केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र शेखावत ने किया "कहो कालिदास!" उपन्यास का विमोचन
केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने आज इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (IGNCA) के समवेत सभागार में युगल जोशी के उपन्यास "कहो कालिदास!" का लोकार्पण किया। यह उपन्यास महान संस्कृत कवि और नाटककार कालिदास तथा उनकी रचनाओं को समर्पित एक श्रद्धांजलि है।
केंद्रीय मंत्री के अलावा, इस लोकार्पण समारोह में IGNCA के अध्यक्ष राम बहादुर राय; नीति आयोग के सदस्य डॉ. जोराम आनिया; लेखक युगल जोशी; तथा अनेक प्रतिष्ठित लेखक, विद्वान, कलाकार, पत्रकार, प्रकाशक, साहित्य-प्रेमी और छात्र उपस्थित रहे।

मंजुल पब्लिशिंग हाउस द्वारा प्रकाशित "कहो कालिदास!" महान कवि की रचनाओं और उनके अधिकतर अज्ञात जीवन की एक मधुर कथा है। यद्यपि उनकी कृतियाँ साहित्य की उत्कृष्ट कृतियों में गिनी जाती हैं और विश्वभर में इसी आदर भाव से पढ़ीं जाती हैं, फिर भी उनके जीवन और काल के बारे में कोई सर्वसम्मत वर्णन उपलब्ध नहीं है।
उपन्यासकार युगल जोशी के शब्दों में "कहो कालिदास!", महाकवि की कृतियों के आलोक-आभास में, कवि-व्यक्तित्व की तराश, उनकी प्रेरणाओं की एक कल्पना-प्रधान कथा है। इस कथा में उनकी अद्भुत रचनाओं से झाँकते कवि के ह्रदय-मन की अनुभूतियों-अनुभवों, अनुराग-विराग की छवि-सूत्रों का ताना-बाना बुनने का प्रयास किया गया है। पांच अद्भुत प्रेम-कथाओं में गुँथी, तत्कालीन भारतीय समाज और राजनीति की पृष्ठभूमि में पल्लवित, महाकवि की सात कालजयी और मर्मस्पर्शी रचनाओं में मुखरित, यह रचना पाठक को अंग, अलंकार, प्रकृति, और भाव सौन्दर्य की लहरियों पर झुलाती हुई, मिलन, आकर्षण तथा रति-भाव के उल्लास, और विरह, प्रतीक्षा एवं स्मृति की मार्मिकता में डुबो देगी।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में अपने उद्बोधन में गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक पुस्तक विमोचन नहीं, बल्कि महाकवि कालिदास के जीवन और व्यक्तित्व के इर्द-गिर्द व्याप्त मौन को वाणी देने का एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं कि कालिदास विश्व के महानतम कवियों में से एक हैं, फिर भी उनके जीवन और व्यक्तित्व के बारे में बहुत कुछ अज्ञात बना हुआ है। उन्होंने कहा कि "कहो कालिदास!" लेखक की रचनात्मक व्याख्या के माध्यम से कालिदास और उनकी दुनिया को आवाज़ और अभिव्यक्ति प्रदान करने का प्रयास करता है। शीर्षक में घनिष्ठता, जिज्ञासा और संवाद का भाव निहित है, जो कालिदास की अमर रचनाओं के ज़रिए उनके व्यक्तित्व को समझने के लेखक के प्रयास को प्रतिबिंबित करता है।
राम बहादुर राय ने उपन्यास के कलात्मक और साहित्यिक मूल्य पर चर्चा करते हुए इस तरह की रचनात्मक कृतियों के माध्यम से भारतीय शास्त्रीय साहित्य को युवा पीढ़ी से परिचित कराने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि कालिदास का साहित्य युवाओं के लिए आज भी गहन रूप से प्रासंगिक है, क्योंकि यह मानवीय इच्छाओं, संबंधों, समाज और सत्ता जैसे सनातन प्रश्नों से जुड़ता है। हालाँकि कवि के जीवन, मानसिकता और उनके द्वारा झेली गई परिस्थितियों के बारे में बहुत कुछ अज्ञात है, फिर भी उनकी रचनाएँ मानव जीवन और समाज के बारे में कालातीत दृष्टि प्रदान करती रहती हैं। उन्होंने पाठकों, विशेषकर युवा पीढ़ी, को "कहो कालिदास!" को बारीकी से पढ़ने और उपन्यास के माध्यम से कालिदास के साहित्यिक संसार के गहरे अर्थों और समृद्धि को खोजने के लिए प्रोत्साहित किया।
नीति आयोग की सदस्या डॉ जोरम अनिया ने उपन्यास की प्रशंसा समकालीन हिंदी साहित्य में एक महत्वपूर्ण रचना के रूप में की और लेखक के उस प्रयास की सराहना की जिसके तहत उन्होंने समकालीन पाठकों के लिए कालिदास के साहित्यिक संसार को जीवंत किया है। उन्होंने कहा कि शीर्षक "कहो कालिदास!" गहरा अर्थ रखता है, क्योंकि यह कवि के साथ एक घनिष्ठ संवाद स्थापित करने के प्रयास का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने कहा कि उपन्यास कालिदास को केवल इतिहास की एक दूरस्थ आकृति के रूप में नहीं देखता, बल्कि उनके अनुभवों को समझने और उनकी कालातीत रचनाओं के पीछे छिपे मानव को उजागर करने का प्रयास करता है। उपन्यास का विमोचन इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के कलानिधि विभाग द्वारा किया गया।


Click it and Unblock the Notifications
