तोमर डिग्री केस में पुलिस ने अपना काम किया, कई और नाम आएंगे सामने : किरण बेदी
बीएससी की फर्जी डिग्री मामले में गिरफ्तार किए गए अरविंद केजरीवाल सरकार के कानून मंत्री जितेंद्र सिंह तोमर को दिल्ली पुलिस कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच फरक्खा एक्सप्रेस ट्रेन से दोपहर 12.05 बजे फैजाबाद लेकर पहुंची। रेलवे स्टेशन से तोमर को सीधे डॉक्टर राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में ले जाया गया। यहां दिल्ली पुलिस के अधिकारियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ तोमर को विश्वविद्यालय के गोपनीय विभाग में सीधे ले जाया गया है।
सूत्रों के अनुसार तोमर की बीएसएल व एलएलबी की डिग्री की जांच शुरू हो गई है। बताया गया कि वर्ष 1988 व उसके एक वर्ष आगे पीछे की डिग्री की और प्रवेश संबंधी अन्य अभिलेखों के सत्यापन का कार्य शुरू हो गया। दिल्ली पुलिस ने विश्वविद्यालय के साथ साकेत महाविद्यालय में भी डिग्री मामले की छानबीन की थी।