कोरोना संकट के बावजूद भूपेश बघेल सरकार ने पूरे किए 36 में से 24 चुनावी वादे: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष
रायपुर। लोकसभा और पंचायत चुनाव के साथ कोरोना संकट के बावजूद भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली छत्तीसगढ़ सरकार ने विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए 36 वादों में से 24 पूरी कर चुकी है। प्रदेश सरकार की आर्थिक नीतियों की प्रशंसा रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया भी कर चुकी है। उक्त बातें रविवार को सर्किट हाउस में आयोजित पत्रवार्ता में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहीं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के समय में छग में 50 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी की जाती थी, वहीं कांग्रेस सरकार के समय में 2019 में 80 लाख, 2020 में 83 लाख और 2021 में 93 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है। उन्होंने पूर्ववर्ती भाजपा सरकार पर प्रदेश को कर्ज में डूबाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के कार्यकाल में लिए गए 42 हजार करोड़ रुपए ऋण का बोझ वर्तमान सरकार ढो रही है।
इसके एवज में पांच हजार करोड़ ब्याज सरकार को अदा करना पड़ रहा है। उन्होंने किसान आंदोलन पर कहा कि तीन महीने से चल रहे किसान आंदोलन को लेकर केंद्र सरकार पूरी तरह से असंवेदनशील नजर आ रही है। इस दौरान श्रम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष शफी अहमद, वनौषधि पादप विकास बोर्ड के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, बीस सूत्रीय कार्यक्रम के उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल, महापौर डॉ.अजय तिर्की, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
भूपेश बघेल सरकार ने दी नई आबकारी नीति को मंजूरी, कोरोना टैक्स की जगह शराब पर लगेगा अब शिक्षा टैक्स