सीएम योगी ने कोरोना टीकाकरण के लिए दिए निर्देश, कहा- जिलों में इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर का करें उपयोग
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोविड-19 के टीकाकरण कार्य को पूरी सक्रियता से संचालित करने के निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की यह प्राथमिकता है कि अधिक से अधिक लोग कोरोना टीके का लाभ प्राप्त करें। कोरोना फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीका लगाने के बारे में सूचित करने के लिए उन्होंने जिलों में स्थापित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का उपयोग करने के लिए कहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी आवास पर अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कोविड-19 से बचाव व उपचार की व्यवस्थाओं को पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि कोरोना को लेकर प्रत्येक स्तर पर पूरी सावधानी बरती जाए। इस संबंध में थोड़ी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है। कोविड-19 से बचाव के लिए लोगों को लगातार जागरूक करने पर जोर देते हुए उन्होंने कोरोना टेस्टिंग का कार्य पूरी क्षमता से संचालित करने की हिदायत दी। कांटैक्ट ट्रेसिंग और सर्विलांस सिस्टम को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए।
प्रदेश में बीएसएल-4 लैब स्थापित करने को बनाएं कार्ययोजना : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में बायोसेफ्टी लेवल (बीएसएल)-4 लैब स्थापित करने के लिए कार्ययोजना बनाकर समयबद्ध ढंग से कार्यवाही करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल खंड में टेस्टिंग व्यवस्था को मजबूत करते हुए राज्य में बीएसएल-3 स्तर की प्रयोगशालाएं स्थापित की गईं। इस काम को आगे बढ़ाते हुए बीएसएल-4 लैब की स्थापना करना जरूरी है। शुक्रवार को वह अपने सरकारी आवास पर विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी अस्पतालों में उपचार व्यवस्था सुचारु ढंग से संचालित की जाएं। जनरल ओपीडी, सर्जरी सहित विभिन्न चिकित्सा कार्य पूरी गति से किये जाएं। उन्होंने लखनऊ के ट्रॉमा सेंटरों में बेड की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया।
उत्तराखंड आपदा से प्रभावित लोगों से संपर्क कर मदद करें अधिकारी : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार उत्तराखंड की आपदा से पीड़ित परिवारों को हर संभव राहत उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित है। आपदा से प्रभावित परिवारों को उन्होंने हर संभव मदद व राहत उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। कहा कि जिला प्रशासन के अधिकारी पीड़ित परिवारों से संपर्क कर उनकी सहायता करें। प्रभावित लोगों को आवश्यकतानुसार खाद्यान्न सहित अन्य राहत सामग्री उपलब्ध कराएं। बैठक में मुख्य सचिव आरके तिवारी, कृषि उत्पादन आयुक्त आलोक सिन्हा सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।












Click it and Unblock the Notifications