सीएम मनोहर लाल ने कुरुक्षेत्र में बाईपास का दिया भरोसा, केंद्रीय मंत्रालय से मंजूरी के लिए करेंगे बात
कुरुक्षेत्र। शहर की सबसे बड़ी जरूरत बाईपास को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने केंद्रीय मंत्री से बात कर जल्द पूरा कराने का भरोसा दिया है। इसका पहले से ही करीब 750 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाया गया है। मुख्यमंत्री के भरोसे के बाद इसके धरातल पर मूर्त रूप की उम्मीद बढ़ गई है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल मंगलवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में पहुंचे थे। विधायक सुभाष सुधा ने उनके सामने इस मांग को दोहराया और इस पर लंबी बातचीत की। विधायक ने कहा कि शहर की सबसे बड़ी मांग है।
विधायक सुभाष सुधा ने बताया कि कुरुक्षेत्र में एलिवेटिड रेल ट्रैक, राजकीय महिला कालेज पलवल, एलएनजेपी अस्पताल में नए 100 बैड के वातानुकुलित अस्पताल का निर्माण, रेलवे रोड, झांसा रोड का नव निर्माण, देश की पहली आयुष यूनिवर्सिटी सहित अनेकों योजनाओं को पूरा करने का काम किया। अब बाईपास की योजना प्रस्तावित है। इसको भी जल्द पूरा कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। बाईपास बनने के बाद शहरवासियों को भारी वाहनों से राहत मिलेगी। अब भारी वाहन शहर के बीच से होकर जाते हैं। इससे सड़कें समय से पहले टूट रही हैं।
कुरुक्षेत्र में बाईपास का सर्वे कार्य पूरा किया जा चुका है। इसकी मंत्रालय से मंजूरी मिलना बाकी है। यह मिर्जापुर से उतरी की तरफ जीटी रोड में मिलेगा। यहां से लाडवा की तरफ यमुनानगर की तरफ बाईपास प्रस्तावित है। इसी तरह एक अन्य बाईपास कुरुक्षेत्र व शाहाबाद के बीच से एक अन्य बाईपास निकाला जाएगा। इनके मूर्त रूप बनने के बाद कुरुक्षेत्र में दोनों बाईपास रिग रोड का काम करेंगे।
सीएम मनोहर लाल मंगलवार देर सायं धर्मनगरी के ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब पातशाही छठी में शीश नवाने पहुंचे। सीएम ने सबसे पहले श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष हाजिरी भरी। उन्होंने हाथ जोड़ कर सरबत के भले के लिए गुरु चरणों में अरदास की है। इस मौके पर शिक्षामंत्री कंवरपाल, करनाल सांसद संजय भाटिया, कुरुक्षेत्र सांसद नायब सिंह सैनी, विधायक सुभाष सुधा, पूर्व विधायक डा. पवन सैनी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजकुमार सैनी व डीसी शरणदीप कौर बराड़ ने भी गुरुद्वारा साहिब में माथा टेककर अरदास की।












Click it and Unblock the Notifications