Mehendi Significance: क्यों शादी से पहले दुल्हा-दुल्हन को लगाई जाती है मेंहदी?
ऐसा माना जाता है कि जिस लड़की की हाथों पर मेंहदी ज्यादा रचती है उसे उसका पति और सास का बहुत ज्यादा प्यार और दुलार मिलता है।

Mehendi Significance: 'मेंहदी प्यार भी है और श्रृंगार भी है...' इसके बिना ना तो शादी पूरी होती है और ना ही कोई त्योहार, दुल्हन का शृंगार तब तक अधूरा है, जब तक उसके हाथों में मेंहदी ना लगाई जाए, वैसे कुछ जगहों पर मेंहदी केवल दुल्हन को ही नहीं लगती है बल्कि दूल्हे को भी लगाई जाती है लेकिन क्या कभी आपने ये सोचा कि आखिर मेंहदी दुल्हा-दुल्हन को लगाई क्यों जाती है? अगर नहीं तो चलिए आज इस बारे में आपको विस्तार से बताते हैं।
शुभता का प्रतीक मेंहदी
दरअसल दुल्हन के सोलह श्रृंगार का हिस्सा मेहंदी शुभता का प्रतीक है इसलिए शादी में जहां ये दुल्हा-दुल्हन के श्रृंगार के तौर पर प्रयोग होती है, वहीं दूसरी ओर ये शुभ करने के लिए भी ये लड़का-लड़कियों के हाथ-पैरों में लगाई जाती है।
ससुराल से नाता जोड़ती है मेंहदी
ये सौभाग्य की भी निशानी कही जाती है, ऐसा माना जाता है कि जिस लड़की की हाथों पर मेंहदी ज्यादा रचती है उसे उसका पति और सास का बहुत ज्यादा प्यार और दुलार मिलता है। इसलिए तो हर लड़की मेंहदी लगाने के बाद हर वो हथकंडे अपनाती है, जिससे उसकी मेंहदी का रंग और चोखा हो जाए।

रिश्तों का महत्व समझाती है मेंहदी
कुछ लोगों का कहना है कि मेंहदी एक सबक के लिए भी दुल्हा-दुल्हन को लगाई जाती है, जिस तरह से वो ही मेंहदी रंग लाती है, जो कि अच्छे से घिसी होती है, यानी कि जो जितना घिसता है, वो उतना ही खिलता है लेकिन इसके लिए काफी संयम चाहिए, इसलिए नए रिश्ते में बंधने वाले दूल्हा और दुल्हन को ये बताया जाता है कि मेंहदी की ही तरह उन्हें अपने रिश्ते को काफी संयम से संजोकर रखना है और अपना पूरा प्रेम और समर्पण देना है. अगर वो ऐसा करने में सफल रहते हैं तो उनका रिश्ता भी मेंहदी की ही तरह काफी गाढ़ा और गहरा हो जाएगा।
आकर्षण और प्रेम बढ़ाती है मेंहदी
ये ही नहीं परंपरागत शृंगार के रूप में प्रयोग होने वाली मेंहदी का गाढ़ा रंग और महक कामोत्तेजना बढ़ाने में भी मदद करता है इसलिए आदिकाल से शादी के दौरान दूल्हा और दुल्हन को मेंहदी लगती आ रही है। ये दो लोगों के बीच आकर्षण और प्रेम बढ़ाने का काम करता है।

घबराहट कम करती है मेंहदी
वैसे मेंहदी से इंसान को स्वास्थ्य लाभ होते हैं इसलिए लोग इसका प्रयोग हाथों के अलावा बालों पर भी बहुतायत से करते हैं। मेंहदी इंसान को शांत रखता है, तनाव कम करता है। शादी के दौरान हर दूल्हा और दुल्हन को काफी टेंशन होती है, चाहे लव मैरिज हो या फिर अरेंजड मैरिज शादी को लेकर थोड़ी घबराहट हो ही जाती है,ऐसे में मेंहदी दोनों के लिए औषिधी का भी काम करती है। वैसे मेंहदी सिरदर्द में भी मददगार है और हीलिंग का भी काम करती है।












Click it and Unblock the Notifications