BSF राजभाषा समारोह: हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले संस्थानों और 29 कार्मिकों का सम्मान
BSF Rajbhasha Samaroh: सीमा सुरक्षा बल (BSF) की ओर से राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और सरकारी कामकाज में इसके अधिकाधिक इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए राजभाषा समारोह का मंगलवार (29 सितंबर) को आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता BSF के महानिदेशक प्रवीण कुमार ने की।
कार्यक्रम के दौरान महानिदेशक ने राजभाषा अपील का विमोचन किया। साथ ही, वर्षभर हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले BSF के सीमांत मुख्यालयों, प्रशिक्षण संस्थानों और निदेशालयों को राजभाषा शील्ड देकर सम्मानित किया गया।

सीमांत मुख्यालयों में मेघालय को पहला स्थान
राजभाषा शील्ड के लिए सीमांत मुख्यालयों की श्रेणी में मेघालय ने पहला स्थान हासिल किया। कश्मीर दूसरे और राजस्थान तीसरे स्थान पर रहा। वहीं, प्रशिक्षण संस्थानों की श्रेणी में सीमा सुरक्षा बल केंद्रीय आयुध एवं युद्ध कौशल विद्यालय, इंदौर को प्रथम स्थान मिला। BSF अकादमी, ग्वालियर दूसरे और सहायक प्रशिक्षण केंद्र, हजारीबाग तीसरे स्थान पर रहा।
प्रशासन निदेशालय पहले स्थान पर
निदेशालयों की श्रेणी में प्रशासन निदेशालय ने पहला स्थान हासिल किया। कार्मिक निदेशालय दूसरे और चिकित्सा निदेशालय तीसरे स्थान पर रहा।
29 कार्मिकों को नगद पुरस्कार और प्रमाण-पत्र
समारोह के दौरान हिंदी पखवाड़े के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 29 कार्मिकों को भी सम्मानित किया गया। महानिदेशक ने विजेताओं को नगद पुरस्कार, प्रशस्ति-पत्र और प्रमाण-पत्र प्रदान किए।
'हिंदी का इस्तेमाल संवैधानिक जिम्मेदारी भी'
समारोह को संबोधित करते हुए BSF महानिदेशक प्रवीण कुमार ने कहा कि राजभाषा हिंदी देश की एकता की पहचान है। उन्होंने सरकारी कामकाज में हिंदी के अधिकाधिक इस्तेमाल पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि हिंदी का प्रयोग केवल राजभाषा के सम्मान से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि यह संवैधानिक जिम्मेदारी भी है। जब सभी अधिकारी और कर्मचारी मिलकर हिंदी का अधिक इस्तेमाल करेंगे, तभी यह सरकारी कार्यप्रणाली का अभिन्न हिस्सा बनेगी। महानिदेशक ने हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की सराहना करते हुए सभी विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने BSF के अधिकारियों और कार्मिकों को अपने दैनिक सरकारी कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रोत्साहित किया।


Click it and Unblock the Notifications
