Goga Navami 2025: नागों से रक्षा करते हैं गोगा देव, जानिए कथा
Goga Navami 2025: भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की नवमी के दिन गोगा नवमी मनाई जाती है, ये पावन दिन आज मनाय जा रहा है, इस दिन नागों सहित अनेक जहरीले जीवों से रक्षा के लिए वीर गोगादेव का पूजन किया जाता है। इस दिन नाग पूजन की भी परंपरा है। राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में गोगा नवमी का बड़ा महत्व है।

कौन थे वीर गोगा देव
गोगा देव को जाहरवीर गोगा या गोगा वीर भी कहा जाता है। इतिहासविदों के अनुसार गोगा देव मध्यकालीन वीर योद्धा और नाग भक्त थे। लोक मान्यता के अनुसार वे राजस्थान के चूरू जिले के ददरेवा नामक स्थान के राजा जसराज के पुत्र थे। गोगा जी को नागों का देवता कहा जाता है क्योंकि उन्होंने अपनी शक्तियों के माध्यम से नागों पर विजय प्राप्त की थी।
गोगा देव के साथ नागों की पूजा करने की परंपरा (Goga Navami 2025)
इसलिए गोगा नवमी के दिन वीर गोगा देव के साथ नागों की पूजा करने की भी परंपरा है। मान्यता है कि गोगा नवमी के दिन गोगा देव की पूजा करने से सर्पदंश का भय समाप्त होता है। कोई भी जहरीला जीव जंतु हानि नहीं पहुंचा पाता है। ग्रामीण अंचलों में लोग गोगा देव को वर्षा, खेती और पशुधन की रक्षा करने वाला देवता मानकर उनकी पूजा करते हैं।
गोगा नवमी की कथा क्या है (Goga Navami 2025)
लोक कथाओं के अनुसार गोगा देव का जन्म भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष नवमी तिथि को हुआ था। जन्म के समय से ही उनके भीतर अनेक दिव्य शक्तियां थीं। वे लोगों को अपनी शक्तियों से चमत्कृत कर देते थे। गोगा देव ने नागों की साधना कर सिद्धियां प्राप्त कीं और नागों को अपना मित्र बना लिया। गोगा देव ने अनेक बार लोगों को सर्पदंश से बचाकर जीवनदान दिया।
झंडा या निशान लगाने का महत्व (Goga Navami 2025)
गोगा नवमी के दिन घर में नीले या पीले रंग के कपड़े का झंडा लगाया जाता है जिसे गोगा देव का निशान कहा जाता है। इसके बाद उनका पूजन किया जाता है। इस दिन नाग देवता को कच्चा दूध और दूब अर्पित किया जाता है। महिलाएं और पुरुष गोगा देव के भजन, चौपाइयां आदि गीत गाते हैं। इस दिन जुलूस भी निकाले जाते हैं। गोगा देव की निशान यात्राएं निकाली जाती है। गोगा नवमी के दिन ग्रामीण क्षेत्रों में लोग खेतों में जाकर मिट्टी लाते हैं और गोगा देव के प्रतीक के रूप में पूजा करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications