Raksha Bandhan को किस समय बांधें राखी? जानें पूर्णिमा तिथि, शुभ मुहूर्त, 27 साल बाद बना दुर्लभ योग
Raksha Bandhan 2026: रक्षाबंधन का त्योहार इस बार 28 अगस्त को मनाया जाएगा। भाई-बहन के इस खास पर्व पर राखी बांधने के समय को लेकर लोगों के मन में कई सवाल हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर पूर्णिमा तिथि सुबह खत्म हो जाएगी, तो क्या उसके बाद राखी बांधना शुभ रहेगा?
साथ ही कई लोग यह भी जानना चाहते हैं कि उदया तिथि होने पर पूर्णिमा का असर पूरे दिन रहता है या नहीं। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार इस बार रक्षाबंधन पर भद्रा का साया नहीं रहेगा। ऐसे में बहनों के पास भाई को राखी बांधने के लिए अच्छा समय रहेगा। वहीं, इस बार कई शुभ योग बनने की भी बात कही जा रही है। करीब 27 साल बाद ऐसा संयोग बताया जा रहा है, जब रक्षाबंधन भद्रा से मुक्त रहेगा।

कब खत्म होगी पूर्णिमा तिथि?
रक्षाबंधन के दिन पूर्णिमा तिथि सुबह तक रहने वाली है। पंचांग के अनुसार पूर्णिमा 28 अगस्त की सुबह करीब 9:38 बजे तक रहेगी। इसके बाद भादों मास की प्रतिपदा यानी पड़वा तिथि शुरू हो जाएगी। धार्मिक मान्यता में पड़वा तिथि पर राखी बांधना शुभ नहीं माना जाता। इसलिए जो लोग पूर्णिमा तिथि में ही राखी बांधना चाहते हैं, उनके लिए सुबह का समय सबसे बेहतर रहेगा।
ये भी पढ़ें: रक्षाबंधन 27 या 28 अगस्त? राखी बांधने की सही तारीख, शुभ मुहूर्त और भद्रा का समय
हालांकि, उदया तिथि को लेकर भी एक मान्यता है। इसके अनुसार जिस तिथि में सूर्योदय होता है, उसका महत्व पूरे दिन माना जाता है। इसलिए कुछ ज्योतिषियों का कहना है कि भद्रा नहीं होने की वजह से 28 अगस्त को दिन में भी राखी बांधी जा सकती है।
27 साल बाद भद्रा से राहत
इस बार रक्षाबंधन पर भद्रा को लेकर भी राहत की बात कही जा रही है। पंचांग के अनुसार पूर्णिमा के साथ लगी भद्रा 27 अगस्त को रात करीब 8:54 बजे खत्म हो जाएगी। यानी 28 अगस्त को रक्षाबंधन के समय भद्रा का प्रभाव नहीं रहेगा। इसी वजह से इस बार का रक्षाबंधन खास माना जा रहा है। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार करीब 27 साल बाद ऐसा संयोग बन रहा है, जब रक्षाबंधन का त्योहार भद्रा के साये से मुक्त रहेगा।
बन रहे हैं कई शुभ योग
ज्योतिष के अनुसार इस बार रक्षाबंधन पर शतभिषा नक्षत्र रहेगा। इसके साथ अतिगंड, शोभन, श्रीवत्स, सौम्य और यायीजय समेत कुल 11 योग बनने की बात कही गई है। इसके अलावा इस दिन चंद्राधि, बुधादित्य, विमल विपरीत राजयोग, धन योग, उभयचरी, शकट और सुनफा योग का भी संयोग बताया जा रहा है। इन योगों के कारण इस बार रक्षाबंधन को ज्योतिष की नजर से काफी खास माना जा रहा है।
रक्षाबंधन पर ऐसे करें पूजा
राखी बांधने से पहले सुबह स्नान करके साफ कपड़े पहनें। इसके बाद पूजा की थाली तैयार करें। थाली में राखी, दीपक, रोली, कुमकुम, अक्षत, मिठाई और नारियल रखें। सबसे पहले भगवान की पूजा करें। इसके बाद भाई को अपने सामने बैठाकर उसके माथे पर रोली या कुमकुम से तिलक लगाएं। तिलक के बाद अक्षत लगाएं और भाई की कलाई पर राखी बांधें। इसके बाद भाई को मिठाई खिलाएं।
नारियल पर भी तिलक करके उसे पूजा की थाली में रखा जा सकता है। इस तरह शुभ समय में पूजा करने के बाद भाई की कलाई पर राखी बांधने की परंपरा पूरी की जाती है।
ये भी पढ़ें: राखी पर घर जाना हुआ आसान! दिल्ली-एनसीआर समेत यूपी के इन शहरों के लिए चलेंगी 14 स्पेशल ट्रेनें


Click it and Unblock the Notifications
