Video: खान सर या विकास दिव्यकीर्ति, कौन है सबसे बेस्ट टीचर? अवध ओझा के जवाब ने खत्म कर दी बहस!
Khan Sir vs Vikas Divyakirti, Avadh Ojha Podcast: टीवी न्यूज एंकर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शुभंकर मिश्रा (Shubhankar Mishra) ने मशहूर यूपीएससी कोच अवध ओझा (Avadh Ojha) के साथ एक पॉडकास्ट किया। इस बातचीत में पढ़ाई के तरीके और अच्छे शिक्षक की पहचान पर दिलचस्प चर्चा हुई। इसी दौरान शुभंकर मिश्रा ने सवाल पूछा कि बेहतर शिक्षक कौन हैं- खान सर (Khan Sir) या डॉ. विकास दिव्यकीर्ति (Vikas Divyakirti)? आइए जानते हैं इस सवाल के जवाब में अवध ओझा ने किसका और क्यों नाम लिया।
इस सवाल पर अवध ओझा ने सीधा खान सर का नाम लिया। और उनके पढ़ाने के अंदाज़ की खास तारीफ की और बताया कि एक अच्छा शिक्षक वही होता है जो कठिन विषयों को भी बेहद आसान बना दे।

क्या बोले अवध ओझा?
अवध ओझा ने कहा कि 'उनके हिसाब से अच्छा टीचर वही है जिसने शिक्षा को बहुत सरल बना दिया हो। उन्होंने कहा कि खान सर ने पढ़ाई का इतना सरलीकरण कर दिया है कि रिक्शा चलाने वाला व्यक्ति भी उनसे पढ़ सकता है और समझ सकता है। ओझा ने बताया कि उन्होंने खुद लखनऊ में हनुमान मंदिर के सामने एक बैटरी रिक्शा चालक को मोबाइल पर खान सर की क्लास देखते हुए पढ़ते देखा था।
उनके मुताबिक, अगर बैटरी रिक्शा चलाने वाला व्यक्ति भी किसी शिक्षक से पढ़कर समझ सकता है, तो उस शिक्षक की काबिलियत पर कोई प्रश्नचिन्ह नहीं लगाया जा सकता। इतना सुनते ही शुभांकर मिश्रा ने भी कहा कि उन्होंने पहले खान सर का एक वीडियो देखा था और उनका पढ़ाने का तरीका ऐसा है कि बातें तुरंत समझ में आ जाती हैं और कई चीजें जीवनभर याद रह जाती हैं।
कितने पढ़े-लिखे हैं डॉ. विकास दिव्यकीर्ति (Vikas Divyakirti)?
डॉ. विकास दिव्यकीर्ति की पढ़ाई काफी मजबूत रही है। उन्होंने हिंदी साहित्य में Ph.D. (डॉक्टरेट) की है, इसलिए उनके नाम के आगे डॉ. लगाया जाता है। इसके अलावा उन्होंने हिंदी और समाजशास्त्र में MA, M.Phil, LLB और इंग्लिश-हिंदी ट्रांसलेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी किया है।
खास बात यह है कि उन्होंने 1996 में अपने पहले ही प्रयास में UPSC सिविल सेवा परीक्षा पास की थी और उन्हें 384वीं रैंक मिली थी। कुछ समय तक उन्होंने भारत सरकार के गृह मंत्रालय में काम भी किया, लेकिन बाद में नौकरी छोड़कर सिविल सेवा की तैयारी कराने के लिए दृष्टि IAS की शुरुआत की।
कितने पढ़े-लिखे हैं खान सर (Khan Sir)?
खान सर की पढ़ाई का बैकग्राउंड विज्ञान से जुड़ा है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन करने के बाद M.Sc. (मास्टर ऑफ साइंस) की डिग्री हासिल की। हालांकि उनकी पहचान सिर्फ डिग्री से नहीं, बल्कि पढ़ाने के अंदाज़ से बनी है। खान सर कठिन विषयों को हिंदी और भोजपुरी के मिश्रण वाली आसान भाषा में समझाने के लिए जाने जाते हैं।
उन्होंने भारतीय सेना में जाने की भी कोशिश की थी, लेकिन मेडिकल कारणों की वजह से उनका चयन नहीं हो सका। इसके बाद उन्होंने पढ़ाने का रास्ता चुना और आज Khan Global Studies के जरिए लाखों छात्रों को कम फीस में पढ़ा रहे हैं।
दोनों शिक्षकों को हासिल है महारथ
अगर सिर्फ डिग्री और पढ़ाई की बात करें, तो डॉ. विकास दिव्यकीर्ति के पास ज्यादा डिग्रियां हैं। वहीं खान सर की सबसे बड़ी ताकत पढ़ाने का आसान तरीका है, जिससे आम छात्र भी मुश्किल विषयों को जल्दी समझ लेता है। यही वजह है कि दोनों शिक्षक अपने-अपने तरीके से छात्रों के बीच काफी लोकप्रिय हैं।












Click it and Unblock the Notifications