Makar Sankranti 2024: सूर्य ने किया मकर राशि में प्रवेश, करें राशि के अनुसार दान, मिलेगा मान-सम्मान
Makar Sankranti 2024: सूर्य देव के मकर राशि में प्रवेश करने के साथ ही देवताओं का दिन अर्थात् उत्तरायण प्रारंभ होता है। इस बार सूर्यदेव 14-15 जनवरी की मध्यरात्रि में 2 बजकर 42 मिनट से मकर राशि में प्रवेश कर रहे हैं। इसलिए मकर संक्रांति का पर्वकाल 15 जनवरी को मनाया जाएगा।

सूर्यदेव के मकर राशि में प्रवेश करने का दिन अत्यंत विशेष होता है। इस दिन धनु मलमास समाप्त होता है। इसलिए इस दिन पवित्र नदियों में स्नान के बाद दान-पुण्य करने का विशेष महत्व होता है किंतु अपनी राशि के अनुसार यदि दान करेंगे तो विशेष फलों की प्राप्ति होगी।
- मेष : मेष राशि के जातक मकर संक्रांति के दिन गेहूं और गुड़ का दान गरीबों को दें। इससे आपके सारे संकट दूर होंगे और आपके जीवन में खुशहाली आएगी। गेहूं-गुड़ के दान से आपका मंगल ग्रह ठीक होगा और आपको सुख-समृद्धि प्राप्त होगी।
- वृषभ : वृषभ राशि के जातक मकर संक्रांति के दिन चावल और सफेद चंदन का दान दें। आपका शुक्र ग्रह ठीक होगा। इससे आपके भौतिक सुखों में वृद्धि होगी और मान-सम्मान बढ़ेगा। आपके दांपत्य जीवन के सारे संकट दूर होंगे। पैसा आएगा।
- मिथुन : मिथुन राशि के जातक मकर संक्रांति के दिन ब्राह्मणों को खड़े मूंग का दान दें। इस दिन गायों को हरा चारा खिलाएं। इससे आपका बुध ग्रह ठीक होगा और आपको अपने किए गए सभी कार्यों का शुभ फल प्राप्त होगा। स्वास्थ्य ठीक होगा।
- कर्क : कर्क राशि के जातक मकर संक्रांति के दिन दूध-दही का दान गरीबों को दें। गरीब बच्चों को दूध पिलाने से आपका चंद्र ठीक होगा और इससे आपके सारे रोग दूर हो जाएंगे। आपको मानसिक शांति प्राप्त होगी और धन का आगमन होने लगेगा।
- सिंह : सिंह राशि के जातक मकर संक्रांति के दिन लाल चंदन और गेहूं ताम्र पात्र में रखकर दान दें। इससे आपका सूर्य ठीक होगा और आपको मान-सम्मान, प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। शारीरिक कष्ट दूर होंगे। सूर्य से जुड़े समस्त दोष दूर हो जाएंगे।
- कन्या : कन्या राशि के जातक मकर संक्रांति के दिन चावल और मूंग की खिचड़ी गरीबों को दान में दें। आज के दिन हरे फलों और हरी सब्जियों का दान करना अत्यंत शुभ रहेगा। इससे आपका बुध ग्रह ठीक होगा और आपके मस्तिष्क को मजबूती मिलेगी।
- तुला : तुला राशि के जातक कांसे के बर्तन में चावल और केसर रखकर ब्राह्मणों को दान में दें। इससे आपके शुक्र से जुड़े सारे दोष दूर होंगे और आपको दांपत्य और प्रेम संबंधों में मजबूती आएगी। पारिवारिक जीवन सुखद होगा।
- वृश्चिक : वृश्चिक राशि के जातक मसूर की दाल तांबे के पात्र में रखकर हनुमान मंदिर में रखकर आएं या किसी ब्राह्मण दंपती को भेंट में दें। आपके मंगल दोष दूर होंगे और मानसिक सुख-शांति प्राप्त होगी। धन संपदा में वृद्धि होगी और रोग दूर होंगे।
- धनु : धनु राशि के जातक मकर संक्रांति के दिन चने की दाल का दान करें। आपका बृहस्पति ग्रह ठीक होगा। वैवाहिक जीवन में आ रही बाधाएं और संकट दूर होगा। परिवार के साथ सुखद संबंध बनेंगे। मान-सम्मान बढ़ेगा। पैसा आएगा।
- मकर : मकर राशि के जातक मकर संक्रांति के दिन तिल और गुड़ का दान करें। किसी ब्राह्मण दंपती को भोजन करवाकर इन वस्तुओं का दान देने से आपके राशि स्वामी शनि प्रसन्न होंगे और शनि की पीड़ाएं दूर होंगी।
- कुंभ : कुंभ राशि के जातक मकर संक्रांति के दिन काले तिल और काले उड़द का दान करें। ये वस्तुएं अलग-अलग मिट्टी या स्टील के पात्र में रखकर दान में दें। इससे शनि से जुड़े आपके सारे दोष दूर होंगे।
- मीन : मीन राशि के जातक मकर संक्रांति के दिन पीतल के पात्र में चने की दाल और हल्दी रखकर दान में दें। इससे आपके बृहस्पति ठीक होंगे और आपके सारे काम सफलतापूर्वक पूरे होने लगेंगे। वैवाहिक और दांपत्य जीवन के सारे संकट भी दूर होंगे।












Click it and Unblock the Notifications