'नारी तो हमारी लक्ष्मी है', FIR की मांग उठते ही सामने आए अनिरुद्धाचार्य, लड़कियों पर दिए बयान पर मांगी माफी
मथुरा के प्रसिद्ध कथावाचक अनिरुद्धाचार्य महाराज (Aniruddhacharya Maharaj) के एक बयान ने उन्हें मुश्किल में डाल दिया है। एक धार्मिक सभा में महिलाओं पर कथित तौर पर प्री-मैरिटल रिलेशनशिप को लेकर उनके द्वारा की गई टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है।
इस मामले में मथुरा बार एसोसिएशन ने भी कड़ी आपत्ति जताई। इसके साथ ही वकीलों के एक प्रतिनिधिमंडल ने कथावाचक के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की। मामला बढ़ता देख अब महाराज ने खुद सामने आकर सफाई दी है।

इस विवाद की शुरुआत उस वक्त हुई जब उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर लड़कियों के चरित्र पर टिप्पणी की थी। कथावाचक ने कहा कि पहले 14 साल की उम्र में लड़कियों की शादी हो जाती थी। आजकल 25 की उम्र तक शादी होती है और तब तक वे तीन-चार बार संबंध बना चुकी होती हैं।'
अनिरुद्धाचार्य ने दी सफाई, मांगी माफी
विवाद बढ़ने के बाद कथावाचक अनिरुद्धाचार्य ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उनकी बात को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया। उन्होंने कहा कि, 'मुझे आप लोगों के द्वारा सूचना मिली कि हमारी कुछ बहनें नाराज हैं, क्योंकि उन लोगों ने आधी एक वीडियो सुनी। जिस वीडियो में कहा गया कि आज आजकल 25 साल की लड़की लिव-इन में रहकर चार जगह संबंध बनाकर किसी के घर की बहू बनकर जाएंगी, तो आप ही बताइए क्या वो रिश्ते को निभा पाएंगी?'
'ये बात सिर्फ कुछ लड़कियों के लिए है'
उन्होंने आगे कहा कि, 'इसलिए लड़की हो या लड़का, दोनों को चरित्रवान होना चाहिए। और ये बात कुछ लड़कियों के लिए है। बात ये कही गई कि कुछ लड़कियां ऐसी हैं। मैंने उदाहरण दिया था राजा रघुवंशी की पत्नी का, जो 25 साल की उम्र में शादी के बाद पराए पुरुष के कारण अपने पति की हत्या कर बैठी थी।' लेकिन मेरे वीडियो से कुछ हिस्से काटकर पेश किए गए हैं और गलत इस्तेमाल किया गया है।
'किसी बहन-बेटी का दिल दुखा हो तो मैं क्षमा चाहता हूं'
उन्होंने कहा कि मेरे द्वारा कभी किसी नारी का अपमान नहीं किया जा सकता। नारी तो हमारी लक्ष्मी है। हमारे वृजमंडल में तो स्याम सुंदर खुद राधा रानी के चरण दबाते हैं। नारी के अपमान का तो कोई सवाल ही नहीं उठता। फिर भी मेरी आधी-अधूरी बात सुनकर किसी बहन-बेटी का दिल दुखा हो तो मैं क्षमा चाहता हूं।












Click it and Unblock the Notifications