अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: उत्तराखंड के सीएम तीरथ सिंह रावत ने किया योग, कोविड प्रोटोकॉल का रखा गया ध्यान
देहरादून, जून 21। 7वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने भी आयुर्वेद विश्वविद्यालय परिसर में कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रमम में सीएम तीरथ सिंह रावत और कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने योगाभ्यास किया।

इस दौरान सीएम रावत ने कहा कि योग की वजह से उत्तराखंड की विश्व में अलग पहचान है। योग शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूती प्रदान करता है। उन्होंने कहा, योग शरीर मन और आत्मा को जोड़ने वाला विज्ञान है।
सीएम के कार्यक्रम में कोविड प्रोटोकॉल का पूरा पालन करते हुए योगाभ्यास किया गया। इस दौरान सीएम ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल का ही परिणाम था कि योग की वजह से भारत की विश्व में विशिष्ट पहचान मिली। योग को देश और दुनिया तक ले जाने में देवभूमि उत्तराखंड का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। स्वस्थ जीवन के लिए सभी को नियमित योग करना होगा।
वहीं, आयुष और आयुष शिक्षा मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड का योग से काफी पुराना संबंध है। हिमालय में ऋषि-मुनियों द्वारा कन्दराओं और गुफाओं में प्राचीन समय से योग किया जाता था। यहां भूमि से निकलकर योग देश और दुनिया तक फैल चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वसुधैव कुटुम्बकम की बात की और योग को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई।












Click it and Unblock the Notifications