Success Story: किसी के पिता पेंटर तो कोई किसान, जानिए वाराणसी की टॉप 10 की लिस्ट में शामिल बेटियों के बारे में
यूपी बोर्ड का रिजल्ट जारी हो जाने के बाद दसवीं की परीक्षा में वाराणसी जिले में टॉप टेन की सूची में कई बेटियां शामिल हुईं। सभी गरीब परिवार से हैं और सबका लक्ष्य देश सेवा करना है।

UP Board Result 2023: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा मंगलवार को दसवीं और बारहवीं का रिजल्ट जारी कर दिया गया। इस दौरान वाराणसी जिले में दसवीं की परीक्षा में वाराणसी में कई बेटियां टॉप टेन लिस्ट में शामिल रहीं।
ये ऐसी बेटियां हैं जिनके परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं है, लेकिन इन बेटियों ने परेशानियों को मात देकर जिले में अपने परिवार का नाम रोशन किया है। ऐसे में आइए जानते हैं वाराणसी जिले की 10वीं कक्षा की होनहार बेटियों के बारे में।
वाराणसी जिले के हरहुआ ब्लाक के आयर गांव की रहने वाली अर्चना ने 10 वीं की परीक्षा में वाराणसी जिले में दूसरी और यूपी में पांचवीं रैंक हासिल की हैं। अर्चना यादव आयर में स्थित शांति शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज की छात्रा हैं। अर्चना के पिता कृपाशंकर हलवाई का काम करते हैं। बेटी की सफलता से पिता कृपाशंकर एवं माता माधुरी देवी काफी प्रसन्न हैं।
वाराणसी जिले के पिंडरा ब्लाक के कठिराव स्थित सरयू प्रसाद इंटर कालेज की छात्रा अंकिता देवी ने दसवीं की परीक्षा में वाराणसी जिले में तीसरा स्थान हासिल किया है। फत्तूपुर निवासी मंगला पटेल के दो बेटों और एक बेटी में सबसे बड़ी अंकिता के पिता मजदूरी करते हैं। अंमिता ने बताया कि वे इंजीनियर बनकर देश की सेवा करना चाहती हैं।
वाराणसी जिले में दसवीं में पांचवी रैंक हासिल करने वाली सुहानी देववाणी इंटर कॉलेज छितौनी की छात्रा हैं। सुहानी ने बताया कि उनके परिवार द्वारा उनका काफी सहयोग किया जाता है। काफी गरीब परिवार की रहने वाली सुहानी आगे चलकर डॉक्टर बनकर देश की सेवा करना चाहती हैं।
वाराणसी जिले में छठा स्थान प्राप्त करने वाली मोना पटेल काजीसराय की रहने वाली हैं। मोना पटेल वार में स्थित वीएसवी इंटरमीडिएट कॉलेज की छात्रा हैं। मोना के पिता रमाशंकर पटेल पेंटिंग का काम करते हैं। तीन बहनों में दूसरे नंबर की बहन मोना ने बताया कि अपनी सफलता का श्रेय अपने माता पिता और गुरुजनों को देना चाहती हैं। मोना ने कहा कि आगे पढ़ाई कर के वो इंजीनियर बनना चाहती हैं।
हरिहरपुर रोहनिया की रहने वाली खुशी पटेल का वाराणसी जिले में सातवां स्थान है। खुशी पटेल के परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं है, यही कारण है कि खुशी पटेल बीरभानपुर स्थित अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई करती हैं। मनियारीपुर स्थित शिवम इंटरमीडिएट कॉलेज की छात्रा खुशी के पिता मटरु पटेल पावरलूम चलाते हैं। मोना ने बताया कि वे पढ़ाई करके वे आईएएस अधिकारी बनकर देश की सेवा करना चाहती हैं।
मेहदीगंज मिर्जामुराद स्थित शिवचरन स्मारक इंटरमीडिएट कॉलेज की छात्रा स्मृति पटेल ने वाराणसी जिले में नौवां स्थान हासिल किया है। स्मृति पटेल के पिता खेती किसानी करते हैं और खेती किसानी पर ही पूरा परिवार निर्भर है। स्मृति पटेल का कहना है कि मैं आगे मेहनत से पढ़ कर इंजीनियर बन की देश की सेवा करना चाहती हूं।
वाराणसी जिले के मनियारीपुर स्थित शिवम इंटरमीडिएट कॉलेज की छात्रा अमीषा पटेल का भी वाराणसी जिले में नौवां स्थान है। अमीषा ने बताया कि वे प्रतिदिन 5 से 6 घंटे तक पढ़ाई करती थीं। अमीषा ने यह भी कहा कि मेहनत करके किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। अमीषा भी आगे पढ़ाई कर के इंजीनियर बनना चाहती हैं।












Click it and Unblock the Notifications