दूरदर्शन रिले केंद्र के बंद होने पर हरियाणा के उपमुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान, सरकार को पत्र लिखा
चरखी दादरी। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने केंद्र सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा दादरी शहर स्थित दूरदर्शन रिले केंद्र को बंद करने संबंधी आदेश जारी करने पर संज्ञान लिया है। पूर्व विधायक एवं हाउसिग बोर्ड हरियाणा के चेयरमैन राजदीप फौगाट द्वारा उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के सामने दादरी के दूरदर्शन रिले केंद्र को बंद करने संबंधी आदेश जारी किए जाने का मामला उठाया। जिस पर उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला द्वारा केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर को पत्र लिखकर दादरी के दूरदर्शन रिले केंद्र को बंद ना किए जाने की मांग की। इसके साथ अलावा उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला द्वारा केंद्र सरकार से दादरी के दूरदर्शन रिले केंद्र में 500 वाट का एफएम ट्रांसमीटर भी स्थापित किए जाने की मांग की गई है ताकि दादरी जिले के लोग को भी एफएम सुविधा का लाभ मिल सकें।

13 जुलाई को दिए थे आदेश
उल्लेखनीय है कि दादरी शहर में स्थित दूरदर्शन रिले केंद्र को बंद करने के आदेश दूरदर्शन महानिदेशक आरएस मीणा द्वारा गत 13 जुलाई को जारी किए गए थे। जिसके बाद से ही दादरी क्षेत्रवासियों में निराशा छा गई थी। दादरी स्थित दूरदर्शन केंद्र बंद हो जाने से क्षेत्र की दूरदर्शन और रेडियो सेवाएं भी बाधित हो जाएंगी। क्षेत्र के अनेकों लोगों ने इस संबंध में पूर्व विधायक राजदीप फौगाट से मुलाकात की और रिले केंद्र को बंद न करने की मांग की।
क्षेत्र वासियों की जायज मांग को लेकर चेयरमैन राजदीप फौगाट ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को एक मांग पत्र सौंपा। मामले की गंभीरता को समझते हुए दुष्यंत चौटाला ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को पत्र लिख कर दादरी के दूरदर्शन रिले केंद्र को किसी भी कीमत पर बंद न करने की मांग उठाई। इसके अलावा उन्होंने दादरी जिला वासियों को एफएम की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए दादरी स्थित रिले केंद्र में दूरदर्शन रिले केंद्र में 500 वाट का एफएम ट्रांसमीटर भी तुरंत प्रभाव से स्थापित करने की मांग की।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को लिखे अपने पत्र में दुष्यंत चौटाला ने कहा कि दादरी क्षेत्र वासी बड़ी संख्या में कृषि से संबंधित रख रखते हैं। रेडियो और एफएम पर कृषि संबंधी सरकार की योजनाएं निरंतर आती रहती हैं। इसलिए रिले केंद्र के बंद हो जाने से इस क्षेत्र के किसान सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से वंचित रह जाएंगे। दादरी का राष्ट्रीय राजधानी से दूर होने के कारण इस क्षेत्र में एफएम के सिग्नल नहीं आ पाते। इसलिए लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए दादरी के दूरदर्शन रिले केंद्र को बंद न करने के साथ-साथ एफएम ट्रांसमीटर भी स्थापित करना अति आवश्यक है।












Click it and Unblock the Notifications