PHDCCI States Policy Conclave 2026: विकसित भारत 2047' के लक्ष्य के साथ आर्थिक सुधारों पर मंथन
पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (PHDCCI) ने 30 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली के होटल ले मेरिडियन में अपनी प्रमुख पहल 'स्टेट्स पॉलिसी कॉन्क्लेव 2026' के 20वें संस्करण का आयोजन किया। इस सम्मेलन का मुख्य विषय 'भारत में आर्थिक सुधारों की पुनर्कल्पना - अगली लहर' (Reimagining Economic Reforms in India - The Next Wave) था, जिसमें सात प्रमुख परिवर्तनकारी लक्ष्यों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया।
वर्ष 1905 में स्थापित पीएचडीसीसीआई भारत का राष्ट्रीय शीर्ष उद्योग संघ है, जो "मजबूत राज्य ही मजबूत राष्ट्र बनाते हैं" की अवधारणा के साथ भारतीय राज्यों के सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए कार्यरत है। यह आयोजन इसके स्टेट डेवलपमेंट काउंसिल (SDC) और राज्य चैप्टर के अंतर्गत "Empowering States" के मिशन को आगे बढ़ाने के लिए किया गया।

कॉन्क्लेव के सात प्रमुख लक्ष्य
- संरचनात्मक विनियमन को बढ़ावा देना।
- राज्य की प्रशासनिक क्षमता को बढ़ाना।
- भारत में व्यवसाय करने की लागत, समय और अनिश्चितता को कम करना।
- 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए हाई-टेक और उच्च-मूल्य वाले विनिर्माण को बढ़ावा देना।
- निवेश दक्षता को बढ़ाना।
- भारत में फैक्टर बाजारों का विनियामक सरलीकरण करना।
- छिपी हुई उद्यमी ऊर्जा को बाहर लाना।
मौके पर किसने क्या कहा
पीएचडीसीसीआई के उपाध्यक्ष अंशुमान सिंघानिया ने कहा, "आर्थिक सुधारों की अगली लहर का मुख्य केंद्र व्यवसाय करने की लागत और अनिश्चितता को कम करना, संरचनात्मक विनियमन को बढ़ावा देना, हाईटेक मैनुफैक्चरिंग को बढ़ाना और निवेश दक्षता में सुधार करना होना चाहिए। यह कॉन्क्लेव सरकार, उद्योग और अन्य हितधारकों को एक मंच पर लाने में मदद करता है।"
नीति आयोग में कार्यक्रम निदेशक युगल जोशी ने कहा, "ईज ऑफ डूइंग बिजनेस तेजी से उद्यमों के लिए एक सहज डिजिटल पारिस्थितिकी तंत्र तैयार करने से जुड़ा हुआ है। एक अनूठी व्यावसायिक पहचान, मशीन-पठनीय कानून और इंटरऑपरेबल सरकारी पोर्टल उद्योग के सामने आने वाले अनुपालन बोझ को काफी हद तक कम कर सकते हैं। यूपीआई जैसे प्लेटफॉर्म्स की सफलता के बाद, अब इस दक्षता को व्यावसायिक पारिस्थितिकी तंत्र तक विस्तारित करने की आवश्यकता है।"
भारत सरकार के पूर्व सचिव संजय कुमार ने कहा, "जैसे-जैसे भारत 'विकसित भारत 2047' के दृष्टिकोण की ओर बढ़ रहा है, हमें यह पहचानना होगा कि अगले दो दशकों में एक जनसांख्यिकीय अवसर मिला है जो दोबारा नहीं आएगा। राज्यों को आर्थिक सुधारों को गति देने और क्षेत्रीय असमानताओं को दूर करने में निर्णायक भूमिका निभावानी होगी।"
भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICSSR) के सदस्य सचिव डॉ. धनंजय सिंह ने कहा, "यदि भारत को विकसित भारत बनना है, तो हमें यह समझना होगा कि विकास को केवल अर्थव्यवस्था के आकार से नहीं मापा जा सकता। इसका अर्थ यह भी है कि हर भारतीय को सम्मानजनक रोजगार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और मजबूत स्वास्थ्य सेवाएं मिलनी चाहिए।"
इस कॉन्क्लेव में देश-विदेश के कई प्रतिष्ठित नीति निर्माताओं, उद्योग जगत के दिग्गजों और विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में पीएचडीसीसीआई के सीईओ एवं महासचिव डॉ. रणजीत मेहता, उप महासचिव डॉ. जतिंदर सिंह, भारतवेब3 एसोसिएशन के अध्यक्ष दिलीप चेनॉय, डब्ल्यूएआईपीए के उप कार्यकारी निदेशक दुष्यंत ठाकोर, इन्वेस्ट इंडिया के उपाध्यक्ष के. कार्तिकेयन, ओएनडीसी की कार्यक्रम प्रबंधक तमन्ना शर्मा, और नीति आयोग के प्रतिनिधियों सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। आयोजन के समन्वयक थे पीएचडीसीसी के सिनियर सेक्रेटरी अतुल ठाकुर।


Click it and Unblock the Notifications
