'वो Delivery Boy नहीं था', महिला की आंखों में क्यों आए आंसू? सड़क पर बैठे डिलीवरी एजेंट ने क्या सिखा दिया?
Delivery Boy Emotional Story: ऑनलाइन शॉपिंग के दौर में किसी सामान को पसंद न आने पर उसे वापस करना हमारे लिए बेहद सामान्य बात है। कुछ क्लिक में रिटर्न रिक्वेस्ट होती है और थोड़ी देर बाद पिकअप एजेंट सामान लेने पहुंच जाता है लेकिन कर्नाटक की एक महिला के लिए एक साधारण-सा रिटर्न कुछ ऐसा सबक छोड़ गया, जिसे वो शायद कभी नहीं भूल पाएंगी। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और इसे देखकर लोग इमोशनल हो रहे हैं।
पिकअप एजेंट की इमोशनल स्टोरी ने दिल को छुआ
कर्नाटक की रहने वाली शीतल प्रसाद (Sheetal Prasad) ने इस पूरे अनुभव का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने ज्वैलरी ऑर्डर की थी लेकिन बाद में उसे वापस करने का फैसला किया। रिटर्न के लिए पिकअप एजेंट उनके पास पहुंचा और सामान लेकर सड़क किनारे बैठकर रिटर्न की प्रक्रिया पूरी करने लगा। यही छोटा-सा पल शीतल के लिए बेहद इमोशनल कर देने वाला बन गया।

रिटर्न के दौरान बदला शीतल का नजरिया
-शीतल प्रसाद ने वीडियो के साथ शेयर किए अपने पोस्ट में बताया कि आमतौर पर हमारे लिए किसी सामान को ऑर्डर करना या उसे वापस करना एक सामान्य प्रक्रिया होती है लेकिन उस दिन ज्वैलरी वापस करते समय उनकी नजर उस व्यक्ति पर गई, जो उनका सामान लेकर सड़क पर बैठा था।
-शीतल को अचानक महसूस हुआ कि जिस डिलीवरी या पिकअप को हम महज एक सर्विस समझते हैं, उसके पीछे भी एक इंसान होता है। उसकी अपनी जिंदगी, परेशानियां, जिम्मेदारियां और संघर्ष हो सकते हैं, जिनके बारे में ग्राहक (Customer) को कुछ भी पता नहीं होता।
'हर डिलीवरी के पीछे एक इंसान है'
शीतल प्रसाद ने अपने पोस्ट में इसी सोच को सामने रखा। उनका कहना था कि हम अक्सर हर डिलीवरी, पिकअप और ऑनलाइन ऑर्डर को सिर्फ एक सुविधा के तौर पर देखते हैं। हमें ये याद रखना चाहिए कि इस पूरी प्रक्रिया को पूरा करने वाला व्यक्ति भी हमारी तरह एक इंसान है। वह किस परिस्थिति से गुजर रहा है, दिनभर में कितनी मेहनत करता है और किन चुनौतियों का सामना करता है, इसका अंदाजा हमें नहीं होता। शीतल के मुताबिक इसी एहसास ने उन्हें उस वक्त इमोशनल कर दिया और उनकी आंखों में आंसू आ गए थे।
वीडियो में दिखा इमोशनल कर देने वाला पल
शेयर किए गए वीडियो में शीतल पिकअप एजेंट को ज्वैलरी का बॉक्स लौटाती नजर आती हैं। सामान लेने के बाद एजेंट सड़क पर बैठ जाता है और रिटर्न की प्रक्रिया पूरी करने में जुट जाता है। सड़क किनारे बैठकर काम करते उस शख्स को देखकर शीतल को एहसास हुआ कि हमारी छोटी-सी ऑनलाइन शॉपिंग सुविधा के पीछे किसी दूसरे इंसान की मेहनत जुड़ी होती है। यही बात उन्हें इतना भावुक कर गई कि उन्होंने इस अनुभव को दूसरों के साथ शेयर करने का फैसला किया।
सोशल मीडिया यूजर्स भी हुए भावुक
-शीतल का वीडियो सामने आने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने उनकी बात से सहमति जताई। लोगों ने कहा कि रोजमर्रा की जिंदगी में हम अक्सर उन लोगों की मेहनत को नजरअंदाज कर देते हैं, जो हमारी सुविधा के लिए लगातार काम करते हैं। एक यूजर ने शीतल के वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा- सम्मान और सहानुभूति के बीच फर्क समझना जरूरी है। डिलीवरी एजेंट भी उतनी ही ईमानदारी और मेहनत से अपना काम करते हैं, जितना कोई ऑफिस में काम करने वाला व्यक्ति।
-वहीं एक दूसरे यूजर ने लिखा- बिना कुछ जाने अगर किसी दूसरे व्यक्ति की जिंदगी और संघर्ष को देखकर आपके भीतर संवेदना पैदा होती है, तो ये अपने आप में बहुत बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में किसी से सिर्फ पानी के लिए पूछ लेना या कुछ पल सम्मान से बात कर लेना भी मायने रखता है।
-इस छोटे से रिटर्न मोमेंट ने शीतल को ये याद दिलाया कि हमारी रोजमर्रा की सुविधाओं के पीछे कई अनदेखे हाथ और अनकही कहानियां होती हैं। शायद इसी वजह से उनका ये वीडियो सिर्फ एक डिलीवरी एजेंट की कहानी नहीं बल्कि इंसानियत और संवेदना की एक छोटी-सी याद बनकर सोशल मीडिया पर लोगों का दिल छू रहा है।


Click it and Unblock the Notifications
