घरेलू उड़ान उस समय अचानक संकट में फंस गई, जब टेकऑफ के कुछ ही देर बाद विमान में तकनीकी खराबी की सूचना मिली। मशहद से करमानशाह जा रहे Boeing 737 को पायलटों ने एहतियात के तौर पर वापस मशहद एयरपोर्ट लाने का फैसला किया।
लैंडिंग के दौरान विमान के केबिन की छत के कुछ पैनल टूटकर यात्रियों के ऊपर गिर गए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यह मामला तेजी से चर्चा में है।

टेकऑफ के बाद अचानक आई तकनीकी खराबी
रिपोर्टों के मुताबिक, विमान ने मशहद एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। इसके कुछ ही समय बाद विमान में तकनीकी समस्या सामने आई। शुरुआती रिपोर्टों में लैंडिंग गियर के टायर में खराबी या उसके फटने की बात कही गई है। कुछ रिपोर्टों में इसके बाद इंजन को नुकसान पहुंचने और विमान में तेज कंपन होने का भी दावा किया गया है।
हालांकि, विमान में वास्तव में क्या खराबी आई थी, इसकी आधिकारिक वजह अभी स्पष्ट नहीं की गई है। पायलटों ने स्थिति को देखते हुए आपातकालीन लैंडिंग की और विमान को वापस मशहद एयरपोर्ट ले आए।
लैंडिंग के वक्त यात्रियों पर गिरने लगे छत के पैनल
सबसे डरावना दृश्य विमान की लैंडिंग के दौरान सामने आया। केबिन की छत की अंदरूनी परत के कुछ हिस्से अचानक टूटकर नीचे आ गिरे। वीडियो में यात्रियों के ऊपर पैनल गिरते और केबिन की आंतरिक संरचना का हिस्सा दिखाई देता है। घटना के दौरान विमान में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वीडियो में कुछ यात्रियों को घबराते हुए देखा जा सकता है और कथित तौर पर कुछ लोग 'या अली' के नारे लगाते सुनाई देते हैं। हालांकि, राहत की बात यह रही कि घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। विमान के सुरक्षित रुकने के बाद यात्रियों और चालक दल को बाहर निकाल लिया गया।
यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से भेजा गया
ब्राजील के समाचार आउटलेट UOL ने ईरान के रजावी खोरासान प्रांत की सरकार के हवाले से बताया कि घटना स्थानीय समयानुसार शाम करीब 5:39 बजे हुई। Sepehran Airlines के प्रवक्ता हसन जाफरी ने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित विमान से उतर गए। इसके बाद उन्हें दूसरी फ्लाइट के जरिए उनकी मंजिल करमानशाह भेजा गया। घटना के बाद मशहद एयरपोर्ट के रनवे को जांच और निरीक्षण के लिए कुछ समय के लिए बंद किया गया था। बाद में इसे फिर से खोल दिया गया।
अब ग्राफिक्स में समझें...

25 अगस्त को भी हुई थी Sepehran Airlines के विमान की घटना
मशहद में Sepehran Airlines के विमान से जुड़ी यह हाल की दूसरी घटना बताई जा रही है। 25 अगस्त को तेहरान से मशहद जा रही Sepehran Airlines की Boeing 737-500 उड़ान IS-4310 लैंडिंग के बाद रनवे से बाहर निकल गई थी। विमान में 127 लोग सवार थे। रिपोर्टों के मुताबिक, विमान का नोज लैंडिंग गियर टूट गया था और विमान रनवे 13L से निकलकर रनवे 13R पर जाकर रुका। उस घटना में भी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई थी। ईरान के नागरिक उड्डयन संगठन ने मामले की जांच शुरू की थी।


Click it and Unblock the Notifications
