मेवात में विश्वविद्यालय खुलवाएगी हरियाणा सरकार, शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने कहा- जमीन खोज रहे
मेवात। हरियाणा सरकार मेवात में विश्वविद्यालय की स्थापना कराएगी। इसकी जानकारी शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने दी। विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान शिक्षा मंत्री की ओर से बताया गया कि, हरियाणा सरकार नूंह जिले में राजकीय विश्वविद्यालय खोलेगी। उन्होंने कहा कि, विश्वविद्यालय के लिए भूमि की तलाश की जा रही है। इसके लिए डीसी से जमीन की उपलब्धता संबंधी रिपोर्ट मांगी गई है। यानी, विश्वविद्यालय स्थापित करने का प्रस्ताव विचाराधीन है।

शिक्षा मंत्री कंवरपाल बोले कि उच्च शिक्षा परिषद इसकी व्यवहार्यता की जांच कर रही है। व्यवहार्यता का पता चलने के बाद आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। दक्षिण हरियाणा के नूंह जिले में शैक्षणिक सुविधाएं बढ़ाए जाने के प्रति सरकार गंभीर है। नूंह के शिक्षा के क्षेत्र में पिछड़ेपन के लिए पूर्व की सरकारें जिम्मेदार हैं।
शिक्षा मंत्री कंवर पाल ने यह भी कहा कि वर्तमान सरकार नूंह जिले में शिक्षा के प्रसार के लिए आधारभूत ढांचा विकसित करने में लगी है। इसी सोच को मूर्तरूप देते हुए नूंह में विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा। शिक्षा मंत्री ने सदन पटल पर प्रदेश में 21 स्टेट यूनिवर्सिटी और एक सेंट्रल यूनिवर्सिटी स्थापित होने की जानकारी भी दी।











Click it and Unblock the Notifications