अफगानी छात्रों के लिए हरियाणा सरकार का बड़ा ऐलान, बिना फीस मिलेगा कॉलेजों में दाखिला
चंडीगढ़, 30 अगस्त। हरियाणा के दो विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले अफगानी छात्र-छात्राओं को प्रदेश सरकार किसी तरह का परेशानी नहीं आने देगी। प्रदेश सरकार ने इन विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय कैंपस में रखने के निर्देश वाइस चांसलर को दिए हैं। यदि कोई विद्यार्थी फाइनल ईयर की परीक्षा पास करने के बाद नए कोर्स में दाखिला लेना चाहता है तो उसके दाखिला लेने में फीस की कमी आड़े नहीं आएगी।

हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने रविवार को बताया कि अफगानिस्तान में चल रहे संकट के चलते अधिकतर छात्र-छात्राओं का वहां जाना नहीं हो रहा है। वह अपने परिवार वालों से फीस भी नहीं मंगवा पा रहे हैं। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में 31 और महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक में 13 विद्यार्थी पड़ते हैं। केयूके में सात और एमडीयू में चार विद्यार्थी कैंपस में रहते हैं। यदि बाकी विद्यार्थी भी रहना चाहें तो उन्हें हास्टल की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
दुष्यंत चौटाला के अनुसार अफगानिस्ता में चल रहे संकट की वजह से किसी भी अफगानी विद्यार्थी की पढ़ाई प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। विश्वविद्यालयों के वाइस चांसलर से कहा गया है कि वह नए पाठ्यक्रम में दाखिले लेने वाले विद्यार्थियों को अपनी शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए बिना फीस दाखिला दें। राज्य में कई छात्र संगठन हैं। यदि छात्र संगठन भी इन विद्यार्थियों को अडाप्ट कर लें तो समस्या का समाधान हो जाएगा। मैं स्वयं भी इन विद्यार्थियों का सारा खर्च वहन कर सकता हूं, लेकिन ऐसी नौबत नहीं आएगी।
टोक्यो पैरालिंपिक खेलों में टेबल टेनिस के महिला एकल क्लास चार वर्ग में रजत पदक जीतने वाली भाविना पटेल को भारतीय टेबल टेनिस फेडरेशन की ओर से 31 लाख रुपये की राशि दी जाएगी। भारतीय टेबल टेनिस फेडरेशन के अध्यक्ष के नाते हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने चंडीगढ़ में यह घोषणा की। मुख्यमंत्री मनोहर लाल और राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने भाविना पटेल के रजत पदक जीतने पर उन्हें बधाई दी है।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविना पटेल ने इतिहास रच दिया है। पैरालिंपिक में पदक जीतने वाली भाविना भारत की पहली टेबल टेनिस खिलाड़ी बन गई हैं। उन्होंने फेडरेशन के पदाधिकारियों से चर्चा की, जिसमें निर्णय लिया गया है कि भाविना पटेल के नई दिल्ली पहुंचने पर एक कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें 31 लाख रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
दुष्यंत ने कहा कि भाविना पटेल ने व्हीलचेयर पर बैठकर टेबल टेनिस के खेल में जो दमखम दिखाया है, उसने साबित कर दिया है कि अगर दृढसंकल्प हो तो किसी भी तरह की नि:शक्तता व्यक्ति को लक्ष्य हासिल करने से नहीं रोक सकती। उन्होंने उम्मीद जताई कि दीपा मलिक के नेतृत्व में टोक्यो पहुंची पैरालिंपिक टीम देश के लिए पदकों की झड़ी लगा देगी।












Click it and Unblock the Notifications