Vedanta Presents Jaipur Literature Festival: JLF के ऐतिहासिक 20वें संस्करण के लिए वक्ताओं की दूसरी सूची जारी

जयपुर लिटरेचर फ़ेस्टिवल अपने 20वें ऐतिहासिक संस्करण के लिए तैयार है। 14-18 जनवरी 2027 को होने वाले इस उत्सव के लिए वक्ताओं की दूसरी सूची जारी हो गई है। इसमें दुनिया भर के लेखक, इतिहासकार और विचारक शामिल हैं। यह संस्करण विचारों के आदान-प्रदान और साहित्यिक संवाद का एक अनूठा मंच होगा, जो आपकी सोच को नई दिशा देगा।

Vedanta Presents Jaipur Literature Festival: साहित्यिक और सांस्कृतिक संवाद के दो दशक पूरे करने के लिए तैयार है। इसी क्रम में फ़ेस्टिवल के ऐतिहासिक 20वें संस्करण के लिए वक्ताओं की दूसरी सूची की घोषणा की गई है। यह संस्करण 14 से 18 जनवरी 2027 तक होटल क्लार्क्स आमेर, जयपुर में आयोजित होगा। नई सूची में लेखकों, इतिहासकारों, शिक्षाविदों, वैज्ञानिकों, पत्रकारों, कलाकारों और सार्वजनिक हस्तियों का एक विस्तृत और विविध समूह शामिल है, जिनके काम ने अलग-अलग विधाओं, भौगोलिक क्षेत्रों और पीढ़ियों में विमर्श को आकार दिया है।

बीते दो दशकों में जयपुर लिटरेचर फ़ेस्टिवल विचारों और कहानियों का एक वैश्विक मिलन-स्थल बन गया है, जहाँ प्रतिष्ठित आवाज़ों और उभरते दृष्टिकोणों का संवाद भारत और दुनिया भर से आए श्रोताओं के साथ होता है। वक्ताओं की दूसरी सूची में कथा और कविता, साम्राज्यों और सभ्यताओं के इतिहास, पहचान और अपनेपन के प्रश्नों के साथ-साथ वैज्ञानिक खोज, अंतरराष्ट्रीय मामले, सेहत, खान-पान और कलाएँ शामिल हैं।

JLF Speakers list

वक्ताओं में फ़िलिस्तीनी लेखिका अदानिया शिब्ली भी हैं। उनका उपन्यास 'माइनर डिटेल' नेशनल बुक अवॉर्ड और इंटरनेशनल बुकर पुरस्कार, दोनों के लिए नामांकित हुआ। जैविक मानवविज्ञानी, लेखिका और प्रसारक ऐलिस रॉबर्ट्स भी वक्ताओं में शामिल हैं, जो मानव-विकासक्रम और पुरातत्त्व पर अपने काम के लिए जानी जाती हैं। इनके साथ अनन्या वाजपेयी भी जुड़ रही हैं, जिनका अध्ययन भारतीय बौद्धिक इतिहास और राजनीतिक चिंतन पर केंद्रित है। पुलित्ज़र पुरस्कार से सम्मानित जीवनीकार और लेखक बेंजामिन मोज़र भी फ़ेस्टिवल का हिस्सा होंगे। हार्वर्ड विश्वविद्यालय की प्रोफ़ेसर और पुलित्ज़र पुरस्कार से सम्मानित इतिहासकार कैरोलीन एल्किन्स भी वक्ताओं में हैं। उनका काम ब्रिटिश "उदार साम्राज्यवाद" की धारणा को चुनौती देता है। प्रशंसित उपन्यासकार क्लेयर मेसड भी इस सूची में हैं, जिनका लेखन पहचान, रिश्तों और समकालीन जीवन की पड़ताल करता है।

पुरातत्त्वविद् और इतिहासकार एरिक क्लाइन भी सूची का हिस्सा हैं, जिनका शोध प्राचीन भूमध्यसागरीय क्षेत्र और निकट पूर्व पर केंद्रित है। गैब्रिएल रिफ़किंड का काम संघर्ष-समाधान और अंतरराष्ट्रीय संबंधों पर केंद्रित है। हंसदा सौवेंद्र शेखर का कथा-साहित्य आदिवासी पहचान की पड़ताल करता है। मराठी नाटककार, उपन्यासकार और रंगमंच निर्देशक मकरंद साठे इस सूची का हिस्सा हैं। उनके साथ मीरा सेओ भी जुड़ रही हैं, जिनका अकादमिक काम शास्त्रीय साहित्य से जुड़ा है। कवि और उपन्यासकार मोना अरशी का लेखन पहचान, परिवार और अपनेपन को टटोलता है। कला-इतिहासकार और ब्रिटिश म्यूज़ियम के पूर्व निदेशक नील मैकग्रेगर कला और सांस्कृतिक इतिहास की अपनी विशेषज्ञता लेकर आ रहे हैं। प्रशंसित मलयालम लेखक और निबंधकार पॉल ज़कारिया भी उपस्थित होंगे, जिनकी विशिष्ट दृष्टि में सामाजिक टिप्पणी, व्यंग्य और दार्शनिक चिंतन कथा-साहित्य के साथ घुले-मिले हैं।

सूची में शेफ़ और रेस्तराँ-संचालक ऋतु डालमिया भी शामिल हैं, जो लोकप्रिय इतालवी रेस्तराँ 'डीवा' की सह-स्वामिनी हैं। लेखिका और आत्म-विकास कोच रॉक्सी नफ़ूसी व्यक्तिगत विकास पर अपने काम के लिए जानी जाती हैं। हृदय-शल्य चिकित्सक और स्वास्थ्य-पैरोकार श्रीराम नेने का सार्वजनिक कार्य स्वास्थ्य-सेवा और चिकित्सा-जागरूकता पर केंद्रित है। नोबेल पुरस्कार से सम्मानित आनुवंशिकीविद् और कोशिका-जीवविज्ञानी सर पॉल नर्स अग्रणी वैज्ञानिक विचार लेकर आ रहे हैं। 'कास्ट मैटर्स' के लेखक सूरज येंगड़े जाति, नस्ल और सामाजिक न्याय की पड़ताल करते हैं। हार्वर्ड के इतिहासकार स्वेन बेकर्ट पूँजीवाद और वैश्विक आर्थिक इतिहास पर अपने काम के लिए जाने जाते हैं। उपन्यासकार, कवि और आलोचक तबिश ख़ैर का लेखन प्रवासन, पहचान और सांस्कृतिक मुठभेड़ों की पड़ताल करता है। इनके साथ लेखिका और भाषाविद् थांगजम हिदुस्तानी देवी भी सूची में शामिल हैं।

व्यवसाय, परोपकार और सामाजिक प्रभाव के क्षेत्र में अपने काम के लिए जानी जाने वाली अक्षता मूर्ति भी सूची का हिस्सा हैं। प्रशंसित पत्रकार, प्रसारक और लेखिका मिशाल हुसैन भी सूची में हैं। सूची में शामिल कला-इतिहासकार विशाखा एन. देसाई का काम एशियाई कला, संग्रहालयों और अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक आदान-प्रदान पर केंद्रित है।

टीमवर्क आर्ट्स के प्रबंध निदेशक संजॉय के. रॉय ने कहा, "जयपुर लिटरेचर फ़ेस्टिवल अपने ऐतिहासिक 20वें संस्करण की ओर बढ़ रहा है। इस मौक़े पर हम उन असाधारण आवाज़ों, विचारों और दृष्टिकोणों को याद करते हैं, जिन्होंने बीते दो दशकों में फ़ेस्टिवल को आकार दिया है। साहित्य, इतिहास, विज्ञान, दर्शन, भू-राजनीति और कलाओं के इन विषयों में वही जिज्ञासा और खोज की भावना दिखती है, जो जयपुर लिटरेचर फ़ेस्टिवल की पहचान है। आज दुनिया को सार्थक संवाद के मंचों की पहले से कहीं ज़्यादा ज़रूरत है। इसलिए हम अलग-अलग विधाओं, संस्कृतियों और महाद्वीपों के लोगों और विचारों को एक साथ लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम ऐसी चर्चाओं को बढ़ावा देना चाहते हैं, जो मान्यताओं को चुनौती दें, सोच का दायरा बढ़ाएँ और हमें याद दिलाएँ कि पूरी मनुष्यता की विरासत साझा है।"

इतिहासकार, लेखक और फ़ेस्टिवल के सह-निदेशक विलियम डैलरिंपल ने कहा, "जब हमने जयपुर लिटरेचर फ़ेस्टिवल शुरू किया था, तब हमने सोचा भी नहीं था कि यह इतना बड़ा हो जाएगा। भारत में कहानी कहने, विचारों के आदान-प्रदान और सार्वजनिक बहस की बहुत पुरानी और असाधारण परंपरा रही है। मुझे लगता है कि इस फ़ेस्टिवल ने उस परंपरा को बाक़ी दुनिया के साथ संवाद में जोड़ने में मदद की है। बीते दो दशकों में भारत और दुनिया भर के लेखकों, इतिहासकारों और चिंतकों को जयपुर में एक साथ आते देखना बहुत अच्छा रहा है। श्रोताओं को भी किताबों और विचारों से इतने उत्साह से जुड़ते देखना उतना ही सुखद रहा है। अब 20वें संस्करण की ओर बढ़ते हुए सबसे रोमांचक बात यह एहसास है कि अभी भी खोजने के लिए बहुत-सी कहानियाँ हैं, दोबारा देखने के लिए इतिहास के बहुत से दृश्य अभी बाक़ी हैं और बहस के इंतज़ार में बहुत-से विचार हैं।"

लेखिका, सह-संस्थापक और जयपुर लिटरेचर फ़ेस्टिवल की सह-निदेशक नमिता गोखले ने कहा, "किताबें हमारी अनेक दुनियाओं की खिड़कियाँ हैं। हमारा 20वाँ संस्करण बदलाव के लिए खुला है, यानी नए विचारों, बदलती तकनीकों और देखने के नए तरीक़ों के लिए। साथ ही यह शास्त्रीय और कालजयी साहित्य से भी जुड़ा रहेगा। हमारे लेखक और वक्ता दुनिया भर से अलग-अलग संस्कृतियों के नज़रिए हमारे सामने लाते हैं। इस ऐतिहासिक संस्करण में भारत के बहुभाषी साहित्य पर ख़ास ज़ोर रहेगा। सभी प्रमुख भारतीय भाषाओं के लेखक सत्रों, परिचर्चाओं और पाठों के लिए हमारे साथ जुड़ेंगे।"

वक्ताओं की यह दूसरी सूची फ़ेस्टिवल की इस प्रतिबद्धता को और मज़बूत करती है कि वह समावेशी और लगातार बदलते साहित्यिक परिदृश्य के साथ खड़ा है। फ़ेस्टिवल स्थापित परंपराओं को अपनाता है और साथ ही नए विचारों, अनजानी कहानियों और दुनिया भर के नज़रियों को भी जगह देता है। इसके मूल में यह विश्वास है कि किताबें और विचार सिर्फ़ पन्नों या व्याख्यान-कक्षों तक सीमित नहीं हैं। वे आदान-प्रदान, बहस, जिज्ञासा और जुड़ाव को जन्म देते हैं।

जयपुर लिटरेचर फ़ेस्टिवल अपने ऐतिहासिक 20वें संस्करण के क़रीब है। इस बार भी कार्यक्रम एक साहित्यिक मैराथन का वादा करता है, जिसकी पहचान विचारों की विविधता और स्वतंत्रता है। साहित्य, इतिहास, विज्ञान, संस्कृति और समकालीन चिंतन के अपने अनूठे मेल के साथ फ़ेस्टिवल ऐसी जगह बनाता रहता है, जहाँ पाठक, लेखक और श्रोता अपने से अलग नज़रियों से रू-ब-रू हो सकते हैं। यहाँ वे ऐसे संवादों में हिस्सा ले सकते हैं, जिनकी गूँज सत्र ख़त्म होने के बाद भी देर तक बनी रहती है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+