WhatsApp पर एक क्लिक ने सरकारी कर्मचारी के खाते से उड़ा दिए पैसे, मामला जानकर रह जाएंगे हैरान
Wedding Invite Scam: महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के एक सरकारी कर्मचारी के लिए WhatsApp पर आया एक डिजिटल शादी का निमंत्रण स्वीकार करना भारी पड़ गया। एक गलत क्लिक के चलते कर्मचारी के खाते से करीब दो लाख रुपये की ठगी हो गई।
साइबर धोखाधड़ी के शिकार व्यक्ति को व्हाट्सएप पर एक अनजान नंबर से 30 अगस्त को एक शादी में आने का निमंत्रण मिला था। मैसेज में लिखा था, 'स्वागत है। शादी में जरूर आइए। प्यार ही वो चाबी है जो खुशियों के द्वार खोलती है।' नीचे शादी के निमंत्रण की एक पीडीएफ फाइल दिखाई दे रही थी।

APK फाइल से बनाया शिकार
हालांकि, यह एक एंड्राइड एप्लीकेशन पैकेज (APK) फाइल थी जिसे शादी के कार्ड के रूप में इस्तेमाल करके यूज़र्स के फोन हैक करके संवेदनशील डेटा चुराया गया था। जैसे ही पीड़ित ने फाइल पर क्लिक किया, साइबर अपराधियों ने डेटा एक्सेस कर लिया और 1,90,000 रुपये खाते से उड़ा दिए।
अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज
हिंगोली पुलिस स्टेशन और साइबर सेल विभाग में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शादी के निमंत्रण का यह घोटाला पिछले साल तब सामने आया था जब कई लोगों ने इसमें अपना पैसा गंवा दिया था।

APK फाइल से कैसे होती है ठगी
यह घोटाला एक व्यक्ति को व्हाट्सएप पर शादी का निमंत्रण मिलने से शुरू हुआ था। क्लिक करते ही APK फ़ाइलें फ़ोन पर डाउनलोड हो जाती हैं, जिसके बाद साइबर अपराधी व्यक्ति की गतिविधियों पर नजर रख सकते हैं। वे फ़ोन में मौजूद डेटा का इस्तेमाल करके किसी को भी ठग सकते हैं, फ़ोन का मालिक बनकर पैसे मांग सकते हैं। पुलिस ने पिछले साल एक चेतावनी जारी की थी, जिसमें लोगों को सतर्क रहने और अनजान सोर्स से प्राप्त फ़ाइलें डाउनलोड न करने की सलाह दी गई थी।












Click it and Unblock the Notifications