Varanasi: काशी विश्वनाथ मंदिर के पास दो मकान ढहे, पुलिसकर्मी समेत 9 लोग दबे, एक महिला की मौत, PM ने ली जानकारी
Varanasi News: वाराणसी में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के समीप में स्थित दो पुराने मकान मंगलवार भोर में करीब 2 बजे ढह गए। मकान ढहने के चलते एक सिपाही समेत कुल 9 लोग मलबे में दब गए। वहीं हादसे में एक महिला की मौत हो गई है।
जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची उसके बाद एनडीआरएफ के जवानों को बुलाया गया। एनडीआरएफ के जवानों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। जिसके चलते मकान के मलबे में दबे 7 लोगों को बाहर निकाल लिया गया है।
घटना के बारे में जानकारी देते हुए वाराणसी मंडल के कमिश्नर कौशल राज शर्मा ने कहा, "यहां दो मकान ढह गए, जिसमें 9 लोग फंस गए। इनमें से 2 लोग खुद ही बाहर निकल आए और 7 लोगों को बचा लिया गया। एक महिला की मौत हो गई है और बाकी का इलाज चल रहा है।

मकान ढहने के बाद काफी देर तक वहां अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। हालांकि अधिकारियों और बचाव टीम के पहुंचने के बाद गली में आवागमन बंद कर दिया गया था। इसके अलावा मैदागिन और गोदौलिया से काशी विश्वनाथ मंदिर जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया गया था।
Recommended Video
काफी पुराने बताई जा रहे मकान
बताया जा रहा है कि श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के समीप खोवा गली में राजेश और मनीष गुप्ता नामक दो चचेरे भाइयों के काफी पुराने मकान हैं। मकान करीब 70 से 80 साल पुराने बताए जा रहे हैं। दोनों मकानों में एक मकान चार मंजिला जबकि दूसरा मकान तीन मंजिला था।
सोमवार की रात में मकान से सटे गली से लोगों का आवागमन हो रहा था। इस दौरान वहां पिकेट पर सुरक्षा में तैनात महिला पुलिसकर्मी भी मौजूद थी। बताया जा रहा है कि मंगलवार भोर में करीब 2 बजे मकान अचानक धराशायी हो गया। मकान ढहने के बाद वहां पिकेट पर मौजूद पुलिसकर्मी समेत 9 लोग दब गए।
संकरी गली होने के कारण लग रहा है समय
बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ है वहां पर गली संकरी है। यही कारण है कि घटनास्थल पर तत्काल मदद की व्यवस्था नहीं हो पाई। इसके अलावे एनडीआरएफ के जवान भी मैनुअल तरीके से हाथों से ही मलबा हटा रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पर कई थानों की पुलिस पहुंच गई। इसके अलावा जिले के आला अधिकारी भी पहुंचे हैं। मकान कैसे गिरे इसके बारे में अभी तक स्पष्ट जानकारी नहीं हो पाई है। अधिकारियों का कहना है कि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हो जाने के बाद घटना की जांच कराई जाएगी।
पीएम ने मंडलायुक्त से की बात
जिला प्रशासन द्वारा जारी सूचना में बताया गया की घटना की जानकारी होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह में वाराणसी के मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा को फोन करके घटना की जानकारी ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस हादसे में करने वाली महिला के प्रति संवेदना प्रकट की गई तथा घायल लोगों के इलाज की समुचित व्यवस्था कराने का निर्देश भी दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications