पंजाब की तरह हरियाणा के सीएम भी लें अगर फैसला तो पूरी कैबिनेट को करना पड़ जाएगा बर्खास्त- रामपाल माजरा
चंडीगढ़, मई 25। पंजाब में स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को भ्रष्टाचार के एक मामले में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बर्खास्त कर दिया, जिसके बाद उनके इस फैसले की तारीफ विपक्षी दल भी कर रहे हैं। भगवंत मान के विजय सिंगला को बर्खास्त करने वाले फैसले को हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने सराहा है। उन्होंने कहा है कि बेईमानी को खत्म करने के लिए अगर ईमानदारी से काम किया है, तो सराहनीय बात है। वहीं हरियाणा में विपक्षी नेता रामपाल माजरा ने सत्तापक्ष भाजपा पर तंज कसा है और कहा है कि अगर हरियाणा में ऐसा स्टेप उठाया गया तो पूरी कैबिनेट को ही बर्खास्त किया जाएगा।

पूरी कैबिनेट करनी पड़ेगी बर्खास्त
हरियाणा के पूर्व भाजपा नेता व इनेलो सरकार के पूर्व मंत्री रामपाल माजरा ने कहा कि एक प्रतिशत कमीशन के मामले में पंजाब में मंत्री पकड़ा गया है, लेकिन आवाज हरियाणा में बहुत गूंज रही है 8 प्रतिशत। हरियाणा के एक युवराज व उनके परिवार ने तो कमीशन के मामले में हरियाणा के चारों कोने पकड़े हुए हैं, पूरी कैबिनेट को ही बर्खास्त करना पड़ सकता है।
विपक्ष के निशाने पर हरियाणा सरकार
हरियाणा में कांग्रेस, इनेलो और आम आदमी पार्टी सत्तापक्ष पर भ्रष्टाचार के आरोप लगातार लगा रही है। आप तो लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़कों के निर्माण में घटिया सामग्री को लेकर गठबंधन सरकार को लगातार घेर रही है।